लंदन। इंग्लैंड और डरहम के क्रिकेटर बेन स्टोक्स को नोरथलरटन मैजिस्ट्रेट कोर्ट की ओर से चेतावनी दी गई है। उनसे कहा गया है कि अगर वे अगले छह महीनों तक ड्राइविंग करते पाए जाते हैं, तो उन्हें जेल की सजा काटनी पड़ सकती है। बेन पिछले दो वर्षों में चार बार तेज गाड़ी चलाते हुए पकड़े जा चुके हैं।
खबरों के अनुसार, बेन स्टोक्स ने कोर्ट के सामने अपनी गलती स्वीकारी है। उन्होंने आगे ऐसी गलती न करने की बात कही। स्टोक्स ने गलती मानते हुए कहा है कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच के अगले दिन यानी कि 20 सितंबर को उन्होंने काफी तेज गति से कार चलाई थी। उन्होंने माना कि बार्टन और स्कॉच कॉर्नर के बीच के रास्ते पर 50 एमपीएच (मील प्रति घंटा) गति से चलने वाले क्षेत्र में 75 एमपीएच कि गति से गाड़ी चलाई थी।
इसके अलावा बेन ने 26 अगस्त की दोपहर को ए1 नॉर्थबाउंड में 61 एमपीएच की गति से कार चलाई थी। इस केस में पुलिस गाड़ी चलाने वाले की पहचान नहीं कर पाई थी, जिसके बाद कोई जुर्माना भी नहीं लगाया जा सका था। कोर्ट के फैसले के बाद बेन स्टोक्स के सलाहकार लौरा नेश का कहना था कि बेन इस साल के अंत तक गाड़ी नहीं चला सकेंगे। उन्हें छह महीनें तक कार चलाने की इजाजत नहीं दी गई है।
उन्होंने बताया कि बेन को अपने साथी खिलाड़ियों के सामने यह फैसला बताने में शर्म महसूस हो रही है। वह जानते हैं कि गलत किया है उन्होंने और इससे अच्छा संदेश नहीं जाएगा। कोर्ट ने बेन पर 830 यूरो का फाइन भी लगाया है।
बता दें कि बेन स्टोक्स अभी ब्रेक पर हैं। वे श्रीलंका के खिलाफ वन-डे सीरीज से पहले इंग्लैंड टीम से दूर रहकर समय बिता रहे हैं। इसके अलावा वे चोट से उबरने की भी पूरी कोशिश में लगे हुए हैं। मालूम हो कि उन्हें श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट के दौरान घुटने में चोट लग गई थी। कोर्ट में फैसले वाले दिन बेन नीला सूट पहनकर अपनी मंगेतर के साथ पहुंचे थे। उनकी मंगेतर का नाम क्लेयर रेट्क्लिफ है।