क्रिकेट डेस्क। तीन मैचों की टी-20 सीरीज को भारत ने अपने नाम कर लिया है। जिम्बाब्वे ने पहला मैच जीता लेकिन दूसरे मैच में उसने आत्मसमर्पण कर दिया। हालांकि तीसरा और अंतिम मैच बहुत ही रोमांचक हुआ और भारत ने इसे तीन रन से जीतने में सफलता हासिल की। तीसरे मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी की और 20 ओवर में मात्र 138 रन बना सकी। जिम्बाब्वे जीत के काफी करीब पहुंचा लेकिन सफल नहीं हो सका। अंतिम ओवर में उसे 21 रन की आवश्यकता थी। पहली गेंद पर छक्का लगा। दूसरी गेंद बाइड हो गई। तीसरी फुलटॉस गेंद को कवर बाउंड्री की तरफ खेला गया और चौका मिला। इसके बाद चौथी गेंद पर एक रन लिया गया। पांचवी गेंद पर थर्ड मैन पर एक बाउंड्री गई। लेकिन अंतिम गेंद फेकी गई और मैच भारत के पक्ष में आ गया। इसके साथ ही भारत टी-20 में अपमानजनक श्रृंखला हारने से बच गया।
कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने इस जीत का श्रेय युवाओं को दिया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और मौके मिलने की आवश्यकता है। लेकिन इस मैच के दौरान जब वह बल्लेबाजी कर रहे थे उनकी दाहनी आंख में चोट लग गई थी। यह बहुत ही घातक स्थिति थी क्योंकि कई क्रिकेटरों को चोट के कारण अपने क्रिकेट करियर का अंत तक करना पड़ा है। इसका एक उदाहरण साबा करीम और दूसरा अनिल कुंबले हैं जिनका करियर खत्म हो गया। इस श्रेणी में दक्षिण अफ्रीका के क्रिकेटर मार्क बाउचर भी शामिल हैं। हालांकि धोनी की चोट इन लोगों जितनी गंभीर नहीं हैं।
उन्होंने फेसबुक पर एक इमेज डाली है जिसमें उनकी दाहिनी आंख में चोट नजर आ रही है। उनकी आंख पूरी तरह से लाल है। धोनी अगली सीरीज अक्टूबर में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलेंगे। इसलिए उनके पास इससे उभरने के लिए पर्याप्त समय है।