खेलो इंडिया स्कूल गेम्स (हॉकी) : हरियाणा ने जीता स्वर्ण पदक 1

नई दिल्ली, 8 फरवरी; खेलो इंडिया स्कूल गेम्स के पहले संस्करण में लड़कियों की हॉकी प्रतियोगिता में यहां मेजर ध्यानचंद नेशनल हॉकी स्टेडियम में हरियाणा ने झारखंड को 2-1 से हराकर स्वर्ण पदक पर कब्जा किया। मैच के शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच जोरदार टक्कर देखने को मिली और दोनों ही टीमों ने गोल करने के कई मौके गंवाए। पहले हाफ के 32वें मिनट में सुभानी बेंग्रा ने झारखंड के लिए पहला गोल किया।

दूसरा हाफ शुरू होने के आठ मिनट बाद कप्तान शर्मिला ने पेनाल्टी कॉर्नर से गोल कर स्कोर 1-1 कर दिया। पहले गोल से उत्साहित हरियाणा के फॉरवर्ड खिलाड़ियों ने आक्रमण तेज कर दिया और अनु ने गोल कर हरियाणा को 2-1 से जीत दिला दी।

Advertisment
Advertisment

जीत के बाद हरियाणा की कोच नितिन सबरवाल ने कहा कि उनके खिलाड़ियों ने अच्छा खेल दिखाया। हमें बड़े अंतर से जीत दर्ज करनी चाहिए थी। हम झारखंड को पहले हरा चुके हैं और हमें उनकी रणनीति की जानकारी हैं। हमने उसी के दौरान अपनी रणनीति बनाई और वह काम कर गई।

एक अन्य मैच में पंजाब ने चंडीगढ़ को 5-4 से हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया। पंजाब के लिए सिमरनजीत ने तीन और बलजीत कौर एवं मिताली ने 1-1 गोल किया।