इंडियन प्रीमियर लीग के 14वें सीजन के लिए दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने अपने कप्तान के रूप में ऋषभ पंत को चुना। अपने रेगुलर कप्तान श्रेयस अय्यर की चोट के कारण खोने के बाद युवा प्रतिभाशाली विकेटकीपर ऋषभ पंत पर कप्तान के रूप में भरोसा जताया। ऋषभ पंत के लिए कप्तानी का पहला अनुभव था।
ऋषभ पंत ने दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी में किया प्रभावित
दिल्ली कैपिटल्स ने ऋषभ पंत पर कप्तान के रूप में जो भरोसा दिखाया था, उसे उन्होंने कोरोना के कारण आईपीएल को रद्द करने तक तो पूरी तरह से सही साबित किया और दिल्ली कैपिटल्स को सफलता दिलाने में कोई कमी नहीं रखी।
ऋषभ पंत ने दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी करते हुए ना केवल अपनी टीम को जीत दर जीत दिलायी तो साथ ही अपने खिलाड़ियों को भी खूब प्रेरित करते देखे गए। पंत वैसे काफी आक्रमक बल्लेबाज हैं। लेकिन कप्तानी में उन्होंने काफी शांति से अपना काम किया।
पंत की कप्तानी पर आवेश खान का बयान, करते हैं प्रेरित
ऋषभ पंत की कप्तानी की कई लोगों ने तारीफ की जिसमें अब उनकी टीम के एक खिलाड़ी तेज गेंदबाज आवेश खान का नाम भी जुड़ गया है। जिन्होंने ऋषभ पंत की कप्तानी पर बड़ी बात कही। आवेश खान ने पंत को एक प्रेरित करने वाला कप्तान करार दिया।
आवेश खान ने क्रिकेट नेक्स्ट पर दिए एक इंटरव्यू में कहा कि ऋषभ पंत और मैं अच्छे दोस्त हैं। हम दोनों फील्ड के बाहर भी काफी समय बिताते हैं और कई चीजों पर बात करते हैं। उन्होंने अच्छे कप्तान की खूबी दिखाई। जो परिणाम सामने आया वो इसका सबूत है। वो गेंदबाजों को अच्छे से रोटेट करना जानते हैं। वो टीम मीटिंग में टीम को प्रेरित करते हैं। वो टीम को हमेशा सबसे ऊपर रखने की बात करते हैं। उनकी बल्लेबाजी भी शानदार है।
गेंदबाजी के दौरान इशारों से ही कर देते हैं बात
आवेश खान ने आगे कहा कि ” जैसे ही मैं अपना रन-अप शुरू करता था तो मैं पंत को ओर देखता था। उस समय बल्लेबाज केवल मुझे देख रहा होता था। तो जब पंत को यॉर्कर की जरूरत होती थी तब पंत उसके लिए हमारे पास एक साइन होता था। अगर उनको मुझसे ऑफ स्टंप के बाहर गेंदबाजी करवानी होती थी तो उसके लिए एक अलग साइन होता था।”
आवेश खान का साफ कहना है कि पंत गेंदबाजी के दौरान विकेट के पीछे से इशारों से ही समझा देते थे कि उन्हें किस बल्लेबाज के खिलाफ किस तरह की गेंदबाजी चाहिए।