अर्जुन तेंदुलकर

आईपीएल 2020 की तैयारियां जोरों-शोरों से चल रही हैं। रोहित शर्मा की कप्तानी वाली फ्रेंचाइजी मुंबई इंडियंस अपने 5वीं ट्रॉफी जीतने की तैयारी कर रही है। इस बीच मुंबई इंडियंस के खिलाड़ियों के साथ यूएई में सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर नजर आए। इस फोटो के सामने आने के बाद फैंस ने कयास लगाने शुरु कर दिए कि अर्जुन भी मुंबई की टीम में शामिल हो गए हैं।

अर्जुन को यूएई में देख हैरान रह गए फैंस

मुंबई इंडियंस

Advertisment
Advertisment

आईपीएल इतिहास की सबसे सफल फ्रेंचाइजी मुंबई इंडियंस पिछले महीने यूएई पहुंची थी। अपनी क्वारेंटीन अवधि पूरी कर टीम के खिलाड़ी मैदान पर प्रैक्टिस करते नजर आ रहे हैं। लगातार प्रैक्टिस के बाद रविवार को खिलाड़ियों का रेस्ट डे था। इस दौरान खिलाड़ियों ने पूल में खूब मस्ती की।

लेकिन इस बीच एक फोटो वायरल हुई, जिसमें मास्टर-ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर नजर आए। अर्जुन को इस तस्वीर में देखकर फैंस हैरान रह गए, क्योंकि फैंस को लगा कि ये युवा खिलाड़ी मुंबई की टीम में शामिल हो गया है।

नेट बॉलर के रूप में मुंबई का हिस्सा बने अर्जुन तेंदुलकर

मुंबई इंडियंस की टीम के खिलाड़ियों के साथ अर्जुन तेंदुलकर को फोटो में देखकर सोशल मीडिया पर फैंस ने अटकले लगाने शुरु कर दिए। उन्हें लगा कि अपने पिता की तरह अर्जुन भी फ्रेंचाइजी के साथ जुड़ गए हैं। मगर ये संभव नहीं है। क्योंकि नियमानुसार कोई भी खिलाड़ी तब तक किसी टीम के साथ नहीं जुड़ सकता, जब तक पहले से मौजूद किसी खिलाड़ी ने अपना नाम वापस ना लिया हो।

अर्जुन टीम के साथ बतौर नेट बॉलर जुड़े हैं। असल में, हर टीम नेट बॉलिंग के लिए अतिरिक्त गेंदबाजों को अपने साथ यूएई लेकर गई है। यह वह खिलाड़ी हैं जो ऑक्शन में टीम के साथ नहीं जुड़े हैं। मुंबई ने इसके लिए अर्जुन तेंदुलकर को चुना है।

Advertisment
Advertisment

तेज गेंदबाज हैं अर्जुन तेंदुलकर

अर्जुन तेंदुलकर

दिग्गज खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर मुंबई इंडियंस से पहले भारतीय क्रिकेट टीम में भी नेट गेंदबाज की भूमिका निभा चुके हैं। उन्होंने इंग्लैंड दौरे पर भारतीय खिलाड़ियों को नेट पर प्रैक्टिस कराई थी। वह साल 2017 में हुए महिला वर्ल्ड कप के फाइनल से पहले भी टीम के लिए नेट बॉलिंग करते नजर आए थे।

बताते चलें, अर्जुन तेंदुलकर तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर खिलाड़ी हैं। वह बाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं। अब तक अर्जुन को टीम इंडिया में खेलने का मौका नहीं मिल सका है और वह आईपीएल में भी किसी टीम के साथ कॉन्ट्रैक्ट में नहीं हैं।