टीम इंडिया के मौजूदा कप्तान विराट कोहली ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करके जानकारी दी है कि वह टी 20 विश्व कप के बाद भारतीय टी20 टीम की कप्तानी छोड़ देंगे। विराट कोहली ने टी20 प्रारूप में कप्तानी छोड़ने का फैसला वर्कलोड की वजह से लिया है। विराट कोहली के इस फैसले के बाद माना जा रहा है कि रोहित शर्मा भारत की टी20 टीम के अगले कप्तान हो सकते हैं। बता दें कि रोहित शर्मा के तमाम क्रिकेट फैंस उनको टीम इंडिया का कप्तान बनाए जाने की मांग कर रहे हैं। विराट के कप्तानी छोड़ने के बाद रोहित शर्मा के फैंस में खुशी की लहर है।
रोहित का गज़ब रिकॉर्ड
विराट कोहली के बाद रोहित शर्मा टी20 टीम के प्रबल दावेदार दिख रहे हैं। रोहित शर्मा का रिकॉर्ड इस फॉरमैट में शानदार है और उन्होंने कई बार विराट कोहली की गैरमौजूदगी में टीम इंडिया के लिए कप्तानी की है और मैच जिताएं हैं। रोहित शर्मा के नेतृत्व में टीम इंडिया ने 2018 में एशिया कप जीता था। इसके अलावा उन्होंने आईपीएल में भी अपनी कप्तानी का लोहा मनवाया है।
रोहित शर्मा ने अब तक 19 मैचों में भारत के लिए टी20 में कप्तानी की है जिसमें से 15 मैचों में टीम को जीत मिली है और 4 में हार। रोहित शर्मा आईपीएल के सबसे सफल कप्तान हैं। उनकी कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने अब तक पांच बार खिताब जीता है।
रोहित शर्मा का टी20 अंतर्राष्ट्रीय में बल्लेबाजी औसत 32.54 है लेकिन बतौर कप्तान औसत 41.88 है। रोहित ने बतौर कप्तान टी20 में दो शतक लगाए हैं। उनके नाम कुल 4 शतक दर्ज हैं।
फैंस में दौड़ी खुशी की लहर
विराट कोहली के कप्तानी छोड़ने के फैसले के बाद दुनियाभर में रोहित शर्मा के फैंस काफी खुश है। लोग सोशल मीडिया पर तरह-तरह के मीम्स शेयर कर मजे ले रहे हैं। आईए एक नजर डालते हैं उन मीम्स पर जो रोहित शर्मा के फैंस ने सोशल मीडिया पर शेयर किए हैं।