IPL : आईपीएल 2022 (IPL 2022) के शुरू हुए, एक महीने से ज्यादा का समय हो चुका है। इस दौरान हमें वो देखने को मिला जो आज से पहले कभी नहीं हुआ। मजबूत टीमें इस सीजन में फ्लॉप प्रदर्शन कर रहीं हैं जबकि जिन खिलाड़ियों के बल्ले से पिछले कुछ सीजन से रन नहीं निकल रहे थे, वो ताबड़तोड़ रनों की बरसात कर रहे हैं। इस साल सबसे ज्यादा रन अब तक राजस्थान रॉयल्स के सलामी बल्लेबाज जोस बटलर ने बनाए हैं।
वहीं, इस साल बैंगलोर के पूर्व कप्तान विराट कोहली का प्रदर्शन फीका ही देखने को मिला है। वो इस सीजन में कुल दो बार गोल्डन डक का शिकार हो चुके हैं। वहीं कल चेन्नई के खिलाफ वो 33 गेंद में 30 रन बनाकर मोईन अली की गेंद पर बोल्ड हो गए थे। ऐसे में आज हम आपको उन चार खिलाड़ियों के बारे में बताएंगे जो आईपीएल (IPL) में सबसे ज्यादा बार बोल्ड होने का रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं।
विराट कोहली
इस लिस्ट में पहला नाम बैंगलोर के पूर्व कप्तान विराट कोहली का है जो आईपीएल के इतिहास में सबसे ज्यादा बार यानि 36 बार बोल्ड आउट हो चुके हैं। इस मामले में कोहली टॉप पर हैं। उन्होंने आईपीएल (IPL) में अभी तक 218 मैच खेले है और 129.26 के स्ट्राइक रेट की मदद से 6499 रन बनाये है। इस दौरान उनके बल्ले से 5 शतक और 43 अर्धशतक निकले हैं। बता दें कि कोहली का बल्ला आईपीएल 2022 (IPL 2022) में खामोश पड़ा हुआ है।
शिखर धवन
इस लिस्ट में दूसरा नाम शिखर धवन का है जो आईपीएल 2022 (IPL 2022) में पंजाब किंग्स की तरफ से दमदार प्रदर्शन कर रहे हैं। धवन आईपीएल में कुल 35 बार बोल्ड आउट हुए हैं। धवन ने आईपीएल (IPL) में अब तक कुल 202 मैच खेले हैं और 126.51 के स्ट्राइक रेट की मदद से 6152 रन बनाये है। इस दौरान उनके बल्ले से 2 शतक और 47 अर्धशतक भी निकले हैं।
शेन वॉटसन
इस लिस्ट में तीसरा नाम पूर्व ऑस्ट्रलियाई ऑलराउंडर और आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और चेन्नई सुपर किंग्स की तरफ से खेल चुके शेन वॉटसन का जो आईपीएल में कुल 35 बार बोल्ड हुए हैं। वॉटसन ने आईपीएल (IPL) में कुल 145 मैच खेले है और 137.91 के स्ट्राइक रेट के साथ 3874 रन बनाये है। इस दौरान उनके बल्ले से 4 शतक और 21 अर्धशतक भी निकले हैं। वहीं, गेंदबाजी करते हुए उन्होंने कुल 92 विकेट हासिल किये हैं।
मनीष पांडे
आईपीएल 2022 (IPL 2022) में मनीष पांडे लखनऊ सुपर जायंट्स टीम का हिस्सा है। आईपीएल (IPL) के इतिहास में सबसे ज्यादा बार बोल्ड होने के मामले में वो चौथे स्थान पर हैं। मनीष पांडे अभी तक 29 बार बोल्ड आउट हो चुके हैं। वहीं, आईपीएल में उन्होंने अब तक कुल 160 मैच खेले हैं और 121.52 के स्ट्राइक रेट की मदद से 3648 रन बनाये है। इस दौरान उन्होंने 1 शतक और 21 अर्धशतक भी लगाया है।