ISL-5: Jamshedpur beat Mumbai 2-0 in first match of the season

मुम्बई, 2 अक्टूबर: जमशेदपुर एफसी ने मंगलवार को इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के सीजन-5 के अपने पहले मैच में मुंबई सिटी एफसी को 2-0 से हरा दिया। मुंबई फुटबाल एरेना में खेले गए इस मैच में जमशेदपुर के लिए मारियो अक्र्वेस ब्लास्को और पाब्लो मार्गाडो ने गोल किए। पहला गोल पहले हाफ में और दूसरा गोल अंतिम सेकेंड में हुआ। यह आईएसएल में मुम्बई पर जमशेदपुर की लगातार दूसरी जीत है। बीते सीजन में मुम्बई में खेलते हुए जमशेदपुर ने मेजबान टीम को 2-0 से हराया था।

मुंबई ने हालांकि अपने घर में खेले गए इस मैच में दूसरे हाफ में दो बार बराबरी कर ली थी लेकिन दोनों बार उसके गोल ऑफ साइड करार दे दिए गए।

Advertisment
Advertisment

इस जीत के साथ ही जमशेदपुर ने मुंबई के ऊपर अपने अजेय अभियान को जारी रखा है। जमशेदपुर एफसी ने बीते साल पहली बार इस लीग में हिस्सा लिया था और मुम्बई से दो बार भिड़ी थी। पहले मैच में उसने अपने घर में मुम्बई को 2-2 की बराबरी पर रोका था और फिर मुम्बई को उसी के घर में 2-1 से हराया था।

इस सीजन में हालांकि दोनों टीमों में काफी बदलाव हुए हैं और ऐसे में उम्मीद थी कि मुम्बई अपने घरे में जीत के सिलसिले के साथ शुरुआत करेगी, हालांकि हुआ इससे उलट।

शुरुआती 15 मिनट में दोनों टीमों की ओर से कुछ छोटे-छोटे हमले हुए। किसी में कुछ खास दम नहीं था। 22वें मिनट में मुम्बई को पहला कार्नर मिला, जिस पर लाउसो माचादो ने किक लिया। गेंद लूसियान गोइयान के पास गई। गोइयान ने ऊंचाई तक उठते हुए गेंद को गोलपोस्ट में डालने की कोशिश की लेकिन वह वाइड चली गई।

ऐसा लग रहा था कि पहला गोल होने में अभी वक्त लगेगा लेकिन तभी ब्लास्को ने काल्वो सोवराडो द्वारा बाएं फ्लैंक से बॉक्स के अंदर मिले एक शानदार पास पर हेडर के जरिए गोल करते हुए नजारा ही बदल दिया।

Advertisment
Advertisment

इसके बाद मुम्बई ने अपने हमले तेज किए लेकिन उसे सफलता नहीं मिली। 33वें मिनट तथा 39वें मिनट में उसकी ओर से जोरदार हमले हुए लेकिन वे नाकाम रहे। 46वें मिनट में जमशेदपुर ने जवाबी हमला किया लेकिन मुम्बई ने उसे टाल दिया।

जमशेदपुर के लिए गोल करने वाले ब्लास्को को दूसरे हाफ में 49वें मिनट में येलो कार्ड मिला। इससे पहले जमशेदपुर के गोलकीपर चौधरी ने गोल लाइन से टिरी के प्रयास को विफल कर मुंबई को स्कोर बराबर करने से रोक दिया।

52वें मिनट में जमशेदपुर ने गेंद गंवाई और संजू की मंशा को एक बार फिर चौधरी ने विफल कर दिया। इसके बाद दोनों टीमों ने गोल करने के मौके बनाने जारी रखे।

71वें मिनट में मुंबई के पास इस मैच का शायद गोल करने का सबसे अच्छा मौका आया। लुसियान ने जमशेदपुर के डिफेंस के ऊपर से एक गेंद मोडोउ सोगोउ को दी। सोगोउ ने गेंद अपने कब्जे में ली और प्रांजल भुमजी को दी जिन्होंने मौका पाते ही उसे गोल पोस्ट पर खेला लेकिन उसके बीच में युमनाम राजू ने शानदार ब्लॉक से मुंबई को गोल करने रोक दिया।

मेजबान टीम की किस्मत उसके साथ नहीं थी। पांच मिनट बाद मुंबई ने गोल कर दिया था जो ऑफ साइड करार दे दिया गया। मोहम्मद रफीक ने गेंद को नेट में डाल दिया लेकिन रेफरी ने सही समय पर झंडा उठा मुंबई को जश्न नहीं मनाने दिया।

84वें मिनट में एक बार फिर मुंबई ने गोल कर दिया लेकिन उसकी किस्तम खराब निकली क्योंकि गोल करने वाले सोगोउ को ऑफ साइड करार दे दिया गया। ऐसा लगा कि मैच 1-0 के स्कोर पर ही समाप्त होगा लेकिन मोर्गाडो ने सर्गियो फर्नादेज की मदद से 95वें मिनट में गोल करते हुए अपनी टीम को 2-0 से आगे कर दिया।