यूरो 2016 : रोनाल्डो ने पुर्तगाल को प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंचाया 1

लियोन (फ्रांस), 23 जून (आईएएनएस)| कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो के दो गोल की मदद से पुर्तगाल ने यूरो फुटबाल चैम्पियशिप के ग्रुप-एफ में बुधवार को हंगरी के साथ मैच 3-3 से ड्रॉ करा अंतिम 16 में जगह बना ली है। आइसलैंड और आस्ट्रिया के खिलाफ हुए मैच के बाद आलोचकों के निशाने पर आए रोनाल्डो ने हंगरी के खिलाफ 50वें और 62वें मिनट में दो गोल कर पहले ऐसे खिलाड़ी बन गए हैं जिन्होंने चार यूरोपीयन चैम्पियनशिप में गोल किए हैं।

यह पुर्तगाल का लगातार तीसरा ड्रॉ है। रोनाल्डो ने उस वक्त टीम के लिए गोल किए जब वह एक गोल के अंतर से पीछे चल रही थी।

Advertisment
Advertisment

मैच का पहला गोल हंगरी की तरफ से हुआ। जोल्टन गिरा ने मैच के 19वें मिनट में गोल कर हंगरी को एक गोल से आगे कर दिया।

एक गोल से पीछे चल रही पुर्तगाल को नानी ने 42वें मिनट में वापसी कराई। रोनाल्डो ने नानी के पास गेंद फेंकी जिसे उन्होंने अपने बाएं पैर से गोलपोस्ट के कोने में डाल स्कोर बराबर किया।

दूसरे हाफ में हंगरी के बालाजस डीसुजसाक ने 47वें मिनट में गोल कर हंगरी को आगे कर दिया।

एक गोल से पीछे चल रही पुर्तगाल को रोनाल्डो ने 50वें मिनट में गोल कर टीम को बराबरी पर ला दिया, लेकिन पांच मिनट बाद बालाजस ने एक और गोल कर हंगरी को झूमने का मौका दिया।

Advertisment
Advertisment

कप्तान रोनाल्डो एक बार फिर टीम के लिए संकटमोचक साबित हुए। उन्होंने 62वें मिनट में रिकाडरे क्वारेस्मा के पास पर शानदार हैडर करते हुए गेंद को गोलपोस्ट में डाल एक बार फिर पुर्तगाल को बराबरी करा दी।

इसके बाद उन्हें अपनी हैट्रिक करने के कई मौके मिले, लेकिन वह कामयाब नहीं हो सके और मैच 3-3 से ड्रॉ रहा।

इस मैच के बाद भी हंगरी ग्रुप में शीर्ष पर कायम है। आस्ट्रिया को हराने वाली आइसलैंड की टीम ग्रुप में दूसरे स्थान पर है। वहीं, पुर्तगाल तीसरे और आस्ट्रिया चौथे स्थान पर है।