फॉर नेशन्स हॉकी टूर्नामेंट का आगाज जापान के खिलाफ करेगा भारत 1

टौरंगा (न्यूजीलैंड), 16 जनवरी: भारत की पुरुष हॉकी टीम फॉर नेशन्स इन्विटेशनल हॉकी टूर्नामेंट का आगाज बुधवार को जापान के खिलाफ करेगी। दोनों टीमों के बीच यह मैच ब्लेक पार्क में खेला जाएगा।

हॉकी इंडिया की ओर से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति से मिली जानकारी के अनुसार, टीम के अनुभवी खिलाड़ी रुपिंदर पाल सिंह का कहना है कि इस आयोजन स्थल पर चार दिन अभ्यास के बाद भारतीय खिलाड़ी टूर्नामेंट के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।

Advertisment
Advertisment

इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम का सामना जापान के अलावा, बेल्जियम और न्यूजीलैंड की टीम से होगा।

रुपिंदर ने कहा, “टीम सकारात्मक रूप से टूर्नामेंट के लिए तैयार है। हमने पिच पर अच्छा अभ्यास किया। अब हम नई शुरुआत का इंतजार कर रहे हैं। यह साल का पहला टूर्नामेंट है। इसलिए, अच्छे मैच जीतना बहुत जरूरी है।”

जापान के खिलाफ मुकाबलों में भारतीय टीम का रिकॉर्ड अच्छा है। एशिया कप (पुरुष) में भारत ने जापान के खिलाफ 5-1 से जीत हासिल की थी।

एशियाई टीमों के खिलाफ अविजित रहने की संभावना पर रुपिंदर ने कहा कि इसके लिए, भारतीय खिलाड़ियों को ओलम्पिक की रजत पदक विजेता बेल्जियम के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करना होगा।

Advertisment
Advertisment

भारत और बेल्जियम का सामना 18 जनवरी को होगा। ऐसे में रुपिंदर के अनुसार, भारतीय टीम का नियमित रूप से अच्छा प्रदर्शन करते रहना जरूरी है।

रुपिंदर ने कहा कि अनुभवी खिलाड़ी पी.आर. श्रीजेश के आने से टीम को काफी बढ़ावा मिला है।