Posted inक्रिकेट (Cricket)

25 करोड़ में 24 रन…कैमरन ग्रीन का IPL 2026 में फ्लॉप शो जारी, KKR को लगाया चूना

25 करोड़ में 24 रन...कैमरन ग्रीन का IPL 2026 में फ्लॉप शो जारी, KKR को लगाया चूना

Cameron Green Flop Again: आईपीएल 2026 के लिए जब पिछले साल नवंबर में मिनी ऑक्शन का आयोजन हुआ था, तो लगभग ये बात तय थी कि कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ही ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन को खरीदेगी। इसकी बड़ी वजह आंद्रे रसेल की गैरमौजूदगी और फ्रेंचाइजी के पास सबसे बड़ी पर्स वैल्यू थी।

KKR ने अपने पास अन्य टीमों की तुलना में ज्यादा रकम होने का भरपूर फायदा उठाया और कैमरन ग्रीन को 25.20 करोड़ में खरीदकर नीलामी इतिहास का सबसे महंगा विदेशी खिलाड़ी बना दिया। तब उम्मीद की जा रही थी कि ग्रीन अपने हरफ़नमौका खेल से कोलकता के लिए वही काम करेंगे, जो सालों तक रसेल ने किया था लेकिन अभी तक दाएं हाथ का खिलाड़ी ऐसा कुछ भी नहीं कर पाया है। शुरूआती दो मैचों में फ्लॉप रहने वाले ग्रीन पंजाब किंग्स के खिलाफ भी सस्ते में आउट हो गए।

पंजाब किंग्स के खिलाफ KKR के कैमरन ग्रीन ने बनाया सिंगल डिजिट स्कोर

25 करोड़ में 24 रन...कैमरन ग्रीन का IPL 2026 में फ्लॉप शो जारी, KKR को लगाया चूना

आईपीएल 2026 के लिए KKR के स्क्वाड में शामिल सबसे महंगे खिलाड़ी कैमरन ग्रीन पहले दो मुकाबलों में फ्लॉप रहे थे। उम्मीद थी कि पंजाब किंग्स के खिलाफ कोलकाता के ईडन गार्डन्स में ग्रीन का जादू देखने को मिलेगा लेकिन इस ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ने सभी को निराश कर दिया। दाएं हाथ के खिलाड़ी के बल्ले से सिंगल डिजिट स्कोर आया और उन्हें उनके ही हमवतन गेंदबाज जेवियर बार्टलेट ने अपना शिकार बनाया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लेने वाली KKR को दूसरे ही ओवर में बड़ा झटका लगा और बार्टलेट ने तूफानी ओपनर फिन एलन को अपने जाल में फंसा लिया। एलन ने बाहर जाती गेंद को खेलने की कोशिश की लेकिन सफल नहीं हो पाए और गेंद बल्ले का किनारा लेकर विकेटकीपर प्रभसिमरन सिंह के पास चली गई। इसके बाद, तीसरे नंबर पर कैमरन ग्रीन आए और उन्होंने चौके के साथ शुरुआत की, जो बल्ले का किनारा लगने की वजह से आया।

हालांकि, इसके बाद अगली ही गेंद पर ग्रीन चलते बने और KKR को दूसरा झटका लग गया। बार्टलेट की बाहर की तरफ मूव होती शॉर्ट ऑफ लेंथ गेंद को ग्रीन ने शरीर से दूर खेलने का प्रयास किया लेकिन सिर्फ किनारा लगा और विकेटकीपर प्रभसिमरन ने एक और अच्छा कैच पकड़ा। इस तरह ग्रीन 2 गेंदों में 4 रन ही बना पाए।

अभी तक ऑक्शन कीमत के बराबर भी ग्रीन नहीं बना पाए रन

जैसा कि हमने बताया कि मिनी ऑक्शन में KKR ने कैमरन ग्रीन को 25.20 करोड़ की रिकॉर्ड बोली लगाकर अपने स्क्वाड में शामिल किया था लेकिन यह खिलाड़ी अपने पहले तीन मैचों में इस कीमत के बराबर ही रन नहीं बना पाया है। ग्रीन ने अभी तक सिर्फ 24 रन ही बनाए हैं, जो उनके ऑक्शन में बिकने वाली राशि से भी कम हैं।

IPL 2026 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में KKR के लिए कैमरन ग्रीन ने 10 गेंदों में 18 रन बनाए थे। इसके बाद, सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 2 गेंदों में 2 रन का योगदान दिया। वहीं, आज भी उनकी पारी 2 गेंदों तक ही सीमित रही और बल्ले से 4 रन आए। उनके इस तरह के फ्लॉप प्रदर्शन से कोलकाता नाइट राइडर्स का खेमा काफी चिंतित होगा।

स्पेशलिस्ट बल्लेबाज के रूप में ग्रीन के खेलने पर उठ रहे सवाल

कोलकाता नाइट राइडर्स ने जब कैमरन ग्रीन के लिए इतनी बड़ी रकम खर्च की थी, तो टीम को निश्चित रूप से उम्मीद रही होगी कि ग्रीन शुरआत से ही गेंदबाजी करेंगे लेकिन ऐसा देखने को नहीं मिल रहा है। दाएं हाथ का खिलाड़ी अपनी लोअर बैक की इंजरी को मैनेज कर रहा है और इसी वजह से गेंदबाजी के लिए अभी उपलब्ध नहीं है। इसकी जानकारी KKR के पहले मैच के बाद ही क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने दी थी। उसी समय सवाल उठने शुरू हो गए थे कि सिर्फ बल्लेबाजी के लिए ग्रीन को इतनी बड़ी रकम नहीं दी गई थी।

वहीं, उनके गेंदबाजी न करने से KKR का संतुलन भी खराब हो रहा है। सोशल मीडिया पर यह भी सुझाव आ रहे हैं कि अगर ग्रीन को गेंदबाजी नहीं करनी है तो फिर उनकी जगह टिम साइफर्ट को लाना चाहिए, जो तूफानी ओपनर हैं और फिन एलन के साथ न्यूजीलैंड के लिए टी20 वर्ल्ड कप 2026 में काफी सफल भी रहे थे। अब देखना होगा कि पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में ग्रीन गेंदबाजी करते हैं या नहीं। फिलहाल मुकाबला बारिश के कारण रुका हुआ है। खेल रुकने के समय केकेआर का स्कोर 3.4 ओवर में 25/2 था।

FAQs

IPL 2026 में कैमरन ग्रीन ने अभी तक कितने रन बनाए हैं?
24 रन
KKR ने कैमरन ग्रीन को मिनी ऑक्शन में कितनी धनराशि में खरीदा था?
25.20 करोड़

यह भी पढ़ें: Vaibhav Suryavanshi का सच आया बाहर? VIDEO ने बढ़ाई मुश्किलें, 2020 में ही उम्र हो गई थी 12 साल

Prashant Kumar

प्रशांत कुमार क्रिकेट के लेखक हैं, जो इस क्षेत्र में पांच साल से ज्यादा का अनुभव...

Live Stream Dream 11
error: Content is protected !!