Team India Update Against Zimbabwe : जिम्बाब्वे के खिलाफ सुपर 8 मुकाबले से पहले टीम इंडिया (Team India) के कैंप से कई अहम अपडेट सामने आए हैं। इस मुकाबले को भारत के लिए करो या मरो की तरह देखा जा रहा है, क्योंकि पिछले मैच के नतीजों ने अंक तालिका की तस्वीर बदल दी है।
ऐसे में प्लेइंग इलेवन को लेकर चल रही अटकलों के बीच टीम संयोजन की तस्वीर लगभग साफ होती नजर आ रही है। सूत्रों के मुताबिक कुछ खिलाड़ियों की जगह पक्की मानी जा रही है, जबकि एक स्थान को लेकर आखिरी फैसला मैच से ठीक पहले लिया जाएगा।
अक्षर पटेल की वापसी लगभग तय

टीम मैनेजमेंट ने ऑलराउंड संतुलन को प्राथमिकता देने का संकेत दिया है और इसी वजह से अक्षर पटेल का खेलना लगभग तय माना जा रहा है। चेन्नई जैसी परिस्थितियों में स्पिन गेंदबाजी अहम भूमिका निभाती है और अक्षर अपनी किफायती गेंदबाजी के साथ निचले क्रम में उपयोगी बल्लेबाजी भी कर सकते हैं।
पिछले मुकाबलों में टीम को मिडिल ओवरों में कंट्रोल की कमी खली थी, जिसे अक्षर की मौजूदगी से दूर करने की कोशिश की जाएगी। उनकी फील्डिंग भी टीम के लिए अतिरिक्त मजबूती लेकर आती है।
तिलक वर्मा को मिलेगा लगातार मौका
युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा पर टीम मैनेजमेंट का भरोसा बरकरार है। भले ही वह पिछले मैच में बड़ा स्कोर नहीं बना सके, लेकिन टीम उन्हें लंबी रेस का खिलाड़ी मान रही है।
मिडिल ऑर्डर में स्थिरता लाने और बाएं हाथ के विकल्प को बनाए रखने के लिए तिलक को फिर से मौका दिया जाना लगभग तय है। टीम का मानना है कि बड़े मैच में उनका आत्मविश्वास ही अंतर पैदा कर सकता है। कप्तान और कोचिंग स्टाफ दोनों ही उन्हें बैक कर रहे हैं।
रिंकू सिंह के खेलने की संभावना कम
रिंकू सिंह हाल ही में पिता की खराब तबीयत के चलते निजी कारणों से टीम कैंप छोड़कर घर लौट गए थे। जिसके बाद उनके चयन को लेकर संशय की स्थिति बन गई थी। हालांकि अब वह दोबारा टीम इंडिया के कैंप से जुड़ चुके हैं ।
इसके बावजूद जिम्बाब्वे के खिलाफ मुकाबले में उनका खेलना अभी पूरी तरह तय नहीं माना जा रहा है। टीम मैनेजमेंट संयोजन को संतुलित रखने के लिए अतिरिक्त ऑलराउंड विकल्प पर विचार कर रहा है। ऐसे में उपलब्ध होने के बावजूद रिंकू की अंतिम एकादश में जगह को लेकर अंतिम फैसला टॉस से ठीक पहले लिया जाएगा।
वॉशिंगटन सुंदर और संजू सैमसन के बीच मुकाबला
प्लेइंग इलेवन की आखिरी जगह को लेकर वॉशिंगटन सुंदर और संजू सैमसन के बीच सीधी टक्कर मानी जा रही है। टीम को यह तय करना है कि अतिरिक्त स्पिन विकल्प के साथ जाना है या बल्लेबाजी और विकेटकीपिंग विकल्प को मजबूत करना है।
खबर है कि संजू सैमसन ने अभ्यास सत्र में विकेटकीपिंग ड्रिल्स की हैं, जिससे वह इस दौड़ में थोड़े आगे नजर आ रहे हैं। अगर टीम अतिरिक्त बल्लेबाजी गहराई चाहती है तो संजू को मौका मिल सकता है, जबकि स्पिन ट्रैक को देखते हुए वॉशिंगटन भी मजबूत दावेदार हैं। मैच से ठीक पहले अंतिम फैसला घोषित किया जाएगा, लेकिन फिलहाल संजू का पलड़ा थोड़ा भारी माना जा रहा है।
ये भी पढ़े : रणजी ट्रॉफी फाइनल में हुई भयंकर लड़ाई, जम्मू कश्मीर के खिलाड़ी ने सिर दे मारा, भड़के केएल का रिएक्शन वायरल