6 Teams unlikely to qualify for IPL 2026 Playoffs: आईपीएल का एक और सीजन दस्तक देने को तैयार है। लीग के सफल 18 सीजन के बाद, इस बार 19वां सीजन खेला जाना है, जिसका आगाज 28 मार्च से होना है। लीग में कुल 10 टीमें नजर आएंगी, जिनके बीच खिताबी रेस के लिए जंग देखने को मिलेगी। हालांकि, 14 लीग मैचों के दौरान सभी का प्रयास अगले चरण यानी प्लेऑफ में पहुंचने का होगा। इसके बाद ही ट्रॉफी जीतने की संभावना रहेगी।
जहां कई टीमों को IPL 2026 की शुरुआत से पहले ही प्लेऑफ का दावेदार माना जा रहा है। वहीं, कुछ टीमें ऐसी भी हैं, जो लीग स्टेज से ही बाहर हो सकती हैं। इस लेख में हम उन 6 टीमों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिनकी प्लेऑफ में पहुंचने की दावेदारी कमजोर लग रही है।
IPL 2026 के प्लेऑफ में इन 6 टीमों का पहुंचना मुश्किल

1. लखनऊ सुपर जायंट्स
ऋषभ पंत की कप्तानी वाली लखनऊ सुपर जायंट्स ने IPL 2026 के मिनी ऑक्शन में कुछ नए खिलाड़ियों को खरीदा और ज्यादातर प्रमुख प्लेयर्स को रिटेन किया था। बल्लेबाजी में खुद कप्तान पंत, मिचेल मार्श, एडेन मार्करम, निकोलस पूरन, आयुष बदोनी और अब्दुल समद जैसे धाकड़ खिलाड़ी मौजूद हैं, जो किसी भी गेंदबाजी की बखिया उधेड़ सकते हैं लेकिन गेंदबाजी के मोर्चे पर यह टीम थोड़ी कमजोर नजर आ रही है। इसकी बड़ी वजह कई ऐसे तेज गेंदबाजों की मौजूदगी है, जिनकी फिटनेस पर बड़ा सवाल रहता है। इसमें मोहसिन खान और मयंक यादव का नाम मुख्य रूप से लिया जा सकता है। मोहम्मद शमी भी पिछले सीजन उस लय में नहीं दिखे थे। वहीं, एलएसजी के पास स्पिन विभाग में कोई बड़ा नाम मौजूद नहीं है। इसी वजह से लखनऊ की टीम पहले दौर से बाहर हो सकती है।
2. सनराइजर्स हैदराबाद
आक्रामक ब्रांड की क्रिकेट खेलने के लिए मशहूर सनराइजर्स हैदराबाद भी प्लेऑफ के लिए दावेदार के रूप में मजबूत नजर नहीं आ रही है। इसकी बड़ी वजह कमजोर गेंदबाजी है। SRH को लेकर कहा जा रहा है कि IPL 2026 में यह टीम बल्लेबाजी के दम पर 250 रन बना सकती है लेकिन गेंदबाज इतने रन लुटा भी सकते हैं। हैदराबाद की टीम का तेज गेंदबाजी और स्पिन विभाग दोनों कमजोर नज़र आ रहे हैं। वहीं, कप्तान पैट कमिंस का शुरुआती मैचों में उपलब्ध न रहना भी परेशानी वाली बात है। इन सबके कारण ही सनराइजर्स हैदराबाद के लिए पहले दौर की चुनौती पार कर पाना मुश्किल लग रहा है।
3. चेन्नई सुपर किंग्स
पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स के लिए प्लेऑफ में जगह बनाना काफी मुश्किल हो सकता है, क्योंकि IPL 2026 के लिए उनका स्क्वाड अन्य टीमों के मुकाबले उतना मजबूत नजर नहीं आ रहा है। CSK के पास कई युवा खिलाड़ी हैं, जिनके ऊपर खूब पैसा लुटाया गया, लेकिन उनका यह पहला सीजन ही होगा। ऐसे में उन्होंने प्रदर्शन नहीं किया तो चेन्नई की टीम को झटका लग सकता है। इसके अलावा, फिनिशर के रूप में शिवम दुबे अकेले ही नज़र आ रहे हैं। एमएस धोनी में अब वह बात नहीं रही है। स्पिन विभाग में भी रवींद्र जडेजा की कमी खल सकती है।
4. दिल्ली कैपिटल्स
अभी तक एक भी बार IPL का टाइटल जीतने में कामयाब नहीं होने वाली दिल्ली कैपिटल्स के लिए भी टॉप 4 की राह मुश्किल लग रही है। दिल्ली ने अपने स्क्वाड में टॉप ऑर्डर के बल्लेबाजों की फ़ौज खड़ी कर रखी है लेकिन किसे खिलाया जाएगा, यह सबसे बड़ा सवाल होगा। केएल राहुल की बल्लेबाजी पोजीशन पर भी सवालिया निशान है। कभी उन्हें ओपन कराया गया था तो कभी मध्यक्रम में खिलाया गया था। स्पिन विभाग में कुलदीप यादव ही एकमात्र भरोसेमंद खिलाड़ी हैं। वहीं, स्क्वाड में शामिल कई तेज गेंदबाज अच्छी लय में नहीं हैं। इन्हीं सब कारणों से उसे पहले दौर से ही बाहर होना पड़ सकता है।
5. गुजरात टाइटंस
इस लिस्ट में अगला नाम गुजरात टाइटंस का है। IPL 2026 के लिए गुजरात की टीम भी संतुलित नहीं नजर आ रही है। टॉप ऑर्डर में पिछले सीजन कप्तान शुभमन गिल, साई सुदर्शन और जोस बटलर ने ही काफी हद तक सभी मैचों में रन बनाए थे लेकिन इस बार मुश्किल बढ़ सकती है, क्योंकि गिल और बटलर दोनों का ही फॉर्म काफी खराब चल रहा है। गिल को खराब प्रदर्शन के कारण ही टी20 वर्ल्ड कप के लिए नहीं चुना गया था, जबकि बटलर पूरे टूर्नामेंट रनों के लिए तरसते नजर आए। ऐसे में टॉप ऑर्डर के फ्लॉप रहने पर मध्यक्रम पर दबाव बनेगा, जिसमें कोई भी ऐसा नाम नहीं है, जो आईपीएल में बहुत सफल रहा हो। इसी वजह से बल्लेबाजी जीटी की कमजोर कड़ी साबित हो सकती है।
6. कोलकाता नाइट राइडर्स
तीन बार की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स भी IPL 2026 में पहले दौर से बाहर हो सकती है। केकेआर की टीम मिनी ऑक्शन के बाद काफी मजबूत नजर आ रही थी लेकिन दो प्रमुख तेज गेंदबाज हर्षित राणा और मथीशा पथिराना की इंजरी ने उनका काम काफी हद तक खराब कर दिया है। हर्षित को टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले इंजरी हुई थी और वह अभी तक फिट नहीं हुए हैं। माना जा रहा है कि उनके आगामी सीजन में नज़र आने की संभावना न के बराबर है। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ग्रुप मैच में इंजरी का शिकार होने वाले पथिराना भी पहला चरण खेलने से चूक सकते हैं। इसी वजह से KKR की गेंदबाजी काफी साधारण नजर आ रही है। वहीं, ओपनिंग जोड़ी को लेकर भी कुछ तय नहीं है। आंद्रे रसेल भी अब जा चुके हैं। इसी वजह से कोलकाता के सामने कई बड़ी चुनौतियां होंगी।
FAQs
IPL 2026 की शुरुआत कब से होनी है?
यह भी पढ़ें: बुमराह-मलिंगा नहीं इस पेसर ने लिए हैं IPL हिस्ट्री में सबसे ज्यादा विकेट, 198 बल्लेबाजों को भेज चुका पवेलियन