AB de Villiers on Team India’s Next T20 Captain: भारत ने सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टी20 वर्ल्ड कप 2026 का ख़िताब अपने नाम किया। टूर्नामेंट से पहले रिपोर्ट्स थीं कि भारत ने ख़िताब नहीं जीता तो सूर्यकुमार को हटाया जा सकता है लेकिन उन्होंने अपने नेतृत्व से टीम इंडिया को चैंपियन बना दिया। हालांकि, इसके बावजूद सूर्यकुमार को कब तक कप्तान बनाए रखा जाएगा, इसको लेकर चर्चा हो रही है।
भारत को 2028 में ओलंपिक में हिस्सा लेना है और फिर टी20 वर्ल्ड कप भी खेलना है। ऐसे में दो बड़े लक्ष्य को पूरा करने के लिए 35 वर्षीय सूर्यकुमार हुंकार जरूर भर चुके हैं लेकिन अंतिम फैसला हेड कोच गौतम गंभीर और BCCI का होगा। इस बीच एबी डिविलियर्स ने भारत के अगले टी20 कप्तान को लेकर भारतीय बोर्ड को अहम सुझाव दिया है।
सूर्यकुमार के बाद, AB de Villiers इस खिलाड़ी को भारत का T20 कप्तान बनते देखना चाहते हैं

भारत के मौजूदा कप्तान सूर्यकुमार यादव अभी कब तक खेलेंगे, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है लेकिन उन पर तलवार जरूर लटकी रहेगी, क्योंकि बल्ले से उनका फॉर्म खास नहीं रहा है। इसी वजह से काफी चर्चा हो रही है कि अगर सूर्यकुमार को टी20 कप्तानी से हटाया जाता है तो फिर नया कप्तान कौन होगा। कुछ फैंस ने हार्दिक पांड्या के नाम का सुझाव भी दिया, जो पहले भी टीम इंडिया की कप्तानी कर चुके हैं और आईपीएल में भी मुंबई इंडियंस को लीड करते हैं।
हालांकि, एबी डिविलियर्स की राय अलग है। उनका मानना है कि सूर्यकुमार के बाद, भारत की टी20 कप्तानी के लिए सबसे आदर्श विकल्प श्रेयस अय्यर हैं।
श्रेयस अय्यर को कप्तान बनाए जाने की एबी डिविलियर्स ने की वकालत
दक्षिण अफ्रीका के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज एबी डिविलियर्स का मानना है कि सूर्यकुमार यादव के बाद, श्रेयस अय्यर को टी20 का कप्तान बनाया जाना चाहिए। इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि अय्यर को नंबर 4 पर बल्लेबाजी करनी चाहिए, जिस पोजीशन पर अभी सूर्या खेलते हैं।
🚨 SHREYAS IYER WILL BE INDIA’S NEXT T20 CAPTAIN 🚨
AB de Villiers wants Shreyas Iyer as next India’s T20 captain 🇮🇳
Also suggests he should bat at No.4, replacing Suryakumar Yadav 🔥 pic.twitter.com/KlhGR6JhO6— Cricket News Network (@arshdeep3444) March 18, 2026
बता दें कि श्रेयस अय्यर ने कप्तान के रूप में अपने आप को घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में साबित कर रखा है। उनकी कप्तानी में मुंबई का प्रदर्शन काफी अच्छा रहा है। इसके अलावा, आईपीएल के पिछले दो सीजन में फाइनल खेलने वाले कप्तान भी श्रेयस अय्यर हैं। वहीं, 2024 में उनकी कप्तानी में ही कोलकाता नाइट राइडर्स ने टाइटल जीता था, जबकि 2025 में पंजाब किंग्स उपविजेता रही थी। ऐसे में अय्यर की लीडरशिप पर सवालिया निशान नहीं लगाया जा सकता है। अब देखना होगा कि BCCI द्वारा एबी डिविलियर्स की बात मानी जाती है या नहीं।
तीन साल से भारत के लिए टी20 नहीं खेले हैं श्रेयस अय्यर
एबी डिविलियर्स भले ही श्रेयस अय्यर को भारत के अगले टी20 कप्तान के रूप में देखना चाहते हों लेकिन इस खिलाड़ी को तीन साल से खेलने का मौका नहीं मिला है। अय्यर ने अपना आखिरी टी20 इंटरनेशनल मैच 3 दिसंबर, 2023 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था। इसके बाद से उन्हें लंबे समय तक स्क्वाड में ही नहीं, जगह मिली। इस साल न्यूजीलैंड के खिलाफ जब तिलक वर्मा इंजरी के कारण नहीं खेल पाए तो श्रेयस की वापसी हुई लेकिन उन्हें एक भी मैच में प्लेइंग 11 का हिस्सा नहीं बनाया गया।
ऐसे में श्रेयस की नजर 28 मार्च से शुरू हो रहे IPL 2026 में जबरदस्त प्रदर्शन करने पर होगी, ताकि टीम इंडिया के स्क्वाड में सबसे छोटे फॉर्मेट के लिए जगह बनाने की दावेदारी मजबूत कर सकें। इस बार भी श्रेयस ही पंजाब किंग्स की कप्तानी करते नजर आएंगे।