Team India playing XI against Pakistan : टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान की टीमें 15 फरवरी को आर प्रेमदास स्टेडियम में आमने-सामने होंगी। क्रिकेट की दुनिया के सबसे बड़े मुकाबलों में गिने जाने वाले इस मैच को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह है।
दोनों टीमें शानदार लय में हैं और अपने-अपने पिछले दो मुकाबले जीतकर यहां पहुंची हैं। भारत (Team India) ने अमेरिका और नामीबिया को हराकर आत्मविश्वास हासिल किया है, जबकि पाकिस्तान ने नीदरलैंड्स और अमेरिका को मात देकर अपनी मजबूती दिखाई है। ऐसे में यह मुकाबला सिर्फ प्रतिष्ठा की जंग नहीं, बल्कि सुपर-8 में जगह लगभग पक्की करने का सुनहरा मौका भी होगा।
इस हाई-वोल्टेज मैच के लिए भारतीय टीम (Team India) की संभावित प्लेइंग-11 सामने आ चुकी है, जिसमें अभिषेक शर्मा और वाशिंगटन सुंदर की एंट्री तय मानी जा रही है। वहीं टीम संयोजन में बदलाव के चलते दो खिलाड़ियों को बाहर बैठना पड़ सकता है। आइए जानते हैं इस अहम मुकाबले में किन-किन खिलाड़ियों को मौका मिल सकता है।
अभिषेक शर्मा और वाशिंगटन सुंदर की होगी एंट्री

पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में भारतीय टीम में युवा विस्फोटक ओपनर अभिषेक शर्मा और ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर की वापसी हो सकती है। अभिषेक शर्मा नामीबिया के खिलाफ पिछला मुकाबला नहीं खेल पाए थे। दरअसल, वह पेट के संक्रमण (stomach infection) के चलते अस्वस्थ हो गए थे और उन्हें अस्पताल में भर्ती तक कराना पड़ा था।
इससे पहले अमेरिका के खिलाफ मैच के दौरान भी वह पूरी तरह फिट नहीं थे और लगातार तबीयत खराब रहने की वजह से ट्रेनिंग से भी दूर रहे। हालांकि टीम मैनेजमेंट को उम्मीद है कि अब वह पूरी तरह फिट होकर पाकिस्तान के खिलाफ प्लेइंग-11 में वापसी कर सकते हैं।
वहीं वाशिंगटन सुंदर न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के दौरान चोटिल हो गए थे, जिसके कारण वह टीम से बाहर चल रहे थे। अब फिटनेस हासिल करने के बाद उनके भी पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में अंतिम एकादश में शामिल होने की संभावना है। उनकी मौजूदगी से टीम को बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में संतुलन मिलेगा।
इन दो खिलाड़ियों को किया जा सकता है बाहर
पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में टीम संयोजन को ध्यान में रखते हुए दो बदलाव देखने को मिल सकते हैं। अभिषेक शर्मा की वापसी होने पर वह संजू सैमसन की जगह ले सकते हैं। सैमसन को नामीबिया के खिलाफ मौका मिला था, जहां वह 22 रन ही बना सके। ऐसे में टीम मैनेजमेंट एक बार फिर आक्रामक शुरुआत के लिए अभिषेक पर भरोसा जता सकता है।
वहीं वाशिंगटन सुंदर की एंट्री रिंकू सिंह की जगह हो सकती है। रिंकू पिछले दो मुकाबलों में पूरी तरह फ्लॉप रहे हैं। उन्होंने अमेरिका के खिलाफ 14 गेंदों पर सिर्फ 6 रन बनाए, जबकि नामीबिया के खिलाफ 6 गेंदों में महज 1 रन ही बना सके। ऐसे में संतुलन और अतिरिक्त गेंदबाजी विकल्प के लिए रिंकू सिंह की जगह सुंदर को प्लेइंग-11 में शामिल किया जा सकता है।
टी 20 वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान का रिकॉर्ड
टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक कुल 8 मुकाबले खेले गए हैं। इन हाई-वोल्टेज मैचों में भारत का पलड़ा पूरी तरह भारी रहा है।
अब तक खेले गए 8 मैचों में से भारत ने 7 बार जीत दर्ज की है, जबकि पाकिस्तान को सिर्फ 1 बार सफलता मिली है। यही वजह है कि इस टूर्नामेंट में आमने-सामने होने पर भारतीय टीम का आत्मविश्वास काफी मजबूत नजर आता है।
पाकिस्तान के खिलाफ Team India की संभावित प्लेइंग XI :
अभिषेक शर्मा , ईशान किशन (wk) , तिलक वर्मा , सूर्यकुमार यादव (कप्तान) , शिवम दुबे , हार्दिक पंड्या , अक्षर पटेल , वाशिंगटन सुंदर , वरुण चक्रवती , अर्शदीप सिंह , जसप्रीत बुमराह ।
ये भी पढ़े : छोटी टीमों का बड़ा धमाका! टी20 वर्ल्ड कप के 5 उलटफेर जिन्होंने दुनिया हिला दी