Rohit Sharma dropped catch in MI vs KKR Match: आईपीएल 2026 का दूसरा मुकाबला मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में टीम इंडिया के दिग्गज और एमआई के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा भी हिस्सा ले रहे हैं। हालांकि, मुकाबले में फैंस को रोहित की बल्लेबाजी के लिए इंतजार करना पड़ा है, क्योंकि टॉस जीतकर कप्तान हार्दिक पांड्या ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया था।
हालांकि, कोलकाता नाइट राइडर्स की पारी के दौरान फील्डिंग करते समय रोहित शर्मा (Rohit Sharma) से बड़ी चूक हो गई और उन्होंने एक आसान सा कैच टपका दिया। रोहित के कैच छोड़ते ही फैंस को विराट कोहली की याद आ गई, जिन्होंने सीजन के पहले मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ लॉलीपॉप कैच टपका दिया था।
बाउंड्री पर रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ने छोड़ा लॉलीपॉप कैच

आमतौर पर रोहित शर्मा (Rohit Sharma) को बेहद सुरक्षित फील्डर माना जाता है और उन्होंने स्लिप के साथ मैदानी फील्डिंग में भी कई कमाल के कैच पड़के हैं लेकिन आज उनसे कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ चूक हो गई और इसका खामियाजा मुंबई इंडियंस को भुगतना पड़ा, क्योंकि जिस बल्लेबाज का कैच रोहित ने छोड़ा, वह उस समय 31 के निजी स्कोर पर खेल रहा था और बाद में उसने कुल 51 रनों की पारी खेली।
यह पूरा मामला केकेआर की पारी के 15वें ओवर की पांचवीं गेंद का है। मुंबई इंडियंस के लिए डेब्यू कर रहे अफगानिस्तान के स्पिनर एम गजनफर ने मिडिल और लेग पर बॉल की, जिस पर अंगकृष रघुवंशी ने जोरदार शॉट खेला और गेंद हवा में लॉन्ग-ऑन की तरफ चली गई, जहां रोहित शर्मा मौजूद थे।
रोहित शर्मा (Rohit Sharma) बाउंड्री के थोड़ा आगे खड़े थे लेकिन उन्होंने गेंद को पकड़ने के लिए पीछे की तरफ हाथ किए लेकिन वह कैच नहीं पकड़ पाए। हिटमैन ने अगर एक कदम पीछे जाकर कैच लपका होता तो आसानी से पकड़ लेते लेकिन वह समझ नहीं पाए और लॉलीपॉप कैच टपका दिया। गेंद छिटकने के बाद बाउंड्री को छू गई और चौका भी मिल गया। इस पूरे वाकये का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
आप भी देखें वीडियो:
Rohit Sharma dropped an easy catch😭pic.twitter.com/BkYItWhmMw
— ~Kohlified (@Kohlifi18) March 29, 2026
विराट कोहली के कैच ड्रॉप के अगले दिन ही रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ने भी फील्डिंग में किया शर्मसार
अंगकृष रघुवंशी का जिस तरह से आसान सा कैच रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ने छोड़ा, उससे फैंस को विराट कोहली की याद आ गई, जिन्होंने चिन्नास्वामी स्टेडियम में 28 मार्च को खेले गए मुकाबले में SRH के बल्लेबाज अनिकेत वर्मा का आसान सा कैच छोड़ दिया था और इसके बाद, अनिकेत ने कुछ जबरदस्त शॉट खेले थे और हैदराबाद की टीम को 200 का स्कोर बनाने में मदद की थी।
रोहित शर्मा (Rohit Sharma) से मिले जीवनदान का रघुवंशी ने भी फायदा उठाया और अर्धशतक पूरा करने में कामयाब रहे। उन्होंने 29 गेंदों में 51 रन बनाए, जिसमें छह चौके और दो छक्के शामिल रहे।
KKR ने दिया MI को बड़ा टारगेट
मुंबई इंडियंस ने भले ही टॉस अपने नाम किया लेकिन इसके बाद कोलकाता नाइट राइडर्स की तरफ से तूफानी बल्लेबाजी प्रदर्शन देखने को मिला, जिसकी मदद से टीम ने 20 ओवर में 220/4 का स्कोर बनाया। केकेआर की तरफ से कप्तान अजिंक्य रहाणे टॉप स्कोर रहे और उन्होंने 40 गेंदों में 57 रनों की पारी खेली। रहाणे के अलावा रघुवंशी ही अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज रहे। फिन एलन ने 17 गेंदों में 37 और रिंकू सिंह ने 21 गेंदों में नाबाद 33 रनों की पारी खेली। कैमरन ग्रीन ज्यादा खास योगदान नहीं दे पाए और 18 रन बनाकर आउट हुए।
अब देखना होगा कि 221 के लक्ष्य का मुंबई इंडियंस किस तरह पीछा करती है। मुंबई इंडियंस के खेमे और उनके फैंस को उम्मीद होगी कि रोहित शर्मा का जलवा बल्ले से देखने को मिले, ताकि टीम को आसानी से जीत मिल जाए।