Arjun Tendulkar bowls deadly yorkers against Rishabh Pant: आईपीएल 2026 में सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर भी हिस्सा ले रहे हैं। हालांकि, इस बार वह मुंबई इंडियंस नहीं, बल्कि लखनऊ सुपर जायंट्स में हैं। अर्जुन पहली बार आईपीएल में मुंबई इंडियंस के अलावा किसी दूसरी टीम में शामिल हैं। युवा खिलाड़ी को LSG ने ट्रेड के माध्यम से अपने साथ शामिल किया था।
हालांकि, अर्जुन तेंदुलकर (Arjun Tendulkar) को अभी तक मौजूदा आईपीएल सीजन में एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला है लेकिन अभ्यास सत्र के दौरान के उनके कुछ वीडियो जमकर वायरल हो रहे हैं। इस बीच एक और वीडियो सामने आया है, जिसमें उन्हें नेट्स में अपनी टीम के कप्तान ऋषभ पंत के खिलाफ एक के बाद एक यॉर्कर डालते हुए देखा जा सकता है। उनकी सटीक गेंदबाजी के सामने पंत भी बेबस दिखे।
नेट्स में अर्जुन तेंदुलकर (Arjun Tendulkar) ने ऋषभ पंत को किया लाचार

दरअसल, लखनऊ सुपर जायंट्स ने 7 अप्रैल को एक खास वीडियो शेयर किया, जिसमें नेट्स में ऋषभ पंत के खिलाफ अर्जुन तेंदुलकर (Arjun Tendulkar) गेंदबाजी कर रहे हैं। वीडियो की शुरुआत ही अर्जुन की एक सटीक यॉर्कर गेंद से हुई, जिसे पंत रोकने में कामयाब रहे। पहले लगा कि अब शायद इसके बाद, ऋषभ करारा जवाब देंगे और बड़ा शॉट लेंगे लेकिन सचिन के लाडले ने अपने कप्तान को कोई भी मौका नहीं दिया और एक के बाद एक यॉर्कर की झड़ी लगा दी। इस पर पंत भी बेबस नज़र आए और गेंदों को बल्ले से जैसे-तैसे सिर्फ रोकते का प्रयास करते ही दिखे।
आप भी देखें वीडियो:
Yorkers on loop 🔁🥵 pic.twitter.com/KyvYSOgXfW
— Lucknow Super Giants (@LucknowIPL) April 7, 2026
अर्जुन तेंदुलकर (Arjun Tendulkar) की सटीक गेंदबाजी ने सोशल मीडिया पर प्रशंसकों के बीच समर्थन की लहर पैदा कर दी है, जिनमें से कई लोग सवाल उठा रहे हैं कि बाएं हाथ का यह गेंदबाज अभी भी बेंच पर क्यों है।
अर्जुन तेंदुलकर (Arjun Tendulkar) को लेकर योगराज सिंह से सहमत नहीं युवराज
कुछ दिनों पहले अर्जुन तेंदुलकर (Arjun Tendulkar) का एक इंटरव्यू सामने आया था, जिसमें उन्होंने बताया था कि अपने पिता सचिन के अलावा वह युवराज सिंह को आदर्श मानते हैं। युवराज ने भी स्पोर्ट्स तक के साथ खास बातचीत में अर्जुन की तारीफ की। हालांकि, युवी अपने पिता योगराज की उस बात से सहमत नहीं, जिसमें उन्होंने अर्जुन को गेंदबाज के बजाय एक बेहतर बल्लेबाज बताया था। युवराज का मानना है कि अर्जुन एक गेंदबाज हैं, जो बल्ले से योगदान दे सकते हैं। उन्होंने कहा,
“जब अर्जुन ने क्रिकेट खेलना शुरू किया था, तब वह एक बेहतर गेंदबाज था। बल्लेबाज के तौर पर वह अभी भी सीख रहा है। अगर वह इस पर काम करता रहेगा, तो उसमें निश्चित रूप से सुधार आएगा। मुझे लगता है कि एक दिन वह खुद भी कहेगा, ‘मुझे यकीन नहीं है कि मैं गेंदबाजी में अच्छा हूं या बल्लेबाजी में।’ लेकिन मुझे अब भी लगता है कि वह एक ऐसा गेंदबाज है जो बल्लेबाजी भी कर सकता है। मैं एक ऐसा बल्लेबाज था जो गेंदबाजी भी कर सकता था। अगर मैं उसके साथ काम करता रहूंगा, तो उसकी बल्लेबाजी में निश्चित रूप से सुधार आएगा।”
IPL में अर्जुन तेंदुलकर के आंकड़े
अर्जुन तेंदुलकर (Arjun Tendulkar) ने दो सीजन बेंच पर बिताने के बाद, 2023 में आईपीएल डेब्यू किया था। मुंबई इंडियंस ने उन्हें मौका दिया और उस सीजन अर्जुन ने चार मैच खेले। हालांकि, इसके बाद अगले सीजन में उन्हें सिर्फ एक ही मैच खेलने का मौका मिला। इस तरह अर्जुन ने अभी तक आईपीएल में सिर्फ पांच मैच ही खेले हैं, जिसमें 13 रन बनाए और 3 विकेट भी लिए।