Aus W vs Ind W, 2nd T20I: ऑस्ट्रेलिया और भारत की महिला क्रिकेट टीम के बीच खेला जा रहा 3 टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला समाप्त हो चुका है। इस मुकाबले को ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम ने बेहतरीन गेंदबाजी के बलबूते 19 रनों से अपने नाम कर लिया है। इस मैच में भारतीय बल्लेबाज काफी हद तक फुस्स नजर आए। तो आइए इस मुकाबले के बारे में विस्तार से बात कर लेते हैं।
Australia ने बनाए थे 163 रन
भारत और ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम (Aus W vs Ind W) का यह मुकाबला कैनबरा के मनुका ओवल में खेला गया और इस दौरान टॉस जीतकर भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बैटिंग करने आई ऑस्ट्रेलियाई टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में पांच विकेट के नुकसान पर 163 रन बना डाले। इस दौरान ओपनर जॉर्जिया वोल ने 57 गेंदों में 11 चौके और 1 छक्के की मदद से 88 रनों की पारी खेली।
वहीं विकेटकीपर बेथ मूनी के बल्ले से 39 गेंदों में चार चौकों की मदद से 46 रन आए। इंडिया के लिए इस दौरान अरुंधति रेड्डी ने दो विकेट वहीं रेणुका सिंह ठाकुर ने एक सफलता अर्जित की। इसके अलावा कोई भी गेंदबाज विकेट लेने में सफल नहीं हो सकीं।
यह भी पढ़ें: क्रिकेट जगत में शोक की लहर, अंपायर की दर्दनाक मौत से टूर्नामेंट के बीच मातम
19 रन पीछे रह गई Team India

ऑस्ट्रेलिया के 164 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी भारतीय क्रिकेट टीम (Team India) की सलामी बल्लेबाजों ने अच्छी शुरुआत की। लेकिन उसे बड़े स्कोर में तब्दील नहीं कर सकी। शेफाली वर्मा 23 गेंदों में पांच चौके की मदद से 29 रन जबकि स्मृति मंधाना 24 गेंदों में चार चौकों की मदद से 31 रन बनाकर पेवेलियन लौट गईं।
जेमिमा रॉड्रिक्स केवल चार रन बना पाईं। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने सबसे अधिक 30 गेंदों में पांच चौकों की मदद से 36 रन बनाए। रिचा घोष के बल्ले से 19 रन की पारी देखने को मिली। अंत में क्रांति गौड़ में पांच गेंदों में एक चौके और एक छक्के की मदद से 12 रन बनाए। लेकिन टीम 19 रन पीछे रह गई। भारत निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर सिर्फ 144 रन ही बना सकी। विरोधी टीम के लिए एशले गार्डनर ने तीन विकेट जबकि किम गार्थ और एन्नाबेल सदरलैंड और कप्तान सोफी मोलिनेक्स ने दो-दो विकेट हासिल किया।
एक-एक की बराबरी पर आई सीरीज
भारत-ऑस्ट्रेलिया टी20 सीरीज (India vs Australia T20 Series) का पहला मैच टीम इंडिया ने 21 रनों से डीएलएस मेथड के जरिए जीत लिया था और दूसरे मैच को ऑस्ट्रेलिया ने जीत लिया है। इस सीरीज का तीसरा मैच 21 फरवरी को एडिलेड ओवल में होने जा रहा है और जो भी टीम इस मैच को जीतेगी वो सीरीज अपने नाम कर लेगी।
बता दें कि भारतीय क्रिकेट टीम वर्ल्ड कप की मौजूदा चैंपियन है। उसने कमाल का प्रदर्शन दिखाते हुए फाइनल मुकाबले में साउथ अफ्रीका को हराकर खिताब जीता था। लेकिन यहां पर उसके बल्लेबाजों और गेंदबाजों का दबदबा देखने को नहीं मिल रहा है।