Auqib Nabi: रणजी ट्रॉफी के पिछले दो सीजन से अपनी गेंदबाजी से कहर बरपा रहे जम्मू एंड कश्मीर के आकिब नबी को लेकर काफी ज्यादा बात हो रही है और मांग की जा रही है कि उनके धमाकेदार प्रदर्शन को देखते हुए टीम इंडिया में मौका दिया जाना चाहिए। अब इस सवाल का जवाब बीसीसीआई अध्यक्ष मिथुन मन्हास ने खुद दिया है।
आकिब नबी (Auqib Nabi) ने रणजी ट्रॉफी 2025-26 में सबसे ज्यादा विकेट झटके और अपनी टीम जम्मू एंड कश्मीर को 67 साल बाद खिताब जीतने में मदद की। जम्मू की टीम ने अपने पहले ही रणजी फाइनल में इतिहास रचा और आठ बार की चैंपियन कर्नाटक को मात दी।
रणजी ट्रॉफी 2025-26 में आकिब नबी (Auqib Nabi) ने बरपाया कहर

दाएं हाथ के तेज गेंदबाज आकिब नबी (Auqib Nabi) ने पिछले रणजी सीजन 44 विकेट झटके थे और तेज गेंदबाज के रूप में सबसे ज्यादा शिकार किए थे। इस बार उन्होंने अपना प्रदर्शन और भी बेहतर किया। आकिब ने पहले विकेटों का अर्धशतक पूरा किया और फिर सीजन का अंत सबसे ज्यादा विकेट लेकर किया। 29 वर्षीय गेंदबाज ने रणजी ट्रॉफी 2025-26 में 12.56 की औसत से 60 विकेट अपने नाम किए। इस दौरान 7 बार पांच विकेट झटके।
फाइनल में कर्नाटक के खिलाफ भी आकिब ने कमाल की गेंदबाजी की और फाइव विकेट हॉल लिया था। उन्होंने केएल राहुल, करुण नायर और विपक्षी कप्तान देवदत्त पडीक्कल जैसे बड़े खिलाड़ियों के विकेट झटके थे, जो कमाल की फॉर्म थे और जम्मू की टीम के लिए परेशानी का सबब बन सकते थे।
आकिब नबी (Auqib Nabi) ने गेंदबाजी में अपना कहर बरपाने के साथ ही जब जरूरत हुई तो बल्ले से भी कमाल दिखाया। उन्होंने पूरे सीजन में 245 रन भी बनाए। इसी वजह से उन्हें ऑलराउंड प्रदर्शन के कारण प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी चुना गया।
BCCI अध्यक्ष ने आकिब पर चयनकर्ताओं की नजर की उम्मीद जताई
घरेलू क्रिकेट में विकेटों की झड़ी लगा रहे आकिब नबी (Auqib Nabi) को भारत की टीम में कब मौका मिलेगा, इसको लेकर लगातार बात हो रही है। वहीं, बीसीसीआई अध्यक्ष मिथुन मन्हास ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि चयनकर्ता आकिब पर नजर रख रहे होंगे। मन्हास ने यह बात तब कही, जब उनसे पूछा गया कि क्या आकिब को टीम इंडिया के आने वाले टेस्ट या अन्य इंटरनेशनल मुकाबलों में मौका मिल सकता है।
एएनआई से बात करते हुए मिथुन मन्हास ने कहा,
“उन्होंने सिर्फ इस साल ही नहीं, पिछले साल भी अच्छा प्रदर्शन किया था। वह लगातार अच्छा प्रदर्शन करते रहे हैं, न सिर्फ फर्स्ट क्लास क्रिकेट में, बल्कि अन्य प्रारूपों में भी। मुझे पूरा यकीन है कि उनके प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें इसका फल जरूर मिलेगा। मुझे पूरा भरोसा है कि चयनकर्ता आकिब पर कड़ी नजर रख रहे हैं। और मुझे यकीन है कि उन्हें मौके जरूर मिलेंगे।”
IPL 2026 में आकिब नबी पर रहेगी सभी की नजर
भारतीय घरेलू सीजन रणजी ट्रॉफी के साथ ही समाप्त हो गया है और अब ज्यादातर खिलाड़ी IPL 2026 के लिए तैयारियों में जुट जाएंगे। इस बार आकिब नबी (Auqib Nabi) भी हमें नजर आएंगे, क्योंकि उन्हें मिनी ऑक्शन में दिल्ली कैपिटल्स ने 8.40 करोड़ की बड़ी रकम में खरीदा था। ऐसे में शानदार घरेलू सीजन के बाद, आकिब से आईपीएल में अच्छे प्रदर्शन की आस होगी। अगर उन्होंने इस मौके को भुना लिया तो पूरी उम्मीद है कि टीम इंडिया में उनके चुने जाने की संभावना और भी बढ़ जाएगी। अब देखना होगा कि आगामी आईपीएल सीजन में आकिब का प्रदर्शन कैसा रहता है।
FAQs
रणजी ट्रॉफी 2025-26 में आकिब नबी के नाम कितने विकेट रहे?
IPL 2026 में आकिब नबी किस टीम का हिस्सा होंगे?
यह भी पढ़ें: T20 World Cup Points Table: पाकिस्तान-श्रीलंका बाहर, इंडिया समेत इन 3 टीमों में छिड़ी हुई है जंग