Ellyse Perry betrayed RCB: WPL 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के अभियान का आगाज रोमांचक अंदाज में हुआ और उसने अपने पहले मैच में मुंबई इंडियंस को 3 विकेट से हराकर जीत दर्ज की। आरसीबी की इस शानदार जीत के बावजूद टीम में दिग्गज ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर एलिस पेरी की गैरमौजूदगी चर्चा का विषय बनी हुई है।
एलिस पेरी को RCB ने WPL 2026 के लिए रिटेन किया था लेकिन इस खिलाड़ी ने मेगा ऑक्शन के कुछ दिन बाद ही सीजन से अपना नाम वापस लेने की जानकारी दी। हालांकि, अब पेरी एक लोकल टूर्नामेंट में हिस्सा ले रही हैं, जिससे उनके फैसले पर सवाल उठ रहे हैं।
WPL 2026 से नाम वापस लेकर लोकल टूर्नामेंट में एलिस पेरी ले रही हैं हिस्सा

RCB ने WPL 2026 के मेगा ऑक्शन से पहले एलिस पेरी को 2 करोड़ की कीमत पर रिटेन किया था। पेरी डब्ल्यूपीएल की शुरुआत से ही बेंगलुरु की टीम का हिस्सा हैं और एक अहम खिलाड़ी रही हैं। इसी वजह से उनका रिटेन किया जाना, कोई हैरानी भरा फैसला नहीं था। हालांकि, मेगा ऑक्शन के दो दिन बाद ही जानकारी सामने आई कि पेरी ने लीग के आगामी सीजन से अपना नाम वापस लिया है।
एलिस पेरी के WPL 2026 से नाम वापस लेने के पीछे की वजह के रूप में निजी कारणों का हवाला दिया गया था लेकिन अब उनके इस फैसले पर लगातार चर्चा हो रही है, क्योंकि इस समय वो न्यूजीलैंड के लोकल टूर्नामेंट महिला सुपर स्मैश में हिस्सा ले रही हैं। इस टूर्नामेंट में पेरी वेलिंग्टन महिला टीम का हिस्सा हैं और उनके लिए बतौर ऑलराउंडर अब तक 4 मैच खेल चुकी हैं। इस दौरान पेरी ने बल्ले से 103 रन बनाने के साथ 6 विकेट भी अपने नाम किए हैं।
पेरी पर लग रहा है RCB को धोखा देने का आरोप
एलिस पेरी के न्यूजीलैंड के लोकल टूर्नामेंट में खेलने के कारण अब RCB के फैंस नाराज नजर आ रहे हैं और ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज पर अपनी टीम को धोखा देने का आरोप लगा रहे हैं। फैंस का मानना है कि अगर पेरी ने निजी कारणों से WPL 2026 से अपना नाम वापस लिया था तो फिर उन्हें न्यूजीलैंड में हो रहे टूर्नामेंट में भी नहीं खेलना चाहिए था।
कुछ फैंस तो यह भी कह रहे हैं कि पेरी को टूर्नामेंट से दो साल के लिए बैन कर देना चाहिए, जैसा आईपीएल में किसी खिलाड़ी द्वारा ऑक्शन के बाद नाम वापस लेने के बाद होता है। हालांकि, अभी तक WPL में ऐसा कोई नियम नहीं है और ना ही RCB इस तरह के एक्शन के मूड में दिख रही है।
RCB ने पेरी के रिप्लेसमेंट के रूप में इस खिलाड़ी को दिया है मौका
WPL 2026 से एलिस पेरी के नाम वापस लेने के कारण RCB ने उनके रिप्लेसमेंट के रूप में भारतीय खिलाड़ी सयाली सतघरे को साइन किया है, जो कि एक पेस ऑलराउंडर हैं। सयाली को आरसीबी ने 30 लाख के बेस प्राइस पर साइन किया है। यह खिलाड़ी टीम इंडिया के लिए 3 वनडे खेल चुकी है, जबकि डब्ल्यूपीएल में 4 मैचों का अनुभव है, जो उन्होंने दो सीजन में गुजरात जायंट्स की तरफ से खेले हैं। इस सीजन उन्हें नई टीम में आने का मौका मिला है।