New Captain For Afghanistan Team: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अफगानिस्तान से काफी ज्यादा उम्मीदें थी लेकिन यह प्रदर्शन के लिहाज से कुछ खास नहीं कर पाई और ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गई। अफगानिस्तान ने अपने चार में से दो मैच जीते लेकिन ये दोनों ही जीत यूएई और कनाडा जैसी कमजोर टीमों के खिलाफ आईं। अफगानिस्तान को न्यूजीलैंड ने 5 विकेट से हराया और फिर दक्षिण अफ्रीका से डबल सुपर वाले मैच में हार मिली।
इन दो हार के कारण ही अफगानिस्तान का सफर ग्रुप स्टेज से समाप्त हो गया। इस बार अफगान टीम ने लेग स्पिनर राशिद खान की कप्तानी में टूर्नामेंट खेला था। राशिद काफी समय से टीम को लीड कर रहे हैं लेकिन अब उनकी कप्तानी खतरे में हैं और उन्हें हटाया जा सकता है।
अफगानिस्तान के टी20 कप्तान के रूप में राशिद खान की होगी छुट्टी!

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अफगानिस्तान का निराशाजनक प्रदर्शन बदलाव का रास्ता तैयार कर चुका है। सबसे पहले हेड कोच जोनाथन ट्रॉट को हटाया गया और रिचर्ड पाइबस की नियुक्ति हुई। वहीं, अब नए टी20 कप्तान की खोज चल रही है। राशिद खान अफगान टीम के सबसे अहम खिलाड़ियों में से एक हैं और उन्होंने अभी तक 48 टी20आई में कप्तानी की है। हालिया रिपोर्ट्स में बताया गया है कि टी20 वर्ल्ड कप के मौजूदा संस्करण से पहले ही राशिद को हटाया जाना था लेकिन तब कुछ कारणों से यह संभव नहीं हो पाया लेकिन अब इसकी तैयारी चल रही है।
राशिद खान को क्यों हटाया जा रहा है, इसको लेकर कुछ भी स्पष्ट कारण नहीं बताया गया है। हालांकि, इसे टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम के खराब प्रदर्शन से जोड़कर देखा जा रहा है लेकिन कुछ का दावा है कि यह बाहरी दबाव के कारण है, जिसमें तालिबान का हाथ भी हो सकता है, जो मुख्य रूप से वहां सब कुछ नियंत्रित किए हुए हैं।
इस खिलाड़ी को बनाया जा सकता है अफगानिस्तान का नया T20I कप्तान
राशिद खान के हटाए जाने पर अफगानिस्तान को नए टी20 कप्तान की तलाश होगी और इस रेस में सबसे आगे धाकड़ बल्लेबाज इब्राहिम जादरान का नाम आगे बताया जा रहा है। सामने आई जानकारी में पता चला है कि जादरान को काबुल मीटिंग के लिए बुलाया गया है। हालांकि, यह भी बताया जा रहा है कि जादरान कप्तानी का ऑफर स्वीकार नहीं करना चाहते हैं और उन्होंने मना कर दिया है। ऐसे में देखना होगा कि अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड क्या फैसला लेता है। वैसे जादरान के पास 11 टी20 इंटरनेशनल में कप्तानी का अनुभव है।
अगले महीने श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज से एक्शन में नजर आएगी अफगान टीम
टी20 वर्ल्ड कप 2026 का समापन 8 मार्च से होना है और फिर इसके बाद द्विपक्षीय सीरीज शुरू हो जाएंगी। अफगानिस्तान टीम भी एक्शन में नजर आएगी और 15 मार्च से श्रीलंका के खिलाफ शारजाह में तीन मैचों की टी20 सीरीज खेलेगी। इसके बाद, 20 मार्च से तीन मैचों की वनडे सीरीज दुबई में होगी। संभावना जताई जा रही है कि इसी टी20 सीरीज से अफगानिस्तान के सबसे छोटे फॉर्मेट के कप्तान के रूप में नए चेहरे की नियुक्ति की जा सकती है और राशिद एक खिलाड़ी के तौर पर खेलते नजर आ सकते हैं।
FAQs
राशिद खान की जगह अफगानिस्तान के नए टी20 कप्तान के रूप में किसका नाम सुर्ख़ियों में है?
अफगानिस्तान को अपनी अगली टी20 सीरीज कब से खेलनी है?
यह भी पढ़ें: इस खिलाड़ी का अब तक टीम इंडिया में चयन ना होने पर भड़के सुनील गावस्कर, कहा ‘इसे तुरंत मौका दो…’