Jos Buttler vs Suryakumar Yadav In T20I: टी20 इंटरनेशनल में कई बल्लेबाजों का दबदबा देखने को मिलता है और उन्हें इस फॉर्मेट में स्पेशलिस्ट भी माना जाता है। ऐसा ही कुछ इंग्लैंड के पूर्व कप्तान जोस बटलर और भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव के बारे में फैंस की राय है। ये दोनों खिलाड़ी अपने बल्ले के दम पर अकेले मैच जिताने का माद्दा रखते हैं।
हालांकि, इन दोनों खिलाड़ियों में T20I का बेस्ट बल्लेबाज कौन सा है, इसका जवाब देना आसान काम नहीं है। ऐसे में हम पहले इनके बल्लेबाजी आंकड़े जान लेते हैं और फिर उनकी तुलना कर पता लगाएंगे कि कौन बेहतर बैटर है।
जोस बटलर के T20I में बल्लेबाजी आंकड़े

इंग्लैंड के पास T20I में कई सुपरस्टार बल्लेबाज हुए लेकिन उसमें सबसे ज्यादा अच्छा और निरंतरता के साथ प्रदर्शन जोस बटलर का रहा है। बटलर की सबसे बड़ी खासियत यह है कि वो स्थिति के अनुसार खुद की बल्लेबाजी को ढाल लेते हैं। जरूरत के समय बटलर काफी संयम के साथ बल्लेबाजी करते हैं और फिर जब खुलकर खेलने की बात आती है तो फिर वो गेंदबाजों की बैंड बजा देते हैं।
इस खिलाड़ी ने 2011 में इंग्लैंड के लिए अपना टी20 इंटरनेशनल डेब्यू किया था। शुरूआती कुछ सालों में बटलर का प्रदर्शन उतना प्रभावशाली नहीं रहा लेकिन फिर उनकी बल्लेबाजी में काफी बदलाव आया और T20I में इंग्लैंड के लिए उन्होंने कई मैच विनिंग पारियां खेली। इंग्लैंड के लिए अभी तक बटलर ने 147 मुकाबले खेले हैं और इस दौरान 135 पारियों में 35.26 की औसत से 3950 रन बनाए हैं। बटलर का स्ट्राइक रेट 148.66 का है। उनके नाम 1 शतक और 28 अर्धशतक भी दर्ज हैं।
सूर्यकुमार यादव के T20I में बल्लेबाजी आंकड़े
30 साल की उम्र में काफी सारे खिलाड़ी इंटरनेशनल लेवल पर मौका न मिलने पर हिम्मत हार जाते हैं लेकिन सूर्यकुमार यादव ने उसी समय डेब्यू किया और फिर कुछ ही सालों में T20I के नंबर 1 बल्लेबाज भी बन गए। सूर्यकुमार को 2021 में इंग्लैंड के खिलाफ अहमदाबाद में डेब्यू का मौका मिला था और उन्होंने जोफ्रा आर्चर के खिलाफ छक्का लगाकर अपना खाता खोलते हुए बता दिया था कि वो इस फॉर्मेट में तूफ़ान मचाने आए हैं। इस खिलाड़ी ने कई सालों तक जबरदस्त परफॉरमेंस किया और फिर 2024 से पूर्णकालिक टी20 कप्तान बन गए।
अगर सूर्यकुमार यादव के T20I बल्लेबाजी आंकड़ों पर गौर करें तो उन्होंने अभी तक 104 मुकाबले खेले हैं और 98 पारियों में बैटिंग करते हुए 3030 रन बनाए हैं। इस दौरान सूर्या का बल्लेबाजी औसत 36.95 का रहा है और उनका स्ट्राइक रेट 165.48 का है। सूर्या के बल्ले से अभी तक 4 शतक और 24 अर्धशतक आए हैं।
बटलर और सूर्या में से आंकड़ों के लिहाज से कौन T20I में बेहतर बल्लेबाज
T20I में जोस बटलर और सूर्यकुमार यादव के आंकड़ों की तुलना करें तो सूर्या का पलड़ा साफ़ भारी लगता है। बटलर ने सूर्या की तुलना में 43 मैच ज्यादा खेले हैं। इसी वजह से वो रनों के मामले में आगे हैं लेकिन बल्लेबाजी औसत और स्ट्राइक रेट के हिसाब से सूर्यकुमार आगे नजर आते हैं। सूर्या का बल्लेबाजी औसत और स्ट्राइक रेट ज्यादा बेहतर है। इससे पता चलता है कि उन्होंने तेजी से रन बनाने के साथ ही निरंतरता भी दिखाई है। वहीं, सूर्या ने बटलर की तुलना में तीन शतक ज्यादा लगाए हैं, जो उनकी लंबी पारी खेलने की काबिलियत को दर्शाता है।
FAQs
जोस बटलर और सूर्यकुमार यादव में से T20I में किसके नाम ज्यादा रन हैं?
सूर्यकुमार यादव ने जोस बटलर के मुकाबले T20I में कितने ज्यादा शतक बनाए हैं?
यह भी पढ़ें: क्या रोहित-कोहली को मिलनी चाहिए वर्ल्ड कप 2027 में जगह? एमएस धोनी ने दिया जवाब