Virat Kohli: टीम इंडिया के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने आईपीएल 2026 का धमाकेदार अंदाज में आगाज किया और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ नाबाद अर्धशतक लगाकार अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। कोहली की पारी की सबसे बड़ी खासियत टाइमिंग से खेले गए कुछ शॉट रहे।
सामने की तरफ उन्होंने एक बेहतरीन छक्का टाइमिंग की मदद से लगाया, जिसके लिए हर कोई विराट कोहली (Virat Kohli) की तारीफ करता नजर आया। वहीं, उनकी पारी को देखकर पूर्व भारतीय खिलाड़ी ने कोहली से टेस्ट रिटायरमेंट से वापस आने का अनुरोध किया है।
SRH के खिलाफ विराट कोहली (Virat Kohli) ने दिखाया अपनी बल्लेबाजी का जलवा

आईपीएल 2026 का पहले मैच बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला गया। मुकाबले में SRH ने पहले बल्लेबाजी की और अपने कप्तान ईशान किशन की 80 रनों की पारी की मदद से RCB को 202 का मुश्किल लक्ष्य दिया। जवाब में बेंगलुरु की टीम की शुरुआत खराब रही और फिल साल्ट शुरुआत में ही आउट हो गए। इसके बाद, दूसरे छोर के बल्लेबाज आक्रामक अंदाज में रन बनाते नजर आए, जबकि विराट कोहली (Virat Kohli) ने अपनी क्लास और टाइमिंग दिखाई। इसके बाद, आखिरी में तेजी से रन बटोरने का काम किया।
विराट कोहली (Virat Kohli) ने मात्र 38 गेंदों में नाबाद 69 रन बनाए, जिसमें पांच चौके और पांच छक्के भी शामिल रहे। उनकी टाइमिंग की क्वालिटी को देखते हुए पूर्व भारतीय बल्लेबाज अंबाती रायुडू ने कोहली से टेस्ट संन्यास से वापसी करने और अगले पांच से छह साल तक क्रिकेट खेलने का आग्रह किया।
अपने करियर के अंतिम पड़ाव के बिलकुल भी नजदीक नहीं हैं विराट कोहली
ईएसपीएन क्रिकइंफो के ‘टाइम आउट’ शो पर RCB vs SRH मैच के बाद, विराट कोहली (Virat Kohli) को लेकर बात करते हुए अंबाती रायुडू ने कहा,
“मुझे लगता है कि आईपीएल में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन अभी आना बाकी है। हमने जो देखा है वह तो बस एक झलक है। फिटनेस उनके लिए कभी कोई समस्या नहीं रही। मुझे नहीं लगता कि उन्हें कभी भी अपनी शारीरिक फिटनेस, गेंद पर देर से पहुंचने या फील्डिंग में धीमे पड़ने जैसी कोई परेशानी होगी। एकमात्र चीज जो उन्हें पीछे धकेल सकती है, वह है उनकी मानसिक स्थिति। मुझे नहीं लगता कि उनका करियर खत्म होने वाला है। मुझे अभी भी उनमें पांच से छह साल का शानदार खेल नजर आता है।”
टेस्ट कप्तान के रूप में करनी चाहिए वापसी
विराट कोहली (Virat Kohli) की फिटनेस और टाइमिंग से प्रभावित CSK के पूर्व खिलाड़ी ने यहां तक कह दिया कि दाएं हाथ के इस खिलाड़ी को टेस्ट टीम में कप्तान के रूप में वापसी करनी चाहिए। रायुडू ने कहा,
“मुझे लगता है कि उन्हें टेस्ट क्रिकेट में वापसी करनी चाहिए। उम्मीद है, कप्तान के तौर पर। कम से कम मैंने तो भारतीय क्रिकेट में उन्हें सबसे बेहतरीन लाल गेंद के कप्तान के रूप में देखा है। जिस तरह से वह बल्लेबाजी कर रहे हैं, मुझे लगता है कि भारतीय क्रिकेट के लिए यह एक बड़ा नुकसान है।”
बता दें कि विराट कोहली ने पिछले साल आईपीएल के दौरान ही अचानक से टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का ऐलान करते हुए सभी को चौंका दिया था। माना जा रहा था कि कोहली इंग्लैंड दौरे के बाद टेस्ट फॉर्मेट को छोड़ने को लेकर फैसला ले सकते हैं लेकिन उन्होंने पहले ही रिटायरमेंट ले लिया था। बीच में BCCI द्वारा कोहली के टेस्ट से संन्यास वापस लेने के अनुरोध की खबरे आई थीं, जो बाद में बेबुनियाद साबित हुईं। विराट ने भी हाल-फिलहाल ऐसा कोई हिंट नहीं दिया, जिससे उनकी टेस्ट वापसी की संभावना नज़र आए।
FAQs
विराट कोहली के टेस्ट रिटायरमेंट की वापसी की बात किसने कही है?
SRH के खिलाफ विराट कोहली ने कितने रनों की पारी खेली?
यह भी पढ़ें: मोस्ट पावरफुल इंडियन लिस्ट में जय शाह को 22वीं, तो गंभीर को मिली 74वीं रैंक, जानें बुमराह-कोहली का स्थान