Michael Vaughan picks best of all-time in IPL: टी20 क्रिकेट को शुरू हुए दो दशक से ज्यादा हो गए हैं और अब इस फॉर्मेट ने फैंस के बीच में बहुत ही खास जगह बना ली है। इंटरनेशनल लेवल पर ICC ने टी20 मैचों की संख्या बढ़ा दी है। वहीं, लगभग हर बड़े देश में टी20 लीग भी खेली जा रही हैं और घरेलू क्रिकेट में भी सबसे छोटे फॉर्मेट के टूर्नामेंट नियमित रूप से खेले जाते हैं। हालांकि, सभी की नजर IPL पर रहती है, जिसका 19वां सीजन 28 मार्च से शुरू होगा।
आईपीएल 2026 के आगाज से पहले इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने IPL में ऑल टाइम बेस्ट कप्तान, टीम, ऑलराउंडर, बल्लेबाज और मोमेंट का जिक्र किया है। वॉन ने इन सब का जवाब क्रिकबज पर दिया है।
माइकल वॉन ने इस भारतीय को चुना IPL का ऑल टाइम बेस्ट बल्लेबाज

इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने क्रिकबज पर बेस्ट ऑफ़ ऑल टाइम आईपीएल एडिशन में हिस्सा लिया और इस दौरान कई सवालों के जवाब दिए। वॉन से सबसे पहले ऑल टाइम IPL का बेस्ट बल्लेबाज पूछा गया। इस पर वॉन ने क्रिस गेल, सुरेश रैना, रोहित शर्मा और जोस बटलर का नाम लिया लेकिन आखिरी में उन्होंने विराट कोहली को सर्वश्रेष्ठ बताया।
माइकल वॉन का यह जवाब काफी हद तक सही भी है, क्योंकि विराट कोहली के नाम IPL के कई जबरदस्त रिकॉर्ड हैं और उन्होंने लीग में सबसे ज्यादा रन व शतक भी बनाए हैं। कोहली के नाम 8661 रन दर्ज हैं और इस दौरान उनके बल्ले से आठ शतक भी आए हैं। यह रिकॉर्ड कोहली को अन्य बल्लेबाजों की तुलना में आगे करता है।
IPL का ऑल टाइम बेस्ट कप्तान, गेंदबाज और टीम में माइकल वॉन ने बताई अपनी पसंद
माइकल वॉन से आगे आईपीएल के ऑल टाइम बेस्ट गेंदबाज के बारे में पूछा जाता है। इस पर उन्होंने जसप्रीत बुमराह का नाम लिया, जिन्होंने लीग में 2013 के सीजन से अपने करियर की शुरुआत की थी और अब तक 183 विकेट झटक चुके हैं। बुमराह ने ये विकेट 22.02 की औसत से अपने नाम किए हैं और उनका इकोनॉमी रेट 7.24 का है।
अगला सवाल ऑल टाइम बेस्ट IPL कप्तान को लेकर था, जिसमें माइकल वॉन पांच-पांच खिताब जीतने वाले रोहित शर्मा और एमएस धोनी में थोड़ा कन्फ्यूज दिखे लेकिन आखिरी में उन्होंने धोनी को चुना। बता दें कि धोनी ने CSK के साथ पांच बार आईपीएल ट्रॉफी अपने नाम की है।
इसके बाद, IPL की ऑल टाइम बेस्ट टीम को लेकर माइकल वॉन चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच किसी एक को चुनने में थोड़ा कश्मकश में नजर आए लेकिन अंत में उन्होंने मुंबई इंडियंस को चुना, जिसने 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में आईपीएल का खिताब जीता।
IPL का ऑल टाइम बेस्ट विकेटकीपर, ऑलराउंडर और मोमेंट
सेगमेंट में माइकल वॉन से बेस्ट आईपीएल विकेटकीपर के बारे में पूछा गया तो वॉन ने पहले क्विंटन डी कॉक का जिक्र किया लेकिन फिर एमएस धोनी को चुना। धोनी ने लीग में अपनी विकेटकीपिंग से कई बार सभी को हैरान कर दिया और उनकी स्टंपिंग व रन आउट चर्चा का विषय रहे।
इसके बाद, IPL के बेस्ट ऑलराउंडर के बारे में माइकल वॉन ने बिना देरी किए हार्दिक पांड्या का नाम लिए, जिन्होंने लीग में बल्ले व गेंद से अपनी अलग पहचान बनाई। आईपीएल में हार्दिक ने मुंबई इंडियंस के साथ शुरुआत की थी और लगातार 2021 तक नज़र आए। इसके बाद, 2022 और 2023 में उन्होंने गुजरात टाइटंस की तरफ से खेला लेकिन 2024 में फिर से उन्होंने अपनी पुरानी आईपीएल टीम में वापसी की और उन्हें कप्तान भी बनाया गया। 2026 में भी हार्दिक बतौर कप्तान ही नजर आएंगे।
सबसे अंत में, माइकल वॉन से ऑल टाइम बेस्ट IPL मोमेंट के बारे में पूछा गया। इस पर वॉन ने शेन वॉर्न की अगुवाई में राजस्थान रॉयल्स के खिताब जीतने वाले मोमेंट को चुना।
View this post on Instagram
FAQs
माइकल वॉन ने किसे IPL का ऑल टाइम बेस्ट कप्तान चुना है?
यह भी पढ़ें: ‘वहीं होगा भारत का अगला टी20 कप्तान…’ आकाश चोपड़ा ने खोल डाला राज, बताया कौन बन रहा टीम इंडिया का कैप्टन