Tushar Deshpande: इंडियन प्रीमियर लीग के सीजन 18 यानी आईपीएल 2025 (IPL 2025) में राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) का प्रदर्शन बेहद ही निराश करने वाला रहा है। इस सीजन इस टीम ने अब तक 11 मैच खेले हैं, जिसमें से सिर्फ 3 में इसे जीत मिली और 8 में हार का सामना करना पड़ा। इसके साथ इस टीम का प्लेऑफ का सपना पूरी तरह से चकनाचूर हो गया है।।
इस वजह से इसके तमाम फैंस काफी ज्यादा दुखी हैं। हालांकि इन्हीं सब चीजों के बीच अचानक इस टीम के तेज गेंदबाज तुषार देशपांडे (Tushar Deshpande) की किस्मत चमक गई है और वह मुंबई की टीम में शामिल हो गए हैं। तो आइए जानते हैं कि आखिर सारा माजरा क्या है।
Tushar Deshpande की हुई मुंबई टीम में एंट्री
भारत के युवा स्टार तेज गेंदबाजों में से एक तुषार देशपांडे (Tushar Deshpande) की मुंबई साउथ सेंट्रल मराठा रॉयल्स की टीम में एंट्री हो गई है। दरअसल, मुंबई में एक टी20 लीग शुरू होने जा रही है और इसी लीग के एक टीम में तुषार शामिल हुए हैं। मुंबई साउथ सेंट्रल मराठा रॉयल्स ने मुंबई टी20 लीग सीजन 3 के लिए तुषार को आइकन प्लेयर के तौर पर अपनी टीम में चुना है।
मराठा रॉयल्स में शामिल होने के बाद कही ये बात
तुषार देशपांडे (Tushar Deshpande) ने मुंबई साउथ सेंट्रल मराठा रॉयल्स की टीम में शामिल होने के बाद कहा कि वह इस नई फ्रेंचाइजी का हिस्सा बनकर वाकई बहुत खुश हूं। कुछ नया शुरू करना हमेशा रोमांचक होता है, खासकर ऐसी टीम के साथ जो मुंबई की क्रिकेट जड़ों से इतनी करीब से जुड़ी हुई है।
उन्होंने बताया कि वह अपनी पूरी ज़िंदगी मुंबई में रहे हैं, उन्होंने क्रिकेट में अपना पहला कदम शिवाजी पार्क में रखा था। एक गौरवशाली मराठा के रूप में, वह रॉयल्स के विज़न से सहमत हैं और वह मैदान व ड्रेसिंग रूम दोनों में इसे शेप देने में मदद करने के लिए भी उत्सुक हैं। ऐसे में अब देखना होगा कि वह इस टी20 लीग में कितना असरदार साबित होंगे।
26 मई से शुरू होगा टूर्नामेंट
बता दें कि मुंबई टी20 लीग 2025 (Mumbai T20 League 2025) मुंबई टी20 लीग का तीसरा सीजन होने जा रहा है। इस सीजन की शुरुआत 26 मई को होगी। वहीं इसका फाइनल 8 जून को खेला जाएगा। इसमें कुल आठ टीमें हिस्सा ले रहीं हैं। इस टूर्नामेंट का आयोजन साल 2019 के बाद अब किया जा रहा है। इसके ब्रांड एंबेसडर हिटमैन रोहित शर्मा हैं।
करीब महीना भर पहले मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने इस टूर्नामेंट के कमबैक का ऐलान किया था और रोहित को इसका फेस बनाया था। तो देखना काफी दिलचस्प रहेगा कि इस बार का यह टूर्नामेंट कितना सफल रहेगा।
ये 8 टीमें लेंगी हिस्सा
मुंबई टी20 लीग 2025 में जो 8 टीमें खेलते दिखाई देने वाली हैं, उनमें नॉर्थ मुंबई पैंथर्स, एआरसीएस अंधेरी, ट्रायम्फ नाइट्स मुंबई नॉर्थ ईस्ट, नमो बांद्रा ब्लास्टर्स, ईगल थाने स्ट्राइकर्स, आकाश टाइगर्स मुंबई वेस्टर्न सबअर्ब्स, सोबो मुंबई फाल्कन्स और मुंबई साउथ सेंट्रल मराठा रॉयल्स का नाम शामिल है। ज्ञात हो कि इसके पहले सीजन ट्रायम्फ नाइट्स मुंबई नॉर्थ ईस्ट ने बाजी मारी थी। वहीं दूसरे सीजन नॉर्थ मुंबई पैंथर्स ने ट्रॉफी पर कब्ज़ा किया था। इस बार के इस टूर्नामेंट में कई नामचीन चेहरे भी दिखाई देने वाले हैं।
यह भी पढ़ें: KKR से होने के बावजूद गंभीर के दिल में जगह नहीं बना पाया ये खिलाड़ी, 4 साल से नहीं हुई टीम इंडिया में वापसी