BCCI gives information about the Indian player ruled out: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा ले रही टीम इंडिया पर सभी की नजर है और उसे फाइनल में जगह बनाने के लिए 5 मार्च को इंग्लैंड से करो या मरो वाला सेमीफाइनल मुकाबला खेलना है। यह मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। इस टूर्नामेंट के बीच ऑस्ट्रेलिया में भारतीय महिला टीम भी एक्शन में नजर आ रही है।
भारत और ऑस्ट्रेलिया की महिला टीमों के बीच मल्टी-फॉर्मेट सीरीज खेली जा रही है, जिसमें 3 टी20 और 3 वनडे हो चुके हैं। अब सिर्फ 6 मार्च से खेला जाने वाला एकमात्र टेस्ट ही बाकी है। हालांकि, इस मैच से पहले BCCI ने स्टार खिलाड़ी रेणुका ठाकुर के मुकाबले से बाहर होने की जानकारी दी है।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एकमात्र टेस्ट का रेणुका ठाकुर नहीं होंगी हिस्सा

भारतीय महिला टीम की तेज गेंदबाज रेणुका ठाकुर के ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शुक्रवार, 6 मार्च से शुरू होने वाले एकमात्र टेस्ट से बाहर होने की जानकारी BCCI ने एक मीडिया रिलीज के माध्यम से दी। बोर्ड की तरफ से जारी रिलीज में बताया गया कि रेणुका पर्थ में होने वाले एकमात्र टेस्ट का हिस्सा नहीं होंगी। हालांकि, उनके बाहर होने के पीछे की वजह वर्कलोड मैनेजमेंट बताया गया है।
BCCI ने अपनी मीडिया रिलीज में आगे बताया कि रेणुका को आराम करने की सलाह दी गई है ताकि वे अपने कार्यभार को बेहतर ढंग से संभाल सकें। BCCI की मेडिकल टीम रेणुका की फिटनेस पर कड़ी नजर रखेगी। बता दें कि रेणुका काफी समय से लगातार क्रिकेट खेल रही हैं। उन्होंने साल की शुरुआत में WPL 2026 में हिस्सा लिया और फिर इसके बाद ऑस्ट्रेलिया दौरे पर टीम इंडिया के साथ आ गईं। इस दौरान उन्होंने तीन मैचों की टी20 सीरीज में सभी मुकाबले खेले और फिर वनडे सीरीज के दो मुकाबलों में हिस्सा लिया। इस दौरान रेणुका ने कुल 5 विकेट अपने नाम किए।
रेणुका ठाकुर के रिप्लेसमेंट का BCCI ने किया ऐलान
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एकमात्र टेस्ट के लिए रेणुका ठाकुर के बाहर होने पर BCCI ने उनके रिप्लेसमेंट के रूप में काशवी गौतम को मौका दिया है, जो एक तेज गेंदबाज हैं। काशवी ने अभी तक अपना टेस्ट डेब्यू नहीं किया है लेकिन भारतीय टीम के लिए 6 वनडे खेल चुकी हैं और इस दौरान 3 विकेट लिए और 90 रन भी बनाए। काशवी को चुने जाने के पीछे की वजह उनकी गेंदबाजी के साथ-साथ बल्लेबाजी की क्षमता भी है, जिससे टीम को बल्लेबाजी गहराई में मदद मिल सकती है।
हाल ही में हुए घरेलू मल्टी-डे टूर्नामेंट में काशवी ने तीन मैचों में चार विकेट लिए। तेज गेंदबाजों में उनसे ज्यादा विकेट सिर्फ सायली सतघरे (चार मैचों में छह विकेट) ने लिए। भारत के पास तेज गेंदबाजी विभाग में अब काशवी के अलावा क्रांति गौड़, सयाली सतघरे और अमनजोत कौर भी हैं। हालांकि, इनमें से किसी ने भी टेस्ट मैच नहीं खेला है। ऐसे में इनके लिए यह एक अलग अनुभव हो सकता है।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एकमात्र टेस्ट के लिए भारतीय महिला टीम का अपडेट स्क्वाड
हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), शैफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, अमनजोत कौर, ऋचा घोष (विकेटकीपर), उमा छेत्री (विकेटकीपर), प्रतिका रावल, हरलीन देओल, दीप्ति शर्मा, काशवी गौतम, स्नेह राणा, क्रांति गौड़, वैष्णवी शर्मा, सयाली सतघरे।
FAQs
भारत और ऑस्ट्रेलिया की महिला टीमों के बीच एकमात्र टेस्ट कब से शुरू होगा?
रेणुका ठाकुर की जगह किस खिलाड़ी को रिप्लेसमेंट के रूप में BCCI ने मौका दिया है?
यह भी पढ़ें: रिंकू सिंह के बाद इस खिलाड़ी के घर भी पसरा मातम, पिता का हुआ देहांत, क्रिकेट जगत में फैली मायूसी