Shadab Khan vs Axar Patel Better All-Rounder in T20I: क्रिकेट के खेल में दो खिलाड़ियों की तुलना कोई नई बात नहीं होती है। बल्लेबाजों और गेंदबाजों की तुलना अक्सर होती है। वहीं, ऑलराउंडर खिलाड़ियों के बीच भी फैंस बेहतर कौन है इसका चयन करते रहते हैं।
मौजूदा समय में अगर टी20 इंटरनेशनल में बेहतरीन स्पिन ऑलराउंडर्स की बात करें तो इसमें पाकिस्तान के शादाब खान और भारत के अक्षर पटेल का नाम भी आता है। हालांकि, इन दोनों में T20I का बेहतरीन स्पिन ऑलराउंडर कौन है, इसका जवाब देना काफी मुश्किल है। ऐसे में पहले इनके आंकड़े जान लेते हैं और फिर तुलना के माध्यम से जवाब जानते हैं।
शादाब खान का T20I में ऑलराउंडर के तौर पर प्रदर्शन

दाएं हाथ के खिलाड़ी शादाब खान ने 26 मार्च 2017 को वेस्टइंडीज के खिलाफ T20I डेब्यू किया था। हालांकि, शुरुआत में शादाब की पहचान एक लेग स्पिनर के रूप में थी लेकिन अपने करियर के कुछ सालों बाद उन्होंने खुद के अंदर बल्लेबाजी क्षमता को विकसित किया और व्हाइट बॉल फॉर्मेट में ऑलराउंडर के रूप में खुद को साबित किया। इसी वजह से आज शादाब को न सिर्फ गेंद से बल्कि बल्ले से भी एक मैच विनर माना जाता है।
27 साल के शादाब अब तक पाकिस्तान के लिए 119 T20I मुकाबले खेल चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 111 पारियों में गेंदबाजी करते हुए 24.09 की औसत से 120 विकेट अपने नाम किए हैं। उनका इकॉनमी रेट 7.33 का है। वहीं, बल्लेबाजी में शादाब ने 65 पारियों में 18.95 की औसत और 143.58 की स्ट्राइक रेट से 929 रन बनाए हैं। शादाब ने एक अर्धशतक भी जड़ा है।
अक्षर पटेल का T20I में ऑलराउंडर के तौर पर प्रदर्शन
भारत के लिए अक्षर पटेल ने साल 2015 में जिम्बाब्वे दौरे पर 17 जुलाई को हरारे में T20I डेब्यू किया था। अक्षर को शुरुआत में रवींद्र जडेजा के बैकअप के रूप में इस्तेमाल किया जाता था। इसी वजह से उन्हें तभी खेलने का मौका मिलता था, जब जडेजा उपलब्ध नहीं होते थे। शुरुआत में अक्षर भी उतनी बल्लेबाजी नहीं कर पाते थे लेकिन उनकी गेंदबाजी कमाल की थी। हालांकि, अब अक्षर पूर्ण रूप से खुद को ऑलराउंडर बना चुके हैं और गेंद के साथ-साथ बल्ले से भी खतरनाक खिलाड़ी बन गए हैं।
बाएं हाथ के ऑलराउंडर अक्षर पटेल ने अभी तक 88 T20I मुकाबले खेले हैं। इस दौरान, अक्षर ने 82 पारियों में 21.55 की औसत और 7.30 की इकॉनमी रेट से 88 विकेट झटके हैं। वहीं, बल्लेबाजी में अक्षर ने 54 पारियों में 19.44 की औसत से 700 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 134.61 का है। अक्षर के नाम भी एक अर्धशतक दर्ज है।
शादाब खान और अक्षर पटेल के T20I में ऑलराउंड प्रदर्शन के आधार पर कौन बेहतर?
अगर शादाब खान और अक्षर पटेल के T20I में ऑलराउंड प्रदर्शन की तुलना करें तो रनों और विकेटों के मामले में शादाब आगे हैं, क्योंकि उन्होंने अक्षर की तुलना में 31 मैच ज्यादा खेले हैं। हालांकि, बल्लेबाजी और गेंदबाजी औसत के मामले में शादाब की तुलना में अक्षर बेहतर हैं। इसके बावजूद दोनों के आंकड़ों में ज्यादा अंतर नहीं कहा जा सकता है। फिर भी अक्षर पटेल को बेहतर ऑलराउंडर कहा जा सकता है, क्योंकि उन्होंने हालिया वर्षों में काफी अच्छा किया है, जबकि शादाब को बीच में खराब प्रदर्शन के कारण ड्रॉप भी कर दिया गया था।