BCB Banned Manjurul Islam: समाज में महिलाओं पर काफी अत्याचार होते हैं और यौन उत्पीड़न का मामले काफी बड़ी मात्रा में देखने को मिलते हैं। पहले माना जाता था कि ये सब छोटे शहरों से आने वाली लड़कियों या फिर साधारण जिंदगी जी रही गर्ल्स को झेलना पड़ता है लेकिन ऐसा नहीं है। क्रिकेट में भी बड़े पदों पर तैनात अधिकारी महिला खिलाड़ियों के साथ कई बार गलत काम कर चुके हैं और अब एक ऐसा ही मामला बांग्लादेश से आया है।
जी हां, बांग्लादेश महिला टीम की अनुभवी तेज गेंदबाज और पूरा कप्तान जहाँनारा आलम को अपने ही देश में यौन उत्पीड़न का शिकार होना पड़ा था और उनके साथ यह गलत काम राष्ट्रीय महिला टीम के पूर्व चयनकर्ता मंजुरूल इस्लाम ने किया था। इसी वजह से बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने कड़ा एक्शन लेते हुए मंजुरूल पर बैन (Ban) लगा दिया है।
जहाँनारा इस्लाम के साथ यौन उत्पीड़न करने पर बैन (Ban) हुए मंजुरूल इस्लाम

दरअसल, पिछले साल नवंबर में बांग्लादेश महिला टीम की सीनियर मेंबर जहाँनारा आलम ने एक इंटरव्यू के दौरान आरोप लगाया था कि मंजूरुल इस्लाम (टीम के पूर्व मुख्य चयनकर्ता) ने उनसे अश्लील सवाल पूछकर उनके साथ अनुचित व्यवहार किया था। आलम ने 2022 महिला वनडे वर्ल्ड कप के दौरान हुई घटना को लेकर यह बड़ा आरोप लगाया था। इसके अलावा, उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि बीसीबी के कुछ अधिकारियों ने भी अनुचित आचरण किया था।
इसके बाद, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड एक्शन में आया और उसने एक जांच समिति की नियुक्ति की, जिसमें न्यायमूर्ति तारिक उल हकीम जांच समिति के अध्यक्ष थे। उनके साथ डॉ नईमा हक, बैरिस्टर मुहम्मद मुस्तफिजुर रहमान खान, बैरिस्टर सरवत सिराज शुक्ला और बीसीबी निदेशक रूबाबा डोवला शामिल थे। इस समिति ने 31 जनवरी को अपनी रिपोर्ट पूरी की और फिर 2 फरवरी को बीसीबी अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम को सौंपी।
इसके बाद, रविवार को बीसीबी ने डायरेक्टर्स के साथ मीटिंग की और मंजुरूल इस्लाम को अपने अधिकार के अंतर्गत क्रिकेट की सभी गतिविधियों से बैन (Ban) कर दिया। मौजूदा समय में मंजुरूल चीन की महिला टीम के हेड कोच हैं।
मंजुरूल इस्लाम को बैन (Ban) करने के फैसले को लेकर बीसीबी ने क्या कहा?
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने पूरे मामले को लेकर एक बयान जारी किया, साथ ही मंजुरूल इस्लाम के दोषी पाए जाने की जानकारी दी और उन्हें बैन (Ban) किए जाने का फैसला भी सुनाया। बोर्ड ने कहा,
“बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) द्वारा पूर्व बांग्लादेश महिला राष्ट्रीय टीम की कप्तान जहाँआरा आलम की शिकायत की जांच के लिए गठित स्वतंत्र जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर, बोर्ड ने पूर्व राष्ट्रीय क्रिकेटर मंजुरूल इस्लाम पर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अधिकार क्षेत्र में आने वाले सभी प्रकार के प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रोजगार और/या क्रिकेट से संबंधित गतिविधियों में भाग लेने पर बैन लगाने का निर्णय लिया है। बीसीबी समिति की सिफारिशों की समीक्षा कर रही है और रिपोर्ट के आलोक में आवश्यक समझे जाने वाले किसी भी अतिरिक्त उपाय को अपनाएगी।”
अब तक ऐसा रहा है जहाँनारा आलम का इंटरनेशनल करियर
तेज गेंदबाज जहाँनारा आलम ने अभी तक 52 वनडे और 83 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में बांग्लादेश का प्रतिनिधित्व किया है और वो अपने देश की सबसे सफल महिला तेज गेंदबाज हैं। हालांकि, वो काफी समय से बांग्लादेश की टीम में नजर नहीं आई हैं। उन्होंने अपना आखिरी इंटरनेशनल मुकाबला 2024 में खेला था और मौजूदा समय में ऑस्ट्रेलिया में रह रही हैं, जहाँ वो सिडनी में क्लब क्रिकेट खेलने के अलावा कोचिंग के क्षेत्र में भी एक्टिव हैं।