Suryakumar Yadav and Sanju Samson Funny Conversation: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत ने सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है। इसका सबसे ज्यादा श्रेय विकेटकीपर संजू सैमसन को जाता है, जिन्होंने टूर्नामेंट के बीच में आकर अपनी छाप छोड़ी और वेस्टइंडीज के खिलाफ 97* रनों की एक ऐसी पारी खेली, जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा। संजू की पारी की बदौलत ही भारत ने अपने आखिरी सुपर-8 मैच में वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराकर अंतिम-4 में जगह बनाई।
संजू सैमसन (Sanju Samson) की मैच जिताऊ पारी के कारण चारों तरफ प्रशंसा हो रही है और कप्तान सूर्यकुमार यादव भी काफी खुश नजर आए। सूर्या ने भी संजू की तारीफों के पुल बांधे लेकिन संजू ने मजाकिया अंदाज में उनसे कहा कि रुलाएगा क्या पगले। इसके बाद, दोनों हंसने लगे।
Sanju Samson की तारीफ में क्या बोले सूर्यकुमार यादव?

सोमवार, 2 मार्च को बीसीसीआई ने सोशल मीडिया पर एक खास वीडियो शेयर किया, जिसमें संजू सैमसन (Sanju Samson) के साथ भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव नजर आ रहे हैं। इस दौरान सूर्यकुमार ने संजू की जमकर तारीफ की और इस चीज का भी खुलासा किया कि किस तरह संजू ने सबसे पहले टीम हित को प्राथमिकता दी थी। सूर्यकुमार ने कहा,
“मैं हमेशा कहता हूं कि अच्छे लोगों के साथ अच्छी चीजें सही समय पर होती हैं। उनके जैसे किसी व्यक्ति के लिए आगे बढ़कर टीम को वो देने का इससे बेहतर समय या इससे बेहतर मंच नहीं हो सकता जिसकी टीम को जरूरत थी। जैसे ही वो टीम में आए, मुझे लगता है कि जब हम सब साथ बैठे तो उन्होंने सबसे पहले यही कहा था, चलो कुछ ऐसा करते हैं जो टीम चाहती है, न कि वो जो तुम चाहते हो।”
संजू सैमसन (Sanju Samson) को सूर्यकुमार ने बताया तारीफ का हकदार
इसके बाद, सूर्यकुमार ने आगे कहा कि ये सब चीजें अनुभव के साथ आती हैं और संजू सैमसन (Sanju Samson) ने काफी कुछ देखा है। भारतीय कप्तान ने उन चीजों का जिक्र करने से मना किया, जो पिछले साल हुईं, जिसमें संजू को अपनी पोजीशन गंवानी पड़ी और अलग-अलग जगह बल्लेबाजी भी करनी पड़ी। वहीं, आखिरी में उन्हें प्लेइंग 11 से ही बाहर कर दिया गया। सूर्या ने अपनी बात जारी रखते हुए कहा,
“उन्होंने जीवन में बहुत कुछ देखा है, बहुत उतार-चढ़ाव देखे हैं। मैं आपको पूरे साल में जो कुछ हुआ, उसके बारे में विस्तार से नहीं बताना चाहता, अपनी जगह खोना, गलत जगह पर बल्लेबाजी करना और फिर उसी जगह पर वापस बल्लेबाजी करना। वर्ल्ड कप जीतना आसान नहीं होता। वर्ल्ड कप, आईसीसी टूर्नामेंट, साहसी खिलाड़ियों द्वारा जीते जाते हैं, और यह एक साहसी पारी थी। अच्छी शुरुआत से वह थोड़ा आत्मविश्वास में आ सकते थे, लेकिन जिस तरह से उन्होंने बल्लेबाजी की, उन्होंने एक टीम को संभाला और टीम को जीत दिलाई। और इसका सारा श्रेय उन्हीं को जाता है। मैं उनके लिए, उनकी पत्नी, उनके परिवार और उन सभी लोगों के लिए बहुत खुश हूं जो उनसे प्यार करते हैं और उनका समर्थन करते हैं। हम बस एक कदम और करीब आ गए हैं। उम्मीद है, यह सिलसिला जारी रहेगा। मुझे बहुत कुछ कहना है, लेकिन मैं बहुत खुश हूं। वह हर चीज के हकदार हैं।”
सूर्यकुमार यादव के मुंह से अपनी इतनी तारीफ सुनकर संजू सैमसन (Sanju Samson) खुद को रोक नहीं पाए और उनसे कहा कि अबे रुलाएगा क्या पगले। बता दें कि संजू ने ओपनिंग करते हुए 50 गेंदों में 194 की स्ट्राइक रेट से नाबाद 97 रन बनाए, जिसमें 12 चौके और चार छक्के शामिल रहे। अपनी इस पारी की बदौलत संजू ने विराट कोहली के रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया, जो टी20 वर्ल्ड कप में रन चेज में भारत के लिए सर्वाधिक स्कोर का था।