Posted inक्रिकेट न्यूज़ (Latest Cricket News)

RCB के WPL जीतने से गदगद हुए विराट कोहली, स्मृति मंधाना एंड कंपनी को इस तरह दी जीत की बधाई

RCB के WPL जीतने से गदगद हुए विराट कोहली, स्मृति मंधाना एंड कंपनी को इस तरह दी जीत की बधाई

Virat Kohli Reaction RCB WPL 2026 Win: डब्ल्यूपीएल के चौथे सीजन का खिताब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के नाम रहा, जिसने फाइनल में दिल्ली कैपिटल्स को 6 विकेट से हराकर इतिहास रच दिया। इस तरह लीग में आरसीबी संयुक्त रूप से सबसे सफल टीम बन गई है और मुंबई इंडियंस के दो ख़िताब की बराबरी कर ली है।

WPL 2026 के फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने हाई स्कोरिंग मुकाबले में जबरदस्त बल्लेबाजी करते हुए 204 के लक्ष्य को आसानी से अपने नाम किया और दिल्ली कैपिटल्स का एक बार फिर से ख़िताब जीतने का सपना चकनाचूर हो गया। RCB के साथ विराट कोहली का गहरा नाता है और वो शुरुआत से ही इसी टीम के साथ हैं। ऐसे में महिला टीम की कामयाबी पर विराट का रिएक्शन आया और उन्होंने खास अंदाज में जीत की बधाई दी।

विराट कोहली ने WPL 2026 जीतने पर RCB की महिला टीम को दी बधाई

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने जब पहली बार खिताब जीता था, तब विराट कोहली ने वीडियो कॉल के माध्यम से पूरी टीम को बधाई दी थी। वो जीत भी काफी खास थी, क्योंकि उससे पहले तक आरसीबी की फ्रेंचाइजी ने एक भी टाइटल नहीं जीता था। वहीं, अब जब बेंगलुरु की टीम दूसरी बार WPL चैंपियन बनी है, तो इस बार भी कोहली खुद को बधाई देने से नहीं रोक पाए। दिग्गज भारतीय बल्लेबाज ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक खास पोस्ट शेयर करते हुए कप्तान स्मृति मंधाना और पूरे स्क्वाड के साथ-साथ टीम मैनेजमेंट को भी बधाई दी।

विराट कोहली ने अपनी इंस्टाग्राम पोस्ट पर RCB महिला टीम की WPL ट्रॉफी के साथ तस्वीर शेयर की और कैप्शन में लिखा,

“हम फिर से चैंपियन बन गए हैं 🏆⭐️⭐️। आरसीबी का झंडा बुलंद रखा है और यह एक ऐसी उपलब्धि है जिस पर आप सभी गर्व कर सकते हैं। स्मृति, पूरी टीम और प्रबंधन टीम को इस शानदार जीत के लिए हार्दिक बधाई। आप सभी इस जीत के हकदार हैं। इस पल का आनंद लें और हमारे अद्भुत प्रशंसकों के प्यार को महसूस करें ❤️🏆”

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Virat Kohli (@virat.kohli)

दिल्ली कैपिटल्स को हराकर RCB बनी WPL 2026 की चैंपियन

वडोदरा के कोटांबी स्टेडियम में खेले गए फाइनल में दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस गंवा दिया लेकिन पहले बल्लेबाजी करते हुए उसकी शुरुआत अच्छी रही। लिजेल ली और शैफाली वर्मा की ओपनिंग जोड़ी ने 49 रन जोड़े। हालांकि, फिर शेफाली 13 गेंदों में 20 रन बनाकर पावरप्ले के अंतिम ओवर में आउट हो गईं। लिजेल ने कुछ बड़े शॉट खेले लेकिन फिर वो भी 37 रन बनाकर चलती बनीं।

यहां से लॉरा वोल्वार्ट के साथ मिलकर कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स ने मोर्चा संभाला और बेहतरीन अर्धशतकीय पारी खेलते हुए स्कोर को 150 के करीब पहुंचाया। जेमिमा ने 37 गेंदों में 57 रन बनाए। वोल्वार्ट का साथ देने आईं चिनेल हेनरी ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी की और इन दोनों ने स्कोर को 200 के पार पहुंचा दिया। पारी की आखिरी गेंद पर आउट होने से पहले वोल्वार्ट ने 44 रन बनाए। वहीं, हेनरी ने सिर्फ 15 गेंदों पर नाबाद रहकर 35 रन जड़ दिए।

टारगेट का पीछा करते हुए RCB की शुरुआत खराब रही और दूसरे ही ओवर में ग्रेस हैरिस के रूप में बड़ा झटका लग गया, जो 9 रन बनाकर आउट हो गईं। हालांकि, यहां से कप्तान स्मृति मंधाना और जॉर्जिया वॉल की जोड़ी ने दिल्ली कैपिटल्स को बैकफुट पर लाने का काम किया। इन दोनों ने शानदार अंदाज में बल्लेबाजी की और दूसरे विकेट के लिए 164 रनों की साझेदारी करते हुए अपनी टीम की जीत पक्की कर दी। वॉल ने 79 और मंधाना ने 87 रन बनाए। राधा यादव ने 12* और नदीन डी क्लर्क ने 7* रन बनाते हुए अपनी टीम को अंतिम ओवर में आसानी से जीत दिला दी।

FAQs

RCB ने WPL का टाइटल कितनी बार जीता है?
दो बार
WPL के फाइनल में दिल्ली कैपिटल्स को RCB के हाथों कितने विकेट से हार मिली?
6 विकेट

यह भी पढ़ें: WPL 2026 इनामी राशि: RCB को मिला सबसे बड़ा प्राइज, जानें किस खिलाड़ी को मिले कितने रूपये की धनराशि

Prashant Kumar

प्रशांत कुमार क्रिकेट के लेखक हैं, जो इस क्षेत्र में पांच साल से ज्यादा का अनुभव...

Live Stream Dream 11
error: Content is protected !!