Rahmanullah Gurbaz’s one-word answers: IPL को दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग माना जाता है। इसमें खेलने वाले खिलाड़ियों का स्तर भी काफी ऊंचा होता है, क्योंकि अलग-अलग टीमों के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी साथ में खेलते हैं। इसी वजह से विदेशी खिलाड़ी भी अन्य लीग की तुलना में इसे ही प्राथमिकता देते हैं। हालांकि, कुछ खिलाड़ियों को कई सीजन खेलने के बावजूद कभी न कभी अनसोल्ड भी रहना पड़ता है।
इस बार ऐसा अफगानिस्तान के विकेटकीपर रहमानुल्लाह गुरबाज के साथ हुआ है, जो अपनी तूफानी बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं और हाल ही में टी20 वर्ल्ड कप 2026 में कमाल किया था। इस IPL सीजन गुरबाज को किसी ने भी नहीं खरीदा और अब उनके पास रिप्लेसमेंट के रूप में ही आने का मौका होगा। इस बीच गुरबाज खास बातचीत के लिए शुभांकर मिश्रा के साथ नज़र आए और कुछ सवालों का एक शब्द में जवाब दिया।
IPL से जुड़े अलग-अलग सवालों पर रहमानुल्लाह गुरबाज ने इन खिलाड़ियों का लिया नाम

अफगानिस्तान के कुछ ही खिलाड़ियों को आईपीएल में खेलने का मौका मिला है, जिसमें से रहमानुल्लाह गुरबाज एक हैं। गुरबाज ने IPL में तीन बार की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स की तरफ से तीन सीजन खेले हैं। ऐसे में उन्हें इस लीग के बारे में अच्छी समझ है और इसी की मदद से उन्होंने कुछ सवालों का जवाब दिया।
इस अफगानी खिलाड़ी से जब IPL के बेस्ट गेंदबाज के बारे में पूछा गया तो जसप्रीत बुमराह का नाम लिया, जो ज्यादातर लोगों की पसंद हैं। वहीं, वर्ल्ड के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज के रूप में भी गुरबाज ने बुमराह का ही चयन किया। इसके बाद, बेस्ट आईपीएल फिनिशर के रूप में ओपनिंग बल्लेबाज ने अपने पूर्व साथी रिंकू सिंह को चुना, जो केकेआर में हैं। वहीं, बेस्ट ओपनर के रूप में गुरबाज ने आईपीएल में सबसे ज्यादा रनों का रिकॉर्ड अपने नाम रखने वाले विराट कोहली को चुना। वहीं, जब बेस्ट कप्तान की बारी आई तो गुरबाज ने थोड़ा समय लिया फिर श्रेयस अय्यर का नाम लिया।
खिलाड़ियों को इस तरह रहमानुल्लाह गुरबाज ने एक शब्द में किया परिभाषित
IPL राउंड के बाद, रहमानुल्लाह गुरबाज के सामने कुछ खिलाड़ियों के नाम लिए गए और उन्हें एक शब्द में परिभाषित करने को कहा गया। इस पर उन्होंने कई दिलचस्प जवाब दिए। गुरबाज के सामने सबसे पहले ट्रेविस हेड का नाम आया, जिन्हें अफगान खिलाड़ी ने भारत का दुश्मन कहा। हेड ने टीम इंडिया के खिलाफ कई कमाल की पारियां खेली हैं और इसी वजह से भारतीय फैंस का भी यही मानना है।
विराट कोहली को रहमानुल्लाह गुरबाज ने लीजेंड बताया। वहीं, जसप्रीत बुमराह को क्वालिटी बॉलर कहा। इसके बाद, रोहित शर्मा को हिटमैन और स्ट्रॉन्ग कहकर परिभाषित किया। अपने देश के गुलबदीन नैब के लिए गुरबाज ने बॉडी बिल्डर शब्द का इस्तेमाल किया। वहीं, राशिद खान को पूर्ण क्रिकेटर बताया। अंत में मिस्ट्री स्पिनर नूर अहमद को अफगानिस्तान स्टार कहा।
IPL में रहमानुल्लाह गुरबाज के आंकड़े
रहमानुल्लाह गुरबाज ने अपना IPL डेब्यू 2023 में कोलकाता नाइट राइडर्स की तरफ से किया था। गुरबाज को डेब्यू सीजन में ही सबसे ज्यादा मुकाबले खेलने को मिले और इसके बाद के दो सीजन में उनका इस्तेमाल बैकअप के रूप में किया गया। कुल तीन सीजन में गुरबाज ने KKR का प्रतिनिधित्व किया और इस दौरान 19 मैचों में 21.35 की औसत से 363 रन बनाए। उनके बल्ले से दो अर्धशतकीय पारियां भी आईं। गुरबाज को 2026 के सीजन के लिए किसी ने नहीं खरीदा लेकिन अगर कोई विकेटकीपर इंजर्ड होता है तो फिर टीमें उन्हें रिप्लेसमेंट के रूप में चुन सकती हैं।