CSK CEO Gives Update On MS Dhoni Injury: आईपीएल 2026 का मजा एमएस धोनी की इंजरी की वजह से किरकिरा हो चुका है। 28 मार्च को टूर्नामेंट के मौजूदा सीजन के आगाज से कुछ घंटे पहले चेन्नई सुपर किंग्स ने जानकारी दी कि धोनी पिंडली में खिंचाव की समस्या से जूझ रहे हैं और अभी उनका रिहैब जारी है, जिसके कारण उन्हें कम से दो सप्ताह बाहर रहना पड़ सकता है।
जैसे ही यह खबर आई, वैसे ही एमएस धोनी और CSK के फैंस मायूस हो गए, क्योंकि उन्हें अपने पूर्व कप्तान की मैदान में वापसी का इंतजार था। 44 वर्षीय खिलाड़ी टीम के साथ यात्रा भी नहीं कर रहा है और इसी वजह से गुवाहाटी में 30 मार्च यानी आज राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ होने वाले मुकाबले में डगआउट में भी माही नहीं दिखेंगे। वहीं, अब चेन्नई फ्रेंचाइजी के सीईओ ने बताया है कि धोनी को चोट कैसे लगी और उनकी मैदान में वापसी कब हो सकती है।
एमएस धोनी कैसे हुए इंजर्ड, CSK के CEO ने राज से उठाया पर्दा

सोशल मीडिया पर एमएस धोनी की इंजरी को लेकर काफी बात हो रही थी। कुछ यूजर ने यह भी दावा किया कि धोनी शायद जानबूझकर नहीं खेल रहे हैं वह पूरी तरह फिट हैं, क्योंकि अभ्यास सत्र में नियमित रूप से बल्लेबाजी करते नजर आ रहे थे। वहीं, चेन्नई सुपर किंग्स के CEO कासी विश्वनाथन ने पुष्टि करते हुए बताया कि धोनी को पिंडली की इंजरी कब और कैसे हुई।
CSK के CEO के अनुसार, 22 मार्च को धोनी को चोट लगी। उन्होंने यह भी बताया कि धोनी टीम के साथ गुवाहाटी नहीं आगे हैं और उनकी गैरमौजूदगी टीम के लिए एक बड़ा झटका है। RevSportz से विश्वनाथन के कहा,
“हमारे ट्रेनिंग सत्र के दौरान 22 मार्च को थाला ने पिंडली इंजर्ड कर ली। मुझे लगता है। वह लगभग दो सप्ताह के लिए बाहर रहेंगे। वह टीम के साथ यात्रा नहीं कर रहे हैं और चेन्नई में आराम कर रहे हैं। उनकी अनुपस्थिति एक झटका है।”
एमएस धोनी की गैरमौजूदगी में CSK के लिए विकेटकीपर के रोल में ये खिलाड़ी आएगा नजर
काफी सारे फैंस के मन में सवाल था कि एमएस धोनी की गैरमौजूदगी में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए विकेटकीपिंग कौन करेगा, क्योंकि स्क्वाड में कई विकल्प मौजूद हैं। हालांकि, कासी विश्वनाथन ने साफ़ कर दिया कि CSK के लिए विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संजू सैमसन निभाएंगे। हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि टीम को धोनी की कमी काफी ज्यादा खलेगी। विश्वनाथन ने कहा,
“स्पष्ट है कि संजू विकेटकीपिंग करेंगे, क्योंकि एमएस धोनी खेलने नहीं जा रहे हैं। बेशक हम मैच के दौरान धोनी की सलाह को मिस करेंगे। वह चेन्नई में होंगे। संजू सैमसन का फॉर्म बहुत अच्छा है और वह नेट्स में भी अच्छी तरह से जमकर खेल रहे हैं। वह फैंस के पसंदीदा हैं और प्री-लॉन्च इवेंट के दौरान उनका जबरदस्त स्वागत हुआ। इसलिए हम उम्मीद कर रहे हैं कि वह वर्तमान सीजन में सीएसके को वह प्रभाव देंगे जिसकी तलाश है।”
राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मुकाबले में डेवाल्ड ब्रेविस भी CSK के लिए नहीं होंगे उपलब्ध
चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खिलाड़ियों की इंजरी बड़ी समस्या बनी हुई है। सीजन के आगाज से पहले तेज गेंदबाज नाथन एलिस चोट के कारण पूरी तरह बाहर हो गए। वहीं, उनके रिप्लेसमेंट के रूप में साइन किए गए स्पेंसर जॉनसन भी चोटिल हैं। इसके बाद, एमएस धोनी के इंजर्ड होने की पुष्टि हुई। वहीं, राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मुकाबले के एक दिन पहले डेवाल्ड ब्रेविस के भी चोटिल होने की जानकारी मिली। बताया जा रहा है कि ब्रेविस को साइड स्ट्रेन की समस्या हुई है और वह आरआर के खिलाफ नहीं खेल पाएंगे। ऐसे में देखना होगा कि CSK किस कॉम्बिनेशन के साथ उतरती है।