Team India allrounder from Ranji Trophy : भारतीय घरेलू क्रिकेट (Team India) में हर सीजन कुछ ऐसे नाम सामने आते हैं, जो अपने प्रदर्शन से चयनकर्ताओं को सोचने पर मजबूर कर देते हैं। रणजी ट्रॉफी 2025-26 में ऐसा ही एक नाम बनकर उभरे हैं बंगाल के स्टार ऑलराउंडर शाहबाज अहमद।
गेंद और बल्ले दोनों से उनका असर इतना गहरा रहा है कि टीम इंडिया के लिए लंबे समय से बाहर चल रहे इस खिलाड़ी की वापसी की चर्चा एक बार फिर तेज हो गई है। 11 पारियों में 35 विकेट और करीब साढ़े तीन सौ रन बनाकर शाहबाज ने यह साफ कर दिया है कि वह सिर्फ घरेलू क्रिकेट तक सीमित रहने वाले खिलाड़ी नहीं हैं।
गेंद से मचाया रणजी में कोहराम

इस सीजन शाहबाज अहमद का सबसे बड़ा हथियार उनकी लेफ्ट आर्म स्पिन रही है। छह मैचों की 11 पारियों में 35 विकेट लेना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है, लेकिन इससे भी खास बात यह रही कि उन्होंने चार बार एक पारी में पांच विकेट झटके।
लगातार सही लाइन-लेंथ, फ्लाइट और बल्लेबाजों को फंसाने की कला ने उन्हें टूर्नामेंट के सबसे खतरनाक गेंदबाजों में शामिल कर दिया। हरियाणा के खिलाफ उनका 6 विकेट का स्पेल इस बात का सबूत रहा कि वह लंबे स्पेल डालकर भी मैच का रुख अकेले पलट सकते हैं।
बल्ले से भी साबित किया ऑलराउंडर होने का दावा
शाहबाज सिर्फ गेंदबाज नहीं हैं, यह उन्होंने बल्ले से भी साबित किया। रणजी ट्रॉफी 2025-26 में नौ पारियों में 45 से ज्यादा की औसत से 363 रन बनाना किसी भी ऑलराउंडर के लिए शानदार आंकड़ा माना जाता है। इस दौरान उनके नाम एक शतक और दो अर्धशतक दर्ज हैं।
हैदराबाद के खिलाफ आया शतक और असम के खिलाफ नाबाद 66 रन उनकी बल्लेबाजी की परिपक्वता को दर्शाते हैं। निचले क्रम में आकर टीम को मजबूती देना उनकी सबसे बड़ी खासियत बन चुकी है।
Team India से दूरी और वापसी की उम्मीद
शाहबाज अहमद काफी समय से टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं। आखिरी बार उन्हें साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 स्क्वाड में मौका मिला था, लेकिन वह प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं बन सके।
भारत (Team India) के लिए खेले गए सीमित मौकों में भी उन्होंने अपनी उपयोगिता दिखाई है, लेकिन निरंतर मौके न मिलने से उनका अंतरराष्ट्रीय करियर ठहर सा गया। मौजूदा फॉर्म को देखते हुए यह कहना गलत नहीं होगा कि चयनकर्ता अब एक बार फिर उनके नाम पर गंभीरता से विचार कर सकते हैं।
हालांकि, शाहबाज भारत के लिए अभी तक 3 वनडे और दो टी20 मैच खेल चुके हैं, जिसमें उन्होंने क्रमश: 3 और 2 विकेट झटके हैं। उन्होंने आखिरी मैच 7 अक्टूबर 2023 को अफगानिस्तान के खिलाफ एशियाई खेलों में खेला था, जिसके बाद दोबारा उनकी मैदान पर वापसी नहीं हुई है।
घरेलू आंकड़े जो करते हैं मजबूत दावेदारी
अगर शाहबाज के पूरे घरेलू करियर पर नजर डाली जाए तो उनकी निरंतरता साफ दिखती है। प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 40 मैचों में 2000 से ज्यादा रन और नियमित विकेट, लिस्ट ए और टी20 में भी उपयोगी बल्लेबाजी के साथ गेंदबाजी, उन्हें एक संपूर्ण ऑलराउंडर बनाती है।
मौजूदा दौर में जब टीम इंडिया (Team India) को स्पिन ऑलराउंडर के विकल्प चाहिए, शाहबाज का नाम स्वाभाविक तौर पर चर्चा में आता है। रणजी ट्रॉफी 2025-26 का यह सीजन उनके करियर का टर्निंग पॉइंट साबित हो सकता है, जहां से टीम इंडिया (Team India) का दरवाजा एक बार फिर उनके लिए खुलता नजर आ रहा है।