Heart Attack : बरेली के हाफिजगंज क्षेत्र से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है, जहां क्रिकेट खेलते समय एक 22 वर्षीय छात्र की अचानक मौत हो गई। यह घटना न सिर्फ एक परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है, बल्कि समाज के लिए भी एक गंभीर चेतावनी है। तेजी से बढ़ते ऐसे मामलों ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर युवाओं में अचानक कार्डियक अरेस्ट (Heart Attack) जैसी घटनाएं क्यों बढ़ रही हैं।
मैदान पर खेलते-खेलते अचानक गिरा युवक
हरहरपुर मटकली गांव का रहने वाला शाकिब अपने दोस्तों के साथ गांव के ईदगाह के पास मैदान में क्रिकेट खेल रहा था। शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे खेल के दौरान वह अचानक जमीन पर गिर पड़ा। पहले तो साथियों को लगा कि शायद सामान्य थकान या चक्कर की वजह होगी, लेकिन कुछ ही क्षणों में उसकी हालत बिगड़ने लगी। उसे सांस लेने में दिक्कत होने लगी और स्थिति गंभीर हो गई।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
साथी खिलाड़ियों ने बिना देर किए शाकिब को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस खबर ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। ईद से ठीक पहले हुई इस घटना ने खुशियों को मातम में बदल दिया।
पढ़ाई में होशियार, डॉक्टर बनने का था सपना
शाकिब दिल्ली में रहकर बीएससी की पढ़ाई कर रहा था और वह अपने चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। बचपन से ही क्रिकेट का शौक रखने वाला शाकिब एक तेज गेंदबाज के रूप में इलाके में काफी लोकप्रिय था। स्थानीय टूर्नामेंट में उसे खास तौर पर बुलाया जाता था। पढ़ाई में भी वह बेहद होनहार था और आगे चलकर डॉक्टर बनने का सपना देख रहा था। ईद-उल-फितर मनाने के लिए वह करीब एक सप्ताह पहले ही घर लौटा था, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि यह उसका आखिरी सफर होगा।
विशेषज्ञों ने बताई अचानक कार्डियक अरेस्ट की वजह
जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉ. ए.एम. अग्रवाल के अनुसार, इस तरह की घटनाएं सामान्य हार्ट अटैक (Heart Attack) नहीं बल्कि सडेन कार्डियक अरेस्ट के कारण होती हैं। उन्होंने बताया कि खेल के दौरान यदि किसी व्यक्ति को अचानक चक्कर आना, सीने में जकड़न, सांस फूलना या बेहोशी जैसे लक्षण दिखाई दें, तो उन्हें नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। कई बार शरीर में इलेक्ट्रोलाइट असंतुलन के कारण दिल की धड़कन अनियमित हो जाती है, जो ऐसी गंभीर स्थिति पैदा कर सकती है।
ये भी पढ़े : IPL 2026 को चोटों की मार! KKR के 3 तो CSK-DC-SRH के 2-2 PBKS-RCB का 1-1 खिलाड़ी बाहर