IND vs ENG T20 World Cup 2026 Semi Final : टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में भारतीय टीम का सामना इंग्लैंड (IND vs ENG) से 5 मार्च को मुंबई के वानखेड़े क्रिकेट स्टेडियम में होना है। यह लगातार तीसरा मौका है जब दोनों टीमें विश्व कप के सेमीफाइनल में आमने-सामने होंगी।
मुकाबले को लेकर रोमांच चरम पर है, लेकिन फैंस के मन में एक बड़ा सवाल भी है कि अगर बारिश ने खेल बिगाड़ दिया तो क्या होगा। क्या मैच रद्द होने की स्थिति में कोई टीम सीधे फाइनल में पहुंच जाएगी और क्या इसे लेकर आईसीसी का स्पष्ट नियम है।
सेमीफाइनल और रिजर्व डे का नियम
आईसीसी ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल मुकाबलों के लिए रिजर्व डे का प्रावधान किया है। भारत और इंग्लैंड (IND vs ENG) के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के लिए 6 मार्च को रिजर्व डे रखा गया है। नियम के मुताबिक पहले मैच वाले दिन ही खेल पूरा कराने की कोशिश की जाएगी।
इसके लिए अतिरिक्त 90 मिनट का समय भी दिया जाएगा ताकि कम से कम पांच-पांच ओवर का मुकाबला कराया जा सके। यदि 5 मार्च को लगातार बारिश के कारण मैच शुरू ही नहीं हो पाता या बीच में रुक जाता है, तो मुकाबला 6 मार्च को वहीं से शुरू होगा जहां पर खेल रुका था।
दोनों दिन खेल नहीं हुआ तो क्या होगा
सबसे महत्वपूर्ण सवाल यह है कि अगर 5 और 6 मार्च दोनों ही दिन मौसम खराब रहा और मैच का कोई नतीजा नहीं निकल सका तो किसे फाइनल में जगह मिलेगी। आईसीसी के नियम के अनुसार ऐसी स्थिति में सुपर 8 चरण में बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीम को फाइनल का टिकट मिलेगा।
इंग्लैंड ने सुपर 8 में अपने तीनों मुकाबले जीते थे और अंकतालिका में शीर्ष पर रही थी। दूसरी ओर भारतीय टीम ने दो मैच जीते और एक में हार का सामना किया। ऐसे में यदि सेमीफाइनल पूरी तरह धुल जाता है तो इंग्लैंड को सीधे फाइनल में प्रवेश मिल सकता है। यही कारण है कि मौसम को लेकर भारतीय खेमे की चिंता बढ़ी हुई है।
अन्य सेमीफाइनल और संभावित समीकरण
पहला सेमीफाइनल साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाना है और उसके लिए भी रिजर्व डे रखा गया है। अगर दुर्लभ स्थिति में दोनों सेमीफाइनल बिना परिणाम के समाप्त होते हैं, तो दोनों ग्रुप की टॉप टीमों को फाइनल में प्रवेश मिल सकता है।
सुपर 8 में इंग्लैंड ग्रुप 2 में शीर्ष पर थी, जबकि साउथ अफ्रीका ग्रुप 1 में पहले स्थान पर रही थी। हालांकि इतिहास में ऐसा कम ही देखने को मिला है कि सेमीफाइनल और रिजर्व डे दोनों दिन खेल संभव न हो पाए। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार मुंबई और कोलकाता में भारी बारिश की संभावना नहीं जताई गई है, जिससे उम्मीद है कि मुकाबले निर्धारित समय पर पूरे होंगे।
IND vs ENG : टी20 में दोनों टीमों के रिकॉर्ड
टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में भारत का रिकॉर्ड इंग्लैंड के खिलाफ मजबूत रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक 29 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें भारत ने 17 और इंग्लैंड ने 12 मैच जीते हैं। टी20 वर्ल्ड कप 2024 के सेमीफाइनल में भारत ने इंग्लैंड को 68 रन से हराया था, जबकि 2022 के संस्करण में इंग्लैंड ने भारत को 10 विकेट से पराजित किया था।
ऐसे में दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला केवल फाइनल की दौड़ नहीं बल्कि प्रतिष्ठा की लड़ाई भी है। भारत जहां अपने बेहतर रिकॉर्ड को बरकरार रखना चाहेगा, वहीं इंग्लैंड पिछली हार का बदला लेने के इरादे से मैदान पर उतरेगा।
ये भी पढ़े : 47 की उम्र में जहीर खान की वापसी, BCCI टीम इंडिया में देने जा रही है खास रोल