KKR: आईपीएल 2026 का पहला मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेला गया था, जिसमें केकेआर को 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। मुकाबले में कोलकाता के गेंदबाजों की जमकर धुनाई हुई थी लेकिन टीम में शामिल ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन से एक भी ओवर नहीं कराया गया था, जिस पर काफी सवाल भी खड़े हुए थे। वहीं, सोशल मीडिया पर फैंस ने केकेआर को ट्रोल भी किया था कि ग्रीन को सिर्फ बल्लेबाजी के लिए 25.20 करोड़ खरीदा था क्या।
मैच के बाद, कप्तान अजिंक्य रहाणे से जब कैमरन ग्रीन के गेंदबाजी न करने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने थोड़ा नाराजगी में जवाब दिया था कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से पूछो। इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई बोर्ड की तरफ से जानकारी मिली थी कि ग्रीन पीठ के निचले हिस्से की इंजरी से उबर रहे हैं और कुछ दिनों बाद गेंदबाजी शुरू करेंगे। इसकी जानकारी KKR को भी थी। ऐसे में सवाल था कि ग्रीन कब से गेंदबाजी शुरू करेंगे और अब इसका बड़ा हिंट मिला है।
कैमरन ग्रीन की गेंदबाजी को लेकर KKR ने दिया बड़ा हिंट

दरअसल, कोलकाता नाइट राइडर्स ने सोशल मीडिया पर एक खास वीडियो शेयर किया है, जिसमें कैमरन ग्रीन नेट्स में गेंदबाजी करते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो के साथ कैप्शन में KKR ने लोडिंग का साइन लगाया है। यानी जल्द ही ग्रीन के मुकाबलों में गेंदबाजी करने की संभावना बढ़ गई है। इसी वजह से फैंस भी काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं। उन्हें उम्मीद है कि शायद 2 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ यह ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर गेंदबाजी करते नजर आए, जिससे टीम का संतुलन बेहतर हो सकता है।
— KolkataKnightRiders (@KKRiders) April 1, 2026
बता दें कि कैमरन ग्रीन को बल्ले के साथ-साथ गेंद से भी मैच विनर माना जाता है और उन्होंने आईपीएल व इंटरनेशनल क्रिकेट में काफी गेंदबाजी की है और बड़े-बड़े बल्लेबाजों के विकेट चटकाए हैं। इसी वजह से अगर ग्रीन KKR के लिए गेंदबाजी शुरू कर देंगे, तो उनकी मुश्किलें थोड़ी कम हो जाएंगी।
जीत के साथ घरेलू फैंस के सामने शुरुआत करना चाहिए KKR
कोलकाता नाइट राइडर्स ने आईपीएल 2026 में अपना पहला मुकाबला घर के बाहर बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला था लेकिन अब उनकी घर वापसी हो रही है, क्योंकि सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में होना है। सीजन में पहली बार कोलकाता की टीम अपने घर पर खेलेगी और उसका इरादा जीत के साथ फैंस को खुश करने का होगा। हालांकि, इसके लिए कप्तान अजिंक्य रहाणे को अच्छी योजना के साथ आना होगा, क्योंकि RCB के खिलाफ कुछ गलतियां भी देखने को मिली थीं, जिसका खामियाजा हार के साथ भुगतना पड़ा था।
ऐसे में अब उन गलतियों में सुधार करना होगा। खासतौर पर गेंदबाजों को बेहतर करना होगा, क्योंकि बेंगलुरु के खिलाफ बड़ा स्कोर बनाने के बावजूद KKR को शिकस्त झेलनी पड़ी थी। आरसीबी के बल्लेबाजों के सामने न तो तेज गेंदबाज कारगर साबित हुए और न ही स्पिनर। इसी वजह से गेंदबाजी को दुरुस्त करना होगा। इस मैच में भी मथीशा पथिराना उपलब्ध नहीं होंगे, क्योंकि वह अभी तक भारत नहीं आए हैं। ऐसे में ब्लेसिंग मुजराबानी को फिर से खेलने का मौका मिलने की उम्मीद है।