Posted inक्रिकेट (Cricket)

MI vs KKR: मुंबई की कोलकाता के खिलाफ धमाकेदार जीत, रोहित-रिकेलटन की जोड़ी ने मचाही तबाही; रहाणे का तूफानी पचासा गया बेकार

MI vs KKR: मुंबई की कोलकाता के खिलाफ धमाकेदार जीत, रोहित-रिकेलटन की जोड़ी ने मचाही तबाही; रहाणे का तूफानी पचासा गया बेकार

IPL 2026 MI vs KKR Match Report: आईपीएल 2026 के दूसरे मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 6 विकेट से हराया, साथ ही साल 2012 के बाद से पहली बार किसी सीजन में अपना पहला मैच जीतने का कारनामा भी किया।

वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मैच में पहले खेलते हुए कोलकाता ने 20 ओवर में 220/4 का स्कोर बनाया, जवाब में मुंबई ने 19.1 ओवर में 224/4 का स्कोर बनाया। इस तरह मुंबई की टीम ने आईपीएल के इतिहास में लक्ष्य का पीछा करते हुए अपनी सबसे बड़ी जीत भी दर्ज की।

एलन और रहाणे की ओपनिंग जोड़ी ने दिलाई KKR को तूफानी शुरुआत

MI vs KKR: मुंबई की कोलकाता के खिलाफ धमाकेदार जीत, रोहित-रिकेलटन की जोड़ी ने मचाही तबाही; रहाणे का तूफानी पचासा गया बेकार

टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए फिन एलन और कप्तान अजिंक्य रहाणे की जोड़ी ने शुरूआती ओवरों में ही अपने इरादे जाहिर कर दिए। इन दोनों ने आसानी से बड़े शॉट खेले और 23 गेंदों में अर्धशतकीय साझेदारी पूरी की। इस खतरनाक जोड़ी को पावरप्ले के आखिरी ओवर में शार्दुल ठाकुर ने तोड़ा और एलन को तिलक वर्मा के हाथों कैच आउट करवाया।

कीवी खिलाड़ी ने आउट होने से पहले 17 गेंदों में 37 रन बनाए। वहीं, KKR ने पावरप्ले का अंत 78/1 के स्कोर के साथ किया, जो मुंबई इंडियंस के खिलाफ आईपीएल में पहले छह ओवर में उसका सबसे बड़ा स्कोर भी है। फील्डिंग रेस्ट्रिक्शन्स खत्म हो जाने के बाद भी रहाणे ने आक्रामक रूख अपने रखा और कैमरन ग्रीन के साथ 21 गेंदों में 40 रनों की साझेदारी करते हुए स्कोर को 100 के पार पहुंचाया। ग्रीन ज्यादा देर नहीं टिक पाए और 10 गेंदों में 18 रन बनाकर आउट हो गए।

रघुवंशी और रिंकू ने KKR के स्कोर को पहुंचाया 200 के पार

ग्रीन के आउट होने के बाद, KKR के कप्तान की पारी थोड़ी धीमी पड़ गई और फिर वह 40 गेंदों में 67 रन बनाकर 14वें ओवर में 145 के स्कोर पर आउट हो गए। यहां से अंगकृष रघुवंशी और रिंकू सिंह ने जिम्मा उठाया और तेजी से रन बटोरे। इन दोनों ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 30 गेंदों में 60 रन जोड़े और स्कोर को 200 के पार पहुंचाया।

रघुवंशी ने शानदार अर्धशतक बनाया और 29 गेंदों में 51 रनों की पारी खेली। वहीं, रिंकू ने 21 गेंदों में नाबाद 33 रन बनाए। इस तरह KKR ने पारी को अच्छी तरह फिनिश किया। मुंबई इंडियंस की तरफ से शार्दुल ठाकुर ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए।

रोहित-रिकेलटन की जोड़ी ने पावरप्ले में ही की KKR की हालत खराब

लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई इंडियंस की शुरुआत भी धमाकेदार रही। रोहित शर्मा और रयान रिकेलटन ने शुरुआत से ही KKR के गेंदबाजों को जमने का मौका नहीं दिया और चौके-छक्कों की झड़ी लगा दी। इन दोनों ने 4.1 ओवर में ही टीम के स्कोर को 50 तक पहुंचा दिया और आगे भी आक्रमण करना जारी रखा। रोहित ने 23 गेंदों में अपना अर्धशतक भी पूरा कर लिया। इन दोनों की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की बदौलत मुंबई ने पावरप्ले में बिना किसी नुकसान के 80 रन बनाकर जोरदार शुरुआत की।

शतक से चूके रोहित और रिकेल्टन

पावरप्ले के बाद भी रोहित शर्मा और रयान रिकेलटन का आतंक जारी रहा। रिकेलटन ने 24 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी की। इस दौरान दोनों बल्लेबाजों के बीच शतकीय साझेदारी भी हुई। देखते ही देखते दोनों ने 148 रन जोड़ लिए लेकिन फिर रोहित का विकेट गिर गया। हिटमैन ने 38 गेंदों में 78 रनों की पारी खेली, जिसमें छह चौके और छह छक्के शामिल रहे।

रोहित के आउट होने के बाद रिकेलटन से उम्मीद थी कि वो अपनी पारी को शतक में तब्दील करेंगे लेकिन उनकी पारी का अंत रन आउट से हुआ। इस तरह बाएं हाथ के बल्लेबाज को 43 गेंदों में 81 रन बनाकर पवेलियन लौटना पड़ा। उनकी पारी में चार चौके और आठ छक्के शामिल रहे।

जबरदस्त शुरुआत के कारण KKR को MI ने आसानी से हराया

इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में आए सूर्यकुमार यादव ने तेजी से रन बनाने का प्रयास किया लेकिन 8 गेंदों में 16 रनों की पारी खेलकर 179 के स्कोर पर आउट हो गए। तिलक वर्मा भी मैच फिनिश करने से पहले ही आउट हो गए और 20 रनों का योगदान दिया। अच्छी शुरुआत के कारण इन दोनों विकेटों के गिरने का मुंबई इंडियंस को खास नुकसान नहीं हुआ और उसने अंतिम ओवर जीत दर्ज कर ली। कप्तान हार्दिक पांड्या 18 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं, चौके के साथ मैच खत्म करने वाले नमन धीर भी 5 रन बनाकर नाबाद लौटे। KKR के लिए वैभव अरोरा, सुनील नरेन और कार्तिक त्यागी ने एक-एक विकेट लिया।

FAQs

IPL 2026 में मुंबई इंडियंस ने अपने पहले मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स को कितने विकेट से हराया?
6 विकेट
मुंबई इंडियंस ने कितने साल बाद किसी आईपीएल सीजन में अपना पहला मुकाबला जीता?
14 साल

यह भी पढ़ें: विराट कोहली के बाद, रोहित शर्मा भी फील्डिंग में साबित हुए फिसड्डी, टपकाया लॉलीपॉप कैच; वायरल हुआ वीडियो

Prashant Kumar

प्रशांत कुमार क्रिकेट के लेखक हैं, जो इस क्षेत्र में पांच साल से ज्यादा का अनुभव...

Live Stream Dream 11
error: Content is protected !!