Michael Vaughan’s Prediction on IND vs ENG Semi-Final Match : भारत और इंग्लैंड के बीच होने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2026 सेमीफाइनल से पहले मुकाबले का रोमांच चरम पर है। मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में होने वाले इस बड़े मैच से पहले इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन (Michael Vaughan) ने एक चौंकाने वाली भविष्यवाणी कर दी है।
वॉन का मानना है कि इंग्लैंड के पास भारत से बेहतर स्पिन अटैक है और उन्हें “अजीब सा एहसास” हो रहा है कि इंग्लैंड यह मुकाबला जीत सकता है। टूर्नामेंट की शुरुआत से भारत को खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा था, लेकिन सुपर 8 में मिली हार और कुछ करीबी मुकाबलों ने तस्वीर को दिलचस्प बना दिया है। दूसरी ओर, इंग्लैंड लगातार पांच जीत के साथ आत्मविश्वास से भरा हुआ है।
इंग्लैंड की स्पिन तिकड़ी पर Michael Vaughan का भरोसा

वॉन ने खास तौर पर इंग्लैंड के स्पिन आक्रमण को भारत से बेहतर बताया। उनके मुताबिक आदिल रशीद , लियाम डॉसन और विल जैक्स की तिकड़ी इस टूर्नामेंट में सबसे प्रभावशाली रही है। उन्होंने कहा कि यह स्पिन अटैक बीच के ओवरों में मैच का रुख बदलने की क्षमता रखता है।
वॉन का मानना है कि भारत के स्पिनर वरुण चक्रवती बड़े मैचों में दबाव का सामना करना पड़ा है और उन्होंने अहम मुकाबलों में काफी रन खर्च किए हैं। ऐसे में इंग्लैंड को स्पिन विभाग में बढ़त मिल सकती है।
भारत की रणनीति और कुलदीप का विकल्प
भारत के पास हालांकि विकल्पों की कमी नहीं है। टीम मैनेजमेंट के पास कुलदीप यादव जैसा अनुभवी रिस्ट स्पिनर मौजूद है, जिनका इंग्लैंड के खिलाफ सभी फॉर्मेट में अच्छा रिकॉर्ड रहा है। हालांकि इस टूर्नामेंट में उन्हें सीमित मौके मिले हैं।
अगर भारत सेमीफाइनल में स्पिन कॉम्बिनेशन में बदलाव करता है, तो यह मुकाबले की दिशा तय कर सकता है। भारतीय टीम को अपने गेंदबाजों से पावरप्ले और डेथ ओवरों में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी, क्योंकि इंग्लैंड की बल्लेबाजी भले ही पूरी तरह फॉर्म में नहीं दिखी हो, लेकिन वह किसी भी समय विस्फोटक हो सकती है।
इंग्लैंड की फील्डिंग और छोटी चीज़ों पर फोकस
वॉन (Michael Vaughan) ने इंग्लैंड की फील्डिंग और विकेटों के बीच दौड़ को भी जीत का अहम फैक्टर बताया। उनका कहना है कि जिन छोटी-छोटी चीज़ों पर टीम का नियंत्रण होता है, उनमें इंग्लैंड ने इस टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन किया है।
दबाव के क्षणों में शांत रहना और मौके भुनाना ही नॉकआउट मैचों में अंतर पैदा करता है। यही वजह है कि लगातार पांच जीत ने इंग्लैंड को मानसिक बढ़त दी है। टीम ने कड़े मुकाबलों में भी जीत का रास्ता निकाल लिया, जो बड़े मैच से पहले आत्मविश्वास बढ़ाने वाला संकेत है।
बटलर की फॉर्म और 2022 की यादें
इंग्लैंड के लिए चिंता की बात ओपनर जोस बटलर की खराब फॉर्म है। उन्होंने इस टूर्नामेंट में लगातार कम स्कोर बनाए हैं, लेकिन वॉन का मानना है कि वह हैंड-आई कोऑर्डिनेशन पर खेलने वाले खिलाड़ी हैं और किसी भी दिन लय में लौट सकते हैं।
साथ ही इंग्लैंड के ऑलराउंडर सैम करन ने 2022 के सेमीफाइनल का जिक्र करते हुए कहा कि उस मुकाबले में टीम ने परफेक्ट गेम खेला था और वही मॉडल इस बार भी अपनाया जा सकता है। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारतीय टीम को घरेलू समर्थन जरूर मिलेगा, लेकिन इंग्लैंड का आत्मविश्वास और संतुलित गेंदबाजी आक्रमण इस हाई-वोल्टेज मुकाबले को और भी रोमांचक बना रहा है।
ये भी पढ़ें: कौन हैं टी20 के 2 ऑल टाइम बेस्ट बॉलर? ग्लेन मैग्रा ने तुरंत इन 2 गेंदबाजों का लिया नाम