Mohammed Shami big statement on retirement: अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी IPL 2026 के लिए लखनऊ सुपर जायंट्स का हिस्सा हैं। इस सीजन को शमी के लिए मेक या ब्रेक माना जा रहा है, क्योंकि टीम इंडिया में उन्हें जगह नहीं मिल रही है और यहां भी अच्छा प्रदर्शन नहीं किया तो अगले सीजन से पहले रिलीज किए जा सकते हैं। चर्चा तो यह भी हो रही है कि शमी जल्द ही संन्यास का ऐलान कर सकते हैं।
माना जा रहा है कि पिछले एक साल से टीम इंडिया में जगह न मिलने से साफ़ हो गया है कि मोहम्मद अब योजनाओं का हिस्सा नहीं और इस वजह से वह रिटायर हो सकते हैं। हालांकि, अब तेज गेंदबाज (Mohammed Shami) ने खुद साफ़ कर दिया कि वह कब रिटायरमेंट लेंगे।
संन्यास के सवाल पर मोहम्मद शमी (Mohammed Shami) ने कही बड़ी बात

इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन में लखनऊ सुपर जायंट्स को अपना पहला मुकाबला 1 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेलना है। इस मुकाबले से पहले LSG के कई खिलाड़ियों के इंटरव्यू सामने आ रहे हैं, जिनमें मोहम्मद शमी (Mohammed Shami) भी शामिल हैं। यह इंटरव्यू शुभांकर मिश्रा ने लिया है, जो अपने पॉडकास्ट के लिए काफी मशहूर हैं। शमी से शुभांकर ने कई दिलचस्प सवाल किए। इस दौरान यह भी पूछा कि टीम इंडिया में उनकी वापसी की अनिश्चितता को देखते हुए, क्या दिमाग में कभी संन्यास का ख्याल आया।
इसका जवाब देते हुए, मोहम्मद शमी (Mohammed Shami) ने कहा,
“जब मैं थक जाऊंगा, तो मैं क्रिकेट छोड़ दूंगा। लेकिन अभी मैं रिटायरमेंट के बारे में सोच भी नहीं रहा हूं, क्योंकि ऐसे विचार मन को निराश करते हैं। अगर यह विचार आपके मन में आता है, तो इसका मतलब है कि आप पहले से ही थके हुए हैं। और अगर आप थके हुए हैं, तो इसका मतलब है कि आप ऊब चुके हैं। और मैंने यह बात पहले भी कही है। मैं क्रिकेट उस दिन छोड़ दूंगा जिस दिन मैं सुबह उठकर ऊब महसूस करने का फैसला करूंगा। तो हां, जिस दिन मुझे आलस आएगा या मैं ऊब जाऊंगा, मैं क्रिकेट छोड़ दूंगा। लेकिन न तो मैं ऊबा हुआ हूँ और न ही आलसी। मैं आनंद ले रहा हूँ। परिणाम अच्छे और सकारात्मक हैं।”
मोहम्मद शमी (Mohammed Shami) ने अपना 100% जोर लगाने की भरी हुंकार
2025 चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल के रूप में अपना आखिरी इंटरनेशनल मैच खेलने वाले मोहम्मद शमी (Mohammed Shami) का अभी पूरा ध्यान आईपीएल के मौजूदा सीजन में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए अच्छा करने पर है। शमी को लखनऊ की टीम ने सनराइजर्स हैदराबाद से ट्रेड किया था। अब दिग्गज तेज गेंदबाज अपनी नई टीम के लिए अच्छा करने को बेकरार हैं।
शमी ने कहा,
“एक गेंदबाज के तौर पर मैं अपना 100 प्रतिशत दूंगा। मैं अपनी जिम्मेदारियों को निभाऊंगा और मुझसे जो उम्मीदें रखी गई हैं, उन पर खरा उतरने की कोशिश करूंगा। बाकी, मैं अपनी किस्मत नहीं बदल सकता। मैं सिर्फ अपने रवैये और दृढ़ संकल्प से योगदान दे सकता हूं। अगर लखनऊ ने मुझ पर भरोसा किया है, तो मैं अपना सब कुछ दूंगा। फिर भी, जब भी आप खेल रहे होते हैं, सबसे अहम बात संतुष्टि होती है। क्या मुझे अपनी सारी तैयारियों के हिसाब से परिणाम मिलेंगे? मैंने इस बात पर ध्यान नहीं दिया कि मैंने कितने घरेलू मैच खेले हैं, बल्कि इस बात पर ध्यान दिया कि मेरी लय ठीक है। अगर यही मुख्य बात है, तो मैं भविष्य के बारे में सोचना शुरू कर दूंगा।”
IPL में मोहम्मद शमी के आंकड़े
मोहम्मद शमी (Mohammed Shami) ने 2013 में आईपीएल डेब्यू किया था और तब से लगातार खेलते नजर आए हैं। उन्होंने बीच में सिर्फ दो ही सीजन मिस किए हैं, जिसके पीछे की वजह उनकी इंजरी रही। इस लीग में लखनऊ सुपर जायंट्स शमी की छठी टीम होगी। उन्होंने अभी तक 119 मुकाबले खेले हैं और इस दौरान 28.18 की औसत से 133 विकेट अपने नाम किए। उनका इकॉनमी रेट 8.63 का है।