MS Dhoni in IPL 2026 : आईपीएल में एमएस धोनी (MS Dhoni) का भविष्य हमेशा से चर्चा का विषय रहा है। हर सीजन से पहले और बाद में यही सवाल उठता है कि क्या यह धोनी का आखिरी आईपीएल होगा। हालांकि इस बार अटकलों से अलग तस्वीर ज्यादा साफ नजर आ रही है।
धोनी के करीबी दोस्त और चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व ओपनर रॉबिन उथप्पा के बयान ने इन चर्चाओं को और तेज कर दिया है। उथप्पा का मानना है कि IPL 2026 बतौर खिलाड़ी एमएस धोनी का आखिरी सीजन होगा और इसके संकेत पहले से ही दिखने लगे हैं।
IPL के अलावा कोई क्रिकेट नहीं, फिटनेस सबसे बड़ी चुनौती

एमएस धोनी (MS Dhoni) मौजूदा समय में आईपीएल के अलावा कोई भी प्रतिस्पर्धी क्रिकेट नहीं खेलते हैं। ऐसे में उनके लिए खुद को मैच-फिट बनाए रखना सबसे बड़ी चुनौती बन जाता है। उम्र के इस पड़ाव पर लगातार फिट रहना आसान नहीं होता, खासकर तब जब साल में केवल एक टूर्नामेंट खेला जाए। यही वजह है कि धोनी के भविष्य को लेकर सवाल लगातार उठते रहे हैं, लेकिन इस बार हालात पहले से ज्यादा स्पष्ट नजर आ रहे हैं।
रॉबिन उथप्पा का बयान, अटकलों पर लगा विराम
IPL 2026 मिनी-ऑक्शन के दौरान JioHotstar से बातचीत में रॉबिन उथप्पा ने साफ शब्दों में कहा कि अब धोनी के भविष्य को लेकर किसी तरह की अटकलें नहीं बची हैं। उनके मुताबिक, “यह साफ तौर पर एमएस धोनी का आखिरी सीजन होने वाला है।
अब इसमें कोई शक नहीं है कि वह एक और साल खेलेंगे या नहीं। इस साल के बाद वह पूरी तरह खेल छोड़ देंगे।” उथप्पा का यह बयान इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि उन्होंने धोनी के साथ भारत और CSK दोनों के लिए क्रिकेट खेला है और टीम के अंदरूनी माहौल को अच्छी तरह समझते हैं।
मिनी ऑक्शन में CSK का बदला हुआ रुख
चेन्नई सुपर किंग्स का IPL 2026 मिनी-ऑक्शन में अपनाया गया तरीका भी उथप्पा की बातों को मजबूती देता है। अनुभवी खिलाड़ियों को तरजीह देने वाली CSK ने इस बार युवाओं पर बड़ा दांव खेला। फ्रेंचाइजी ने 19 साल के प्रशांत वीर और 20 साल के कार्तिक शर्मा को 14.2 करोड़ रुपये में खरीदा, जिससे वे संयुक्त रूप से ऑक्शन इतिहास के सबसे महंगे अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ी बन गए।
इसके अलावा नूर अहमद, डेवाल्ड ब्रेविस और ज़ैक फाउल्क्स जैसे युवा खिलाड़ियों पर भी भरोसा जताया गया। उथप्पा के मुताबिक, यह अचानक लिया गया फैसला नहीं बल्कि धोनी के बाद की योजना का हिस्सा है, जिसमें टैलेंट को खोजने, विकसित करने और लंबे समय तक फ्रेंचाइजी के साथ जोड़कर रखने पर फोकस किया जा रहा है।
खिलाड़ी के बाद मेंटर के रूप में MS Dhoni की भूमिका
धोनी को IPL 2025 से पहले अनकैप्ड खिलाड़ी नियम के तहत रिटेन किया गया था, क्योंकि उन्होंने 2019 के वनडे वर्ल्ड कप के बाद कोई अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है। पिछले सीजन में ऋतुराज गायकवाड़ के चोटिल होने पर धोनी ने फिर से कप्तानी संभाली थी, लेकिन अब टीम में संतुलन और नेतृत्व स्थिर हो चुका है।
उथप्पा का मानना है कि धोनी का प्रभाव CSK से खत्म नहीं होगा। अगर वह मैदान पर नहीं भी उतरते हैं, तो टीम के मेंटर के रूप में उनकी मौजूदगी बनी रहेगी। उनके अनुसार, धोनी अब पहले से ही चीज़ों को मेंटर के नजरिए से देख रहे हैं और यही वजह है कि CSK युवा खिलाड़ियों पर भरोसा दिखा रही है।