RR vs MI Match Report: आईपीएल 2026 का 13वां मुकाबला बारिश के प्रभावित रहा लेकिन जब खेल शुरू हुआ तो राजस्थान रॉयल्स का धमाकेदार प्रदर्शन देखने को मिला और उसने मुंबई इंडियंस को 27 रनों से हराकर मौजूदा सीजन में अपनी लगातार तीसरी जीत दर्ज की। मैच में पहले खेलते हुए राजस्थान रॉयल्स ने 150/3 का स्कोर बनाया, जवाब में मुंबई इंडियंस 123/9 का ही स्कोर बना पाई।
बारिश के कारण देर से हुआ RR vs MI मैच का टॉस, कम हुए ओवर और बदले नियम

गुवाहाटी में मैच की शुरुआत से पहले ही काफी तेज बारिश देखने को मिली और फिर इंतजार बढ़ता गया। इसी वजह से टॉस भी निर्धारित समय यानी शाम 7 बजे पर नहीं हो पाया। लगातार हो रही बारिश की वजह से लग रहा था कि मैच रद्द ही हो जाएगा। बीच-बीच में कुछ देर बारिश रुकी लेकिन फिर से बूँदें पड़ने लगती थीं। इसी वजह से ग्राउंड स्टाफ को बार-बार मशक्क्त करनी पड़ रही थी।
हालांकि, 9:12 पर कवर्स हटाने का फैसला लिया गया और फिर मैदान सुखाने का काम शुरू हुआ। इसके बाद, 9:55 पर टॉस हुआ, जिसे मुंबई इंडियंस ने जीता और गेंदबाजी का फैसला किया। मैच में 11-11 ओवर निर्धारित किए गए, जिसमें पावरप्ले 3.2 ओवर का होगा।
जायसवाल और सूर्यवंशी ने पावरप्ले में MI के गेंदबाजों की उड़ाई धज्जियां
RR vs MI मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स को यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी की जोड़ी ने तूफानी शुरूआती दिलाने का काम किया। जायसवाल ने दीपक चाहर के खिलाफ पारी के पहले ही ओवर में चार चौके और एक छक्का लगाकर अपने इरादे जाहिर कर दिए। इसके बाद असली रोमांच दूसरे ओवर में देखने को मिला, जब जसप्रीत बुमराह गेंदबाजी को आए और पहली ही गेंद पर वैभव सूर्यवंशी ने कड़क शॉट खेलते हुए जोरदार छक्का लगाया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा। इसके बाद, इसी ओवर में सूर्यवंशी ने एक और छक्का लगाया।
इसके बाद, पारी का तीसरा ओवर डालने आए ट्रेंट बोल्ट को भी इन दोनों ने निशाना बना लिया और इसी ओवर में राजस्थान रॉयल्स ने 50 रनों का आंकड़ा पार कर लिया। तूफानी शुरुआत के कारण राजस्थान की टीम पावरप्ले के 3.2 ओवर में 59 रन बनाने में कामयाब रही।
यशस्वी जायसवाल ने आखिरी तक की धुनाई, राजस्थान रॉयल्स ने बनाया 150 का स्कोर
वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल की जोड़ी पांच ओवर तक टिकी और इन दोनों ने 80 रन जोड़े। इस दौरान सूर्यवंशी ने 14 गेंदों में 39 रन बनाए, जिसमें एक चौका और पांच छक्के शामिल रहे। सूर्यवंशी के आउट होने के बाद, बल्लेबाजी करने आए ध्रुव जुरेल 2 रन ही बना पाए लेकिन जायसवाल ने अपना काउंटर अटैक जारी रखा और 23 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। इससे पहले पिछले मैच में भी उन्होंने अर्धशतकीय पारी खेली थी।
यशस्वी जायसवाल ने RR vs MI मैच में राजस्थान की पारी का मोर्चा आखिरी तक संभाले रखा और नाबाद लौटे। उनके बल्ले से 240.62 की स्ट्राइक रेट से 32 गेंदों में 77 रहे। इस दौरान बाएं हाथ के ओपनर ने 10 चौके और चार छक्के भी लगाए। कप्तान रियान पराग ने भी 10 गेंदों में 20 रनों की पारी खेली। वहीं, शिमरोन हेटमायर के बल्ले से 7 गेंदों में 6* रन ही आए। इस तरह राजस्थान की टीम एक मजबूत स्कोर तक पहुंचने में सफल रही। मुंबई इंडियंस की तरफ से एएम गजनफर ने सबसे ज्यादा दो विकेट लिए।
RR vs MI मैच में रन चेज के दौरान मुंबई इंडियंस का शुरूआती ओवरों में ही बुरा हाल
लक्ष्य का पीछा करते हुए RR vs MI मैच में मुंबई इंडियंस को धमाकेदार शुरुआत की जरूरत थी लेकिन पहले ही ओवर से विकेटों के गिरने का सिलसिला शुरू हो गया। सबसे पहले रयान रिकेलटन आउट हुए, जिन्होंने सिर्फ 8 रन बनाए। नंबर 3 पर आए सूर्यकुमार यादव को भी ज्यादा देर टिकने का मौका नहीं मिला और उनकी पारी 6 के निजी स्कोर पर समाप्त हो गई। अनुभवी रोहित शर्मा से धमाकेदार पारी की आस थी लेकिन वह सिर्फ 5 रन ही बना पाए। इस तरह मुंबई की टीम ने तीन ओवर के अंदर ही 22 के स्कोर तक अपने तीन विकेट गंवा दिए।
इसके बाद, पांचवें ओवर में भी मुंबई इंडियंस को दो बड़े झटके लगे। सबसे पहले कप्तान हार्दिक पांड्या आउट हुए, जिन्होंने 6 गेंदों में 9 रन बनाए। तिलक वर्मा भी 10 गेंदों में 14 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इस तरह एमआई ने 46 के स्कोर पर पांचवां विकेट गंवा दिया।
धीर-रदरफोर्ड का प्रयास नहीं आया काम, मुंबई इंडियंस को RR vs MI मैच में मिली हार
आधी टीम के पवेलियन लौट जाने से मुंबई इंडियंस की हार पक्की हो गई थी लेकिन फिर नमन धीर और शेरफेन रदरफोर्ड ने तेजी से रन बटोरकर मैच में वापसी का प्रयास किया। धीर ने 13 गेंदों में 25 और रदरफोर्ड ने 8 गेंदों में 25 रन बनाए। हालांकि, इन दोनों के आउट होने के बाद जीत की सभी उम्मीदें समाप्त हो गईं और पूरे ओवर खेलने के बाद भी मुंबई की टीम लक्ष्य तक नहीं पहुंच पाई। राजस्थान रॉयल्स की तरफ से नांद्रे बर्गर, संदीप शर्मा और रवि बिश्नोई ने दो-दो विकेट लिए।
FAQs
IPL 2026 के 13वें मैच में राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस को कितने रनों से हराया?
बारिश के कारण RR vs MI मैच कितने-कितने ओवर का हुआ?
यह भी पढ़ें: RCB खिलाड़ी के लिए दिनेश कार्तिक ने उठाई आवाज, भारतीय चयनकर्ताओं से बोले ”उसे तीनों फॉर्मेट में मौका दो…”