BCCI Cricketer of the Year Award: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत ने जबरदस्त प्रदर्शन के दम पर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। इस खिताबी जीत का जश्न अभी मनाया ही जा रहा है, इस बीच 15 मार्च को भारतीय क्रिकेट के इतिहास में एक खास शाम का होने जा रही है, क्योंकि उस दिन बीसीसीआई द्वारा वार्षिक नमन अवार्ड्स का आयोजन होगा। यह समारोह भारतीय क्रिकेट के शानदार प्रदर्शन, योगदान और उपलब्धियों को पहचानने का सबसे बड़ा मंच होता है।
इस अवार्ड्स समारोह में खिलाड़ियों को BCCI द्वारा सबसे बड़ा अवॉर्ड क्रिकेटर ऑफ द ईयर का दिया जाता है। काफी सारे फैंस को लग रहा था कि इस अवॉर्ड के लिए जसप्रीत बुमराह या फिर संजू सैमसन को चुना जा सकता है लेकिन अब किसी और का नाम सामने आ रहा है।
क्रिकेटर ऑफ द ईयर के लिए BCCI की पसंद का हुआ खुलासा

BCCI हर साल अवार्ड्स समारोह का आयोजन करता है और इसमें पिछले साल के प्रदर्शन के आधार पर खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाता है। यानी इस साल 2025 में जबरदस्त प्रदर्शन करने वाले प्लेयर्स को अवॉर्ड दिए जाएंगे। क्रिकेटर ऑफ द ईयर के लिए शुभमन गिल का नाम सबसे आगे बताया जा रहा है, जो टेस्ट और वनडे में कप्तान भी हैं। गिल का प्रदर्शन टी20आई में उतना खास नहीं रहा, लेकिन अन्य दो फॉर्मेट में उन्होंने काफी अच्छा किया।
मीडिया रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि BCCI द्वारा क्रिकेटर ऑफ द ईयर शुभमन गिल को ही चुना जाएगा। गिल ने पिछले साल टेस्ट में सबसे ज्यादा रन बनाए। उन्होंने 9 मैचों में 70.21 की औसत से 983 रन बनाए। इसमें से 700 से ज्यादा रन इंग्लैंड दौरे पर खेली गई टेस्ट सीरीज के दौरान आए थे। वहीं, वनडे में गिल ने 11 मैचों में 49 की औसत से 490 रन बनाए।
BCCI राहुल द्रविड़ को भी करेगी सम्मानित
पूर्व भारतीय कप्तान और हेड कोच रह चुके राहुल द्रविड़ को भी BCCI उनके योगदान के लिए सम्मानित करेगा। बीसीसीआई के वार्षिक नमन पुरस्कार समारोह में कर्नल सीके नायडू लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। द्रविड़ ने एक खिलाड़ी के तौर पर भारतीय क्रिकेट में जबरदस्त योगदान दिया और दीवार की तरह गेंदबाजों क सामने डटे रहे। उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में 24208 रन बनाए, जिसमें 48 शतक और 106 अर्धशतक शामिल रहे।
2012 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद, राहुल द्रविड़ ने पहले कमेंट्री का काम संभाला और फिर कोचिंग में आ गए। बाद में उन्होंने भारतीय अंडर-19 टीम की कमान संभाली और शुभमन गिल और पृथ्वी शॉ जैसे खिलाड़ियों से सजी टीम के साथ 2018 अंडर-19 वर्ल्ड कप का खिताब जीता। इस दौरान उन्होंने इंडिया ए के साथ भी मिलकर काम किया।
साल 2021 में राहुल द्रविड़ को BCCI ने टीम इंडिया का हेड कोच बना दिया। उनकी कोचिंग में भारत ने 2024 टी20 वर्ल्ड कप खिताब जीता। वहीं, 2023 में वनडे वर्ल्ड कप का फाइनल खेला, जिसमें उसे ऑस्ट्रेलिया के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।
आयुष म्हात्रे को मिलेगा ये खास अवॉर्ड
मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी बताया जा रहा है कि हाल ही में अंडर-19 टीम की कप्तानी करने वाले मुंबई के आयुष म्हात्रे को लाला अमरनाथ अवॉर्ड दिया जाएगा, जो डोमेस्टिक लिमिटेड ओवर्स क्रिकेट में बेस्ट ऑलराउंडर के लिए है। इसके अलावा, पूर्व भारतीय कप्तान मिताली राज को लाइफटाइम अवॉर्ड देने की भी योजना है। इसी बीच, मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन को घरेलू क्रिकेट में सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट एसोसिएशन के रूप में सम्मानित किया जाएगा।
FAQs
BCCI के अवार्ड्स समारोह में क्रिकेटर ऑफ द ईयर किसे चुना जाएगा?
राहुल द्रविड़ को किस अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा?
यह भी पढ़ें: इस हरकत से विवादों में आए Hardik Pandya, तिरंगे का अपमान करते हुए VIDEO हुआ तेजी से वायरल