Sourav Ganguly : भारतीय क्रिकेट में घरेलू सर्किट से लगातार नए सितारे उभरते रहे हैं, लेकिन कुछ खिलाड़ी अपने प्रदर्शन से अलग ही छाप छोड़ते हैं। जम्मू और कश्मीर के इस तेज़ गेंदबाज़ ने मौजूदा घरेलू सीज़न में कुछ ऐसा ही कर दिखाया है।
रणजी ट्रॉफी में उनके शानदार प्रदर्शन ने न सिर्फ चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा है, बल्कि भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली (Sourav Ganguly) ने भी खुलकर उनके समर्थन में आवाज़ उठाई है। गांगुली का मानना है कि नबी अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के लिए तैयार हैं और उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ आगामी सीरीज़ में मौका मिलना चाहिए।
रणजी ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन

यह खिलाड़ी कोई और नहीं बल्कि जम्मू और कश्मीर के तेज़ गेंदबाज़ औकिब नबी हैं। औकिब नबी ने रणजी ट्रॉफी के इस सीज़न में 60 विकेट लेकर तहलका मचा दिया है। उनकी गेंदबाजी में रफ्तार, सटीक लाइन-लेंथ और अनुशासन साफ़ नज़र आए हैं। जम्मू और कश्मीर की टीम को फाइनल तक पहुंचाने में उनकी भूमिका बेहद अहम रही है।
कर्नाटक के खिलाफ खिताबी मुकाबले में भी उन्होंने पहली पारी में पांच विकेट लेकर टीम को 291 रन की मजबूत बढ़त दिलाने में बड़ा योगदान दिया। यह प्रदर्शन दिखाता है कि वह बड़े मैचों में भी दबाव झेलने की क्षमता रखते हैं।
बड़े बल्लेबाज़ों को किया परेशान
नबी की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि उन्होंने घरेलू क्रिकेट के नामी बल्लेबाज़ों को भी अपनी गेंदबाज़ी से परेशान किया। केएल राहुल, करुण नायर, मयंक अग्रवाल और स्मरण रविचंद्रन जैसे स्थापित खिलाड़ियों के विकेट लेकर उन्होंने अपनी क्वालिटी साबित की।
उनकी गेंद सीम और स्विंग दोनों का अच्छा उपयोग करती है, जिससे बल्लेबाज़ों के लिए उन्हें खेलना आसान नहीं रहा। लगातार दो सीज़न से दमदार प्रदर्शन कर रहे 29 वर्षीय इस गेंदबाज़ ने दिखा दिया है कि मेहनत और धैर्य से रास्ता बनाया जा सकता है।
Sourav Ganguly का खुला समर्थन
सौरव गांगुली (Sourav Ganguly) ने सोशल मीडिया पर औकिब नबी की जमकर तारीफ की और उन्हें टीम इंडिया में मौका देने की मांग की। गांगुली ने कहा कि जम्मू और कश्मीर की टीम ने साबित किया है कि मजबूत इरादा और कोशिश से किसी भी मुश्किल माहौल को पार किया जा सकता है।
उन्होंने साफ तौर पर लिखा कि नबी नेशनल टीम की ओर बढ़ रहे हैं और इंग्लैंड सीरीज़ से उन्हें शुरुआत करनी चाहिए। गांगुली ने अपनी पोस्ट में बीसीसीआई और चयनकर्ताओं को टैग कर यह संकेत दिया कि अब इस तेज़ गेंदबाज़ को बड़ा मंच मिलना चाहिए।
J&K has shown the world what effort and intent can do ..They have made that region so proud of them .. tuff environment makes tuff people. Aqib nabi on his way to national colours .. england is the place to start in the summer @bcci @imAagarkar @lonsaikia
— Sourav Ganguly (@SGanguly99) February 27, 2026
आईपीएल में मिलेगा बड़ा मंच
अंतरराष्ट्रीय चयन भले ही भविष्य की बात हो, लेकिन औकिब नबी के पास खुद को साबित करने का एक और बड़ा मौका है। आईपीएल ऑक्शन में दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें 8.4 करोड़ रुपये में खरीदा है, जो उनके टैलेंट पर फ्रेंचाइज़ी के भरोसे को दिखाता है।
आईपीएल में अगर वह अपनी फॉर्म बरकरार रखते हैं, तो टीम इंडिया के दरवाज़े उनके लिए और तेजी से खुल सकते हैं। घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन, बड़े खिलाड़ियों के खिलाफ सफलता और अब आईपीएल का मंच, यह सब मिलकर नबी के करियर को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकता है।
ये भी पढ़े : भारत vs वेस्टइंडीज T20 हेड-टू-हेड: क्रिकेट की रोमांचक प्रतिद्वंद्विता के आंकड़े, देखें किसने जीते ज्यादा मैच