SRH vs RR: आईपीएल 2026 के 21वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने राजस्थान रॉयल्स को हराकर वो कर दिखाया, जो अभी तक CSK, MI और RCB जैसी बड़ी टीमें नहीं कर आई थीं। हैदराबाद के राजीव गाँधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए मैच में राजस्थान को मौजूदा सीजन की अपनी पहली हार का सामना करना पड़ा और हैदराबाद ने 57 रनों से मुकाबला अपने नाम किया।
SRH vs RR मैच में पहले खेलते हुए सनराइजर्स हैदराबाद ने 20 ओवर में 216/6 का स्कोर बनाया, जवाब में राजस्थान रॉयल्स ने बनाया। 19 ओवर में ऑल आउट होकर 159 का स्कोर बनाया।
SRH vs RR मुकाबले में नहीं चला अभिषेक-हेड का जादू, सस्ते में हुए आउट

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद को पहली ही गेंद पर बड़ा झटका लगा और अभिषेक शर्मा कैच आउट हो गए। इस तरह उन्हें अपना खाता खोलने का मौका भी नहीं मिला। इसके बाद, कप्तान ईशान किशन ने आकर मोर्चा संभाला और ट्रेविस हेड के साथ अर्धशतकीय साझेदारी करते हुए स्कोर को पावरप्ले खत्म होने तक 51 तक पहुंचा दिया।
हालांकि, SRH vs RR मुकाबले में पावरप्ले खत्म होते ही सनराइजर्स हैदराबाद को दूसरा झटका लग गया और हेड भी चलते बने। उनके बल्ले से 18 गेंदों में 18 रनों की पारी आई। इस तरह हैदराबाद के लिए पिछले मैच में जबरदस्त बल्लेबाजी करने वाले दोनों ओपनर फ्लॉप साबित हुए।
ईशान-क्लासेन की SRH vs RR मुकाबले में शतकीय साझेदारी
सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान ईशान किशन काफी अच्छी लय में बल्लेबाजी करते नजर आए और उन्होंने 30 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वहीं, हैदराबाद की टीम ने 11वें ओवर में 100 का आंकड़ा पार किया। किशन ने फिफ्टी पूरी करने के बाद भी धमाकेदार अंदाज में खेलना जारी रखा और लगा कि उनके बल्ले से शतक देखने को मिलेगा लेकिन ऐसा नहीं और 143 के स्कोर पर चलते बने।
ईशान ने 44 गेंदों में आठ चौकों और छह छक्कों की मदद से 91 रनों की पारी खेली और तीसरे विकेट के लिए हेनरिक क्लासेन के साथ 39 गेंदों में 88 रन जोड़े। क्लासेन ने भी अच्छी पारी खेली और 26 गेंदों में 40 रन बनाए। उनका विकेट 16वें ओवर में 162 के स्कोर पर गिरा।
नीतीश-सलिल की जोड़ी ने पारी को अच्छे से किया फिनिश
SRH vs RR मैच में हैदराबाद की पारी के आखिरी चार ओवर से पहले ईशान और क्लासेन दोनों ही आउट हो गए। इससे पारी को अच्छे से समाप्त करने की जिम्मेदारी नीतीश कुमार रेड्डी और सलिल अरोड़ा पर आ गई। इन दोनों ने तेजी से 16 गेंदों में 33 रन जोड़े और स्कोर को 200 के करीब ले गए। नीतीश ने 13 गेंदों में 28 रन बनाए। सलिल ने भी 13 गेंदों का सामना किया और 24 रनों की नाबाद पारी खेलते हुए 216 तक पहुंचाने में अहम रोल निभाया। राजस्थान रॉयल्स की तरफ से जोफ्रा आर्चर ने सबसे ज्यादा दो विकेट लिए।
राजस्थान रॉयल्स का पहले ही ओवर में बुरा हाल, हिंगे ने बरपाया कहर
लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत बुरे सपने से भी खराब रही और इसका पूरा श्रेय डेब्यूटांट प्रफुल हिंगे को जाता है। हिंगे ने पारी के पहले ओवर में एक रन दिया, लेकिन इसके बाद तीन बड़े विकेट अपने नाम किए। दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने सबसे पहले वैभव सूर्यवंशी को कैच आउट कराया, जो अपना खाता भी नहीं खोल पाए और गोल्डन बनाकर आउट हो गए।
इसके बाद, ओवर की चौथी गेंद पर ध्रुव जुरेल भी चले बने। उन्होंने दो गेंदों का सामना किया, लेकिन एक भी रन नहीं बनाया। ऐसा ही हाल लहुआन-ड्रे प्रेटोरियस का रहा, जो दो गेंदों का ही सामना कर पाए और ओवर की अंतिम बॉल पर आउट हो गए। इस तरह SRH vs RR मैच में राजस्थान को अपनी पारी के पहले ओवर में ही तीन विकेट गंवाने पड़े।
हिंगे और साकिब ने पहले तीन ओवर में RR की आधी टीम को किया आउट, फिर भी बने 40 रन
SRH vs RR मैच में राजस्थान रॉयल्स को चौथा झटका अपनी पारी के दूसरे ओवर में लगा और यशस्वी जायसवाल भी आउट हो गए। उन्होंने 5 गेंदों में 1 रन बनाया और दूसरे डेब्यूटांट साकिब हुसैन का शिकार बने। इसके बाद, अपना दूसरा ओवर डालने आए हिंगे ने राजस्थान टीम के कप्तान रियान पराग को आउट किया, जो 4 रन ही बना सके।
इस तरह आरआर का स्कोर तीन ओवर के बाद 5 विकेट के नुकसान पर 9 रन हो गया। हालांकि, फिर डोनोवन फरेरा और रवींद्र जडेजा ने पावरप्ले के शेष तीन ओवर में बिना नुकसान के 31 रन जोड़े और पहले छह ओवर में कुल 40 रन बने।
फरेरा और जडेजा की शतकीय साझेदारी बेकार, राजस्थान की हार टालने में रहे नाकाम
SRH vs RR मैच में राजस्थान रॉयल्स आधी टीम के आउट हो जाने से दबाव में थी लेकिन डोनोवन फरेरा ने खुलकर बल्लेबाजी की और उनका बेहतरीन तरीके से रवींद्र जडेजा ने भी साथ दिया। इन दोनों ने स्कोर को 100 के पार पहुंचाया और 72 गेंदों में 118 रनों की साझेदारी की। फरेरा ने 31 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और 44 गेंदों में 69 रनों की पारी खेली। जडेजा फिफ्टी नहीं पूरी कर पाए और पहले ही 32 गेंदों में 45 रन बनाकर आउट हो गए।
आखिरी में तुषार देशपांडे ने 11 गेंदों में 25 रन बनाकर हार का अंतर काम किया लेकिन फिर वह भी 19वें ओवर में आउट हो गए और राजस्थान रॉयल्स की पारी समाप्त हो गई। सनराइजर्स हैदराबाद की गेंदबाजी के हीरो दोनों डेब्यूटांट प्रफुल हिंगे और साकिब हुसैन रहे, जिन्होंने सबसे ज्यादा चार-चार विकेट लिए।