Suryakumar Yadav : टी20 वर्ल्ड कप 2026 समाप्त हो चुका है और एकतरफ़ा फाइनल में भारत ने न्यूज़ीलैंड को 96 रनों से हराकर अपना तीसरा टी20 खिताब अपने नाम किया। टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) ने अपने संन्यास और अपनी भविष्य की योजना को लेकर बड़ा बयान दिया है। लगातार शानदार प्रदर्शन और आईसीसी ट्रॉफी जीतने के बाद उनके रिटायरमेंट को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं, लेकिन अब खुद कप्तान ने सामने आकर स्थिति साफ कर दी है।
हालिया टूर्नामेंट में ऐतिहासिक जीत के बाद उन्होंने न सिर्फ टीम की सफलता का श्रेय साथियों को दिया, बल्कि यह भी बताया कि उनका इंटरनेशनल करियर अभी खत्म होने वाला नहीं है। उनके बयान ने फैंस को बड़ी राहत दी है, जो उन्हें लंबे समय तक भारत की जर्सी में खेलते देखना चाहते हैं।
रोहित के बाद संभाली कमान, लगातार दिलाई जीत

टी20 वर्ल्ड कप के बाद जब रोहित शर्मा ने टी20 इंटरनेशनल से संन्यास की घोषणा की, तब टीम की कमान सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) को सौंपी गई। कप्तानी संभालते ही उन्होंने आक्रामक सोच और निडर रणनीति से टीम इंडिया की दिशा बदल दी। उनकी लीडरशिप में भारत ने एक भी सीरीज़ नहीं गंवाई और आठ बाइलेटरल सीरीज़ अपने नाम कीं।
इतना ही नहीं, वर्ल्ड कप से पहले एशिया कप जीतकर टीम ने अपने इरादे भी साफ कर दिए थे। घरेलू परिस्थितियों में खेले गए बड़े टूर्नामेंट में भारत शुरू से ही खिताब का प्रबल दावेदार नजर आया।
अहमदाबाद में ऐतिहासिक जीत, कप्तान का भावुक बयान
फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूज़ीलैंड क्रिकेट टीम को एकतरफा अंदाज़ में हराया। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए मैच में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 255/5 का विशाल स्कोर खड़ा किया और फिर कीवी टीम को 159 रन पर समेटकर 96 रन से जीत दर्ज की।
मैच के बाद सूर्यकुमार ने कहा कि इस उपलब्धि को समझने में थोड़ा समय लगेगा। उन्होंने माना कि 2024 वर्ल्ड कप के बाद से टीम ने लगातार अच्छी क्रिकेट खेली है और उसी लय को बरकरार रखना उनकी प्राथमिकता थी। उन्होंने मैनेजमेंट और सीनियर खिलाड़ियों के भरोसे को अपनी ताकत बताया।
साथियों पर भरोसा बना सबसे बड़ी ताकत
कप्तान ने साफ कहा कि उनकी सोच खिलाड़ियों पर भरोसा रखने की रही है। उन्होंने माना कि टीम में कई मैच विनर मौजूद हैं जिन्हें सिर्फ सही मौके की जरूरत थी। फाइनल में अहम योगदान देने वाले संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा की जमकर तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि टीम को पहले से भरोसा था कि ये खिलाड़ी बड़े मंच पर कमाल करेंगे।
गेंदबाज़ी में जसप्रीत बुमराह ने चार ओवर में सिर्फ 15 रन देकर चार विकेट लिए और मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। सूर्यकुमार ने उन्हें ‘नेशनल ट्रेजर’ बताते हुए दुनिया का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज़ कहा।
संन्यास पर विराम, भविष्य के बड़े लक्ष्य तय
रिटायरमेंट की अटकलों पर विराम लगाते हुए सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) ने साफ कहा कि उनका अगला लक्ष्य और भी बड़ा है। उन्होंने ऐलान किया कि वह 2028 में ओलंपिक खेल में गोल्ड मेडल जीतना चाहते हैं और उसी साल टी20 वर्ल्ड कप का खिताब डिफेंड करना भी उनकी प्राथमिकता है। इस बयान के साथ उन्होंने अपने इंटरनेशनल भविष्य को लेकर सभी शंकाएं खत्म कर दीं।
उन्होंने कहा कि पिछले दो सालों का सफर अविश्वसनीय रहा है और इस टीम को लीड करना उनके लिए गर्व की बात है। कप्तान ने यह भी याद किया कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वर्ल्ड कप फाइनल में लिया गया उनका कैच उनकी जिंदगी का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ, जिसके बाद उन्हें यकीन हो गया था कि यह टीम इतिहास रच सकती है।
ये भी पढ़ें : ‘सब उनकी वजह से….’ संजू सैमसन के पिता कोच गंभीर को भूले, इन्हें दे डाला बेटे की सफलता का पूरा श्रेय