Team India Semi Final Equation : टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत ने ज़िम्बाब्वे को 72 रनों से हराकर शानदार जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाज़ी करते हुए भारतीय टीम ने 4 विकेट के नुकसान पर 254 रन बनाए। जवाब में ज़िम्बाब्वे की टीम ने संघर्ष तो किया, लेकिन वह 184 रन ही बना सकी।
इस जीत के साथ ही भारत (Team India) ने सेमीफाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को ज़िंदा रखा है। अब टीम इंडिया का अगला मुकाबला वेस्टइंडीज के खिलाफ “करो या मरो” मैच होगा। यह मुकाबला 1 मार्च को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला जाएगा।
इस मुकाबले में जीतने वाली टीम सीधे सेमीफाइनल में प्रवेश करेगी। लेकिन ज़िम्बाब्वे पर जीत दर्ज करने के बावजूद टीम इंडिया (Team India) की स्थिति अभी भी पूरी तरह सुरक्षित नहीं है। वह अंक तालिका और नेट रन रेट के गणित पर निर्भर है।
अगर समीकरण उसके खिलाफ जाता है, तो भारत टूर्नामेंट से बाहर भी हो सकता है। आइए जानते हैं क्या है पूरा गणित और किस स्थिति में कौन सी टीम सेमीफाइनल में पहुंचेगी।
इस गणित से Team India होगी बाहर

कल खेले गए मुकाबले में वेस्टइंडीज को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा, जबकि भारत ने ज़िम्बाब्वे को हराकर अपनी उम्मीदें जिंदा रखीं। इन नतीजों के बाद अब समीकरण पूरी तरह साफ हो गया है।
1 मार्च को भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाला मुकाबला एक तरह से वर्चुअल क्वार्टरफाइनल बन चुका है। जो भी टीम यह मैच जीतेगी, वही सीधे सेमीफाइनल में जगह बनाएगी।
ऐसे में दोनों टीमों के लिए यह मुकाबला करो या मरो जैसा है, क्योंकि हारने वाली टीम का सफर यहीं खत्म हो जाएगा।
क्या बारिश बनेगी टीम इंडिया के लिए सबसे बड़ी बाधा?
अगर भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाला मुकाबला बारिश की वजह से रद्द हो जाता है, तो दोनों टीमों को एक-एक अंक मिलेगा। ऐसे में फैसला नेट रन रेट के आधार पर होगा।
फिलहाल वेस्टइंडीज का नेट रन रेट +1.791 है, जबकि भारत का नेट रन रेट -0.100 है। नेट रन रेट के मामले में वेस्टइंडीज भारत से काफी आगे है। यानी अगर मैच बेनतीजा रहता है, तो बेहतर नेट रन रेट के दम पर वेस्टइंडीज सेमीफाइनल में जगह बना लेगी, जबकि भारत का सफर यहीं खत्म हो जाएगा।
ये भी पढ़ें: अब करो या मरो मुकाबला! वेस्टइंडीज को अगर इतने रन से हराएगा भारत, अब तब ही पहुंच पायेगा सेमीफाइनल