Indian player ratings for T20 World Cup 2026: भारत ने श्रीलंका के साथ संयुक्त मेजबानी में आयोजित हुए आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को एकतरफा अंदाज में 96 रनों से मात दी और लगातार दो बार टूर्नामेंट जीतने वाली पहली टीम बन गई।
पूरे T20 World Cup में भारत के कई खिलाड़ियों का जबरदस्त प्रदर्शन देखने को मिला तो कुछ ने निराश भी किया। इस लेख में हम टूर्नामेंट में किए गए प्रदर्शन के आधार पर खिलाड़ियों को 10 में रेटिंग देने वाले हैं।
T20 World Cup 2026 में जानिए टीम इंडिया का रिपोर्ट कार्ड

7 फरवरी से 8 मार्च तक खेले गए T20 World Cup 2026 में भारत ने बहुत ही शानदार प्रदर्शन किया और तीसरी बार ट्रॉफी जीतने वाली पहली टीम भी बन गई। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया का प्रदर्शन काफी अच्छा रहा, जिसमें कई खिलाड़ियों ने अहम भूमिका निभाई। तो चलिए जानते हैं की पूरे टूर्नामेंट के प्रदर्शन के आधार पर भारतीय खिलाड़ियों को 10 में से कितने अंक मिले।
संजू सैमसन – 9/10
टी20 वर्ल्ड कप 2026 संजू सैमसन के करियर के लिए बहुत ही फायदे का सौदा साबित हुआ और केरल के इस खिलाड़ी ने अपने प्रदर्शन से आलोचकों के मुंह पर ताला लगा दिया। संजू ने फाइनल और सेमीफाइनल समेत आखिरी तीन मैचों में अर्धशतक जड़े और पूरे टूर्नामेंट में पांच मैच खेलते हुए 321 रन बनाए। इसी वजह से उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी चुना गया।
अभिषेक शर्मा – 4.5/10
धाकड़ ओपनर अभिषेक शर्मा के लिए T20 World Cup 2026 कुछ खास नहीं रहा, क्योंकि ज्यादातर मैचों में वो फ्लॉप ही रहे। शुरुआती तीन मैचों में तो अभिषेक खाता भी नहीं खोल पाए। इसके बाद, सिर्फ जिम्बाब्वे के खिलाफ अर्धशतकीय पारी खेली लेकिन सुपर-8 के शेष दो मैचों और सेमीफाइनल में निराश किया। हालांकि, फाइनल में अभिषेक का बल्ला चला और उन्होंने 52 रनों की तूफानी पारी खेल टीम को तेज शुरुआत दिलाई। पूरे टूर्नामेंट में अभिषेक ने 141 रन ही बनाए।
ईशान किशन – 8.5/10
बाएं हाथ के बल्लेबाज ईशान किशन टी20 वर्ल्ड कप के हालिया संस्करण में उन चुनिंदा चार बल्लेबाजों में शामिल रहे, जिन्होंने टूर्नामेंट में 300 या उससे ज्यादा रन बनाए। किशन ने 193.29 की स्ट्राइक रेट से 317 रन बनाए। इस दौरान फाइनल में 54 रनों की तेजतर्रार पारी भी शामिल है।
सूर्यकुमार यादव – 6/10
टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 242 रन बनाए और तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय खिलाड़ी रहे। हालांकि, बड़े मैचों में सूर्यकुमार का बल्ला उम्मीद के मुताबिक नहीं चला। वहीं, फाइनल में वो अपना खाता भी नहीं खोल पाए। कप्तानी के मामले में सूर्यकुमार ने कुछ अच्छे फैसले लिए। उनकी बल्लेबाजी और कप्तानी को देखते हुए 6 नंबर दिए गए हैं।
तिलक वर्मा – 6.5/10
तिलक वर्मा शुरूआती कुछ मैचों में ज्यादा अच्छा नहीं कर पाए और उन्हें ड्रॉप किए जाने की भी मांग हुई। हालांकि, फिर तिलक को मिडिल ऑर्डर में शिफ्ट कर दिया गया और वहां पर उन्होंने कुछ जबरदस्त पारियां खेलीं। उन्होंने टूर्नामेंट का समापन 154.47 की स्ट्राइक रेट से 207 रन बनाकर किया।
हार्दिक पांड्या – 8/10
स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या एक बार फिर से अच्छा करने में कामयाब रहे और उन्होंने बल्ले व गेंद से अहम भूमिका निभाई। हालांकि, बल्ले के साथ कुछ मैचों में वो तेजी से रन नहीं बना पाए। वहीं, गेंदबाजी में कई बार उनकी धुनाई भी हुई। इसके बावजूद उनके प्रदर्शन को कम नहीं आंका जा सकता है। हार्दिक ने बल्ले से 217 रन बनाए और 9 विकेट भी लिए।
शिवम दुबे – 8.5/10
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शिवम दुबे का रोल बहुत ही अहम रहा। दुबे ने लगातार बल्ले से तेजी से रन बनाए और जरूरत पड़ने पर विकेट भी निकाले। उन्होंने आखिरी के ओवरों में अपने बल्ले का दम दिखाकर कई मैचों में भारत के स्कोर को बड़ा किया। दुबे ने बल्ले से 169.06 की स्ट्राइक रेट से 235 रन बनाए और गेंदबाजी में 5 विकेट भी लिए।
अक्षर पटेल – 8/10
अक्षर पटेल को टी20 वर्ल्ड कप 2026 में बल्लेबाजी के कम ही मौके मिले लेकिन उन्होंने गेंदबाजी में काफी अच्छा किया। अक्षर ने कई मौकों पर अहम समय पर विकेट निकाले और भारत को मुश्किलों से निकाला। अक्षर के खाते में 11 विकेट आए। इसके अलावा फील्डिंग में अक्षर ने पूरा योगदान दिया और कुछ बेहतरीन कैच लपके।
वरुण चक्रवर्ती – 7/10
मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने T20 World Cup 2026 में टीम इंडिया के शुरूआती मैचों में काफी अच्छा किया लेकिन सुपर-8 के बाद उनका प्रदर्शन उतना अच्छा नहीं रहा। वरुण को विकेट तो मिले लेकिन उन्होंने रन भी काफी लुटाए। इसके बावजूद वह टूर्नामेंट में भारत के लिए संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे। उन्होंने अपने नाम 14 विकेट किए।
जसप्रीत बुमराह – 9/10
तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने भारत के लिए टी20 वर्ल्ड कप 2026 में वरुण चक्रवर्ती के बराबर ही 14 विकेट लिए लेकिन उन्होंने बल्लेबाजों को रनों के लिए काफी तरसाया। इसके अलावा फाइनल में भी बुमराह ने कहर बरपाया और 4 विकेट अपने नाम किए।
अर्शदीप सिंह – 8/10
जसप्रीत बुमराह के जोड़ीदार के रूप में अर्शदीप सिंह का प्रदर्शन भी काफी शानदार रहा। उन्होंने नई गेंद के साथ-साथ डेथ ओवरों में भी काफी अच्छी गेंदबाजी की। टूर्नामेंट में अर्शदीप ने 9 विकेट लिए।
रिंकू सिंह – 5/10
T20 World Cup 2026 में रिंकू सिंह को पहले पांच मैचों में भारत ने खिलाया लेकिन इसमें उन्होंने सिर्फ 24 रन ही बनाए। टूर्नामेंट के बीच उन्हें निजी जिंदगी में उन्हें दुखों का सामना भी करना पड़ा, क्योंकि उनके पिता का निधन हो गया था। इसके बावजूद, रिंकू ने अंतिम क्रिया में हिस्सा लेने के बाद वापस आकर टीम इंडिया को ज्वाइन किया और जरूरत पड़ने पर सब्स्टीट्यूट फील्डर के रूप में अपना योगदान दिया।
वाशिंगटन सुंदर – 2/10
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के लिए सबसे ज्यादा निराशाजनक प्रदर्शन स्पिन ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर का रहा, जो न तो बल्ले से कमाल कर पाए और न ही गेंद से। सुंदर ने दो मैचों में एक भी विकेट नहीं लिया और बल्लेबाजी में सिर्फ 11 रन बनाए।
कुलदीप यादव – 6/10
स्पिन गेंदबाज कुलदीप यादव को टूर्नामेंट में सिर्फ एक ही मैच खेलने को मिला, जो उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ ग्रुप स्टेज में खेला था। मुकाबले में कुलदीप ने तीन ओवर की गेंदबाजी में 14 रन दिए और एक विकेट भी लिया।
मोहम्मद सिराज – 6.5/10
हर्षित राणा के रिप्लेसमेंट के रूप में टीम इंडिया के स्क्वाड में शामिल किए गए मोहम्मद सिराज को टी20 वर्ल्ड कप 2026 में यूएसए के खिलाफ ही खेलने का मौका मिला, जिसमें उन्होंने तीन विकेट झटके थे। इस मैच में उन्हें बुमराह के उपलब्ध न होने की वजह से खिलाया गया था। हालांकि, बाद में बुमराह के वापस आने पर सिराज को लगातार बाहर ही बैठना पड़ा।
FAQs
भारत के किन दो खिलाड़ियों को रेटिंग में 9-9 अंक मिले?
यह भी पढ़ें: अगले 5 साल क्रिकेट के नाम, 8 ICC ट्रॉफी के लिए भिड़ेंगी टीमें, देखें कब और कहाँ होंगे मुकाबले