India’s Captain and Vice-Captain for Asian Games 2026: इस साल एशियन गेम्स का आयोजन भी होना है। एशिया का सबसे बड़ा मल्टी-स्पोर्ट इवेंट जापान के ऐची-नागोया में आयोजित होगा, जिसमें क्रिकेट को भी शामिल किया गया है। पिछली बार भी इस खेल को जगह मिली थी। भारत एक बार फिर गोल्ड मेडल की उम्मीदों के साथ उतरेगा। एशियन गेम्स का आयोजन 19 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 के बीच होगा।
हालांकि, Asian Games में क्रिकेट मुकाबलों की शुरुआत पहले हो जाएगी, जिससे फैंस को शुरुआती दिनों से ही रोमांच देखने को मिलेगा। इस बार का आयोजन हाई-टेक सुविधाओं और बेहतरीन इंफ्रास्ट्रक्चर के बीच होगा, जो खिलाड़ियों के प्रदर्शन को और बेहतर बनाने में मदद करेगा।
Asian Games 2026 में क्रिकेट के मुकाबलों की पूरी टाइमलाइन

क्रिकेट इवेंट की शुरुआत 17 सितंबर से होगी और फाइनल 3 अक्टूबर को खेला जाएगा। सभी मैच टी20 फॉर्मेट में होंगे, जिससे मुकाबले तेज और रोमांचक रहने की उम्मीद है। महिला क्रिकेट में 17 और 18 सितंबर को क्वार्टरफाइनल खेले जाएंगे, जबकि 20 सितंबर को सेमीफाइनल और 22 सितंबर को मेडल मुकाबले होंगे।
वहीं पुरुष क्रिकेट की शुरुआत 24 सितंबर से होगी, जहां 24 से 26 सितंबर तक क्वालिफाइंग मैच होंगे। इसके बाद 28 सितंबर को क्वार्टरफाइनल, 1 अक्टूबर को सेमीफाइनल और 3 अक्टूबर को गोल्ड मेडल मैच खेला जाएगा।
Asian Games के लिए टीम इंडिया की कप्तानी पर बड़ा फैसला
Asian Games 2026 को लेकर कुछ समय पहले मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया था कि भारत की नियमित T20 टीम के खिलाड़ियों को ही स्क्वाड में चुना जाएगा। इसी वजह से माना जा रहा था कि कप्तानी और उपकप्तानी में भी शायद कोई बदलाव न हो। कप्तान सूर्यकुमार यादव और उपकप्तान अक्षर पटेल बने रह सकते हैं लेकिन अब भारत का कार्यक्रम काफी व्यस्त हो गया है। इसी वजह से नियमित खिलाड़ियों को चुने जाने की उम्मीद कम ही है।
सूत्रों के मुताबिक, भारतीय टीम की कमान इस बार श्रेयस अय्यर को सौंपी जा सकती है। अय्यर ने पिछले कुछ समय में अपनी बल्लेबाजी और लीडरशिप से चयनकर्ताओं को काफी प्रभावित किया है। मिडिल ऑर्डर में उनकी स्थिरता और दबाव में खेलने की क्षमता उन्हें कप्तानी के लिए मजबूत विकल्प बनाती है। वहीं उपकप्तान के तौर पर रुतुराज गायकवाड़ का नाम लगभग तय माना जा रहा है। पिछली रुतुराज की कप्तानी में ही टीम इंडिया ने गोल्ड मेडल जीता था लेकिन इस बार उन्हें श्रेयस का डिप्टी नियुक्त किया जा सकता है।
युवा खिलाड़ियों पर रहेगा फोकस
बीसीसीआई Asian Games को भविष्य की टीम तैयार करने के रूप में देख रहा है। यही कारण है कि सीनियर खिलाड़ियों को आराम देकर युवा और उभरते खिलाड़ियों को मौका दिया जा सकता है। इससे टीम की बेंच स्ट्रेंथ मजबूत होगी और खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय अनुभव भी मिलेगा। युवा खिलाड़ियों में सबसे ज्यादा चर्चा वैभव सूर्यवंशी की है। ऐसे में अगर उनका चयन होता है तो फिर सभी की नजर 15 वर्षीय खिलाड़ी पर रहेगी। इसके अलावा आईपीएल के कुछ और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मौका दिया जा सकता है।
गोल्ड पर फिर भारत की नजर
अगर सब कुछ योजना के अनुसार रहा, तो श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम इंडिया एक बार फिर गोल्ड मेडल की प्रबल दावेदार होगी। वहीं रुतुराज गायकवाड़ का साथ टीम को और मजबूती देगा। अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या भारत अपना दबदबा कायम रखते हुए लगातार दूसरी बार एशियन गेम्स में गोल्ड जीत पाता है या नहीं।