Team India Qualification for T20 World Cup 2026 : टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 चरण में टीम इंडिया (Team India) के सामने हालात बेहद चुनौतीपूर्ण हो गए हैं। ज़िम्बाब्वे पर वेस्ट इंडीज़ की 107 रन की बड़ी जीत ने ग्रुप ए की तस्वीर पूरी तरह बदल दी है। इस नतीजे ने न केवल अंक तालिका को प्रभावित किया है, बल्कि भारत के सेमीफाइनल में पहुंचने की राह को भी कठिन बना दिया है।
साउथ अफ्रीका से 76 रन की हार के बाद भारत (Team India) का नेट रन रेट -3.800 पर पहुंच गया है, जो सुपर 8 जैसी प्रतिस्पर्धी स्टेज पर बेहद खराब माना जाता है। अब सिर्फ जीत काफी नहीं है, बल्कि बड़े अंतर से जीत ही टीम को आगे बढ़ा सकती है।
नेट रन रेट बना सबसे बड़ा सिरदर्द

सुपर 8 के इस ग्रुप में साउथ अफ्रीका और वेस्ट इंडीज़ ने अपने मुकाबले बड़े अंतर से जीतकर मजबूत स्थिति बना ली है। इसके उलट भारत को भारी हार का सामना करना पड़ा, जिससे नेट रन रेट में बड़ा नुकसान हुआ। मौजूदा स्थिति में अगर ग्रुप तीन टीमों के चार-चार अंकों पर खत्म होता है, तो सेमीफाइनल की टिकट नेट रन रेट के अंकों से तय होगी।
ऐसे में भारत को अपने बाकी दोनों मुकाबलों में सिर्फ जीत दर्ज करना काफी नहीं होगा। विशेषज्ञों के मुताबिक, टीम को कम से कम 70 से 80 रन के बड़े अंतर से जीत दर्ज करनी होगी या लक्ष्य का पीछा करते हुए 12 से 13 ओवर के भीतर मैच खत्म करना होगा। किसी भी तरह की मामूली जीत भारत को बाहर का रास्ता दिखा सकती है।
सेमीफाइनल की राह: क्या कहते हैं टीम इंडिया के क्वालिफिकेशन के समीकरण?
भारत को अब चेन्नई में ज़िम्बाब्वे और कोलकाता में वेस्ट इंडीज़ के खिलाफ अपने दोनों मुकाबले जीतने होंगे। लेकिन असली उम्मीद साउथ अफ्रीका के प्रदर्शन पर भी टिकी है। अगर प्रोटियाज़ अपनी लय बरकरार रखते हुए वेस्ट इंडीज़ और ज़िम्बाब्वे दोनों को हरा देते हैं, तो वे छह अंकों के साथ शीर्ष पर पहुंच जाएंगे।
उस स्थिति में दूसरे स्थान की दौड़ भारत और वेस्ट इंडीज़ के बीच सिमट जाएगी। अगर भारत अपने दोनों मैच जीत लेता है और वेस्ट इंडीज़ को साउथ अफ्रीका से हार मिलती है, तो अंक तालिका में स्थिति स्पष्ट हो सकती है। हालांकि यह सब नेट रन रेट पर भी निर्भर करेगा, क्योंकि भारत अभी काफी पीछे चल रहा है।
वेस्टइंडीज़ की फॉर्म ने बधाई Team India की चिंता
वेस्ट इंडीज़ ने जिस अंदाज में ज़िम्बाब्वे को हराया, उससे साफ है कि वे इस टूर्नामेंट में मजबूत दावेदार बनकर उभरे हैं। उनकी बल्लेबाजी आक्रामक है और गेंदबाजी संतुलित नजर आ रही है। ऐसे में भारत के लिए कोलकाता में होने वाला मुकाबला आसान नहीं होगा। टीम इंडिया को अपनी बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में असाधारण प्रदर्शन करना होगा।
शुरुआती झटकों से बचते हुए बड़े स्कोर खड़े करना और विपक्ष को कम रन पर रोकना ही एकमात्र रास्ता है। अब हर ओवर, हर रन और हर विकेट भारत के सेमीफाइनल की उम्मीदों से जुड़ा होगा। अगले दो मैच टीम इंडिया के लिए करो या मरो से भी बढ़कर साबित होने वाले हैं।
ये भी पढ़े : 2 मैच जीतकर भी टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी टीम इंडिया, अंकतालिका ने बिगाड़ा खेल