T20 World Cup 2026: भारत और श्रीलंका की मेजबानी में टी20 वर्ल्ड कप का 10वां संस्करण खेला जा रहा है। टूर्नामेंट में न्यूजीलैंड की टीम भी हिस्सा ले रही है, जिसका अभी तक सेमीफाइनल में स्थान पक्का नहीं हुआ है, क्योंकि उसे अपने आखिरी सुपर-8 मैच में इंग्लैंड से हार झेलनी पड़ी। अब अगर पाकिस्तान ने श्रीलंका के खिलाफ जरूरी समीकरण के हिसाब से जीत दर्ज कर ली तो न्यूजीलैंड की टीम बाहर हो जाएगी।
हालांकि, पाकिस्तान के लिए राह आसान नहीं है, क्योंकि उसे श्रीलंका को पहले बल्लेबाजी करने पर 64 रनों से हराना होगा। वहीं, अगर लक्ष्य का पीछा किया तो 13.1 ओवर में जीत हासिल करनी होगी। ऐसे में न्यूजीलैंड की नजर SL vs PAK मैच पर रहेगी। हालांकि, इस बीच न्यूजीलैंड के प्रमुख खिलाड़ी ने घर लौटने का फैसला किया है, जिसके पीछे अहम वजह सामने आई है।
T20 World Cup में इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबले के बाद वापस घर लौटा ये कीवी खिलाड़ी

न्यूजीलैंड ने इंग्लैंड के खिलाफ T20 World Cup 2026 का अपना आखिरी सुपर-8 मुकाबला 27 फरवरी को कोलंबो में खेला। अब उसका सफर आगे जारी रहेगा या नहीं, इसका फैसला श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच आज होने वाले मुकाबले के नतीजे पर निर्भर करेगा। इस बीच न्यूजीलैंड के प्रमुख तेज गेंदबाज मैट हेनरी घर वापस लौट गए हैं। इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबले से पहले ही जानकारी सामने आ गई थी कि हेनरी इस मैच के बाद वापस चले जाएंगे, क्योंकि वह दूसरी बार पिता बनने वाले हैं और उन्हें पितृत्व अवकाश दे दिया गया है।
न्यूजीलैंड के हेड कोच रॉब वालटर ने जानकारी देते हुए कहा,
“सबसे पहले, हम सभी मैट और होली (हेनरी की पत्नी) के दूसरे बच्चे के आगमन पर बहुत खुश हैं। यह उनके परिवार के लिए एक बहुत ही महत्वपूर्ण क्षण है और हम उन्हें शुभकामनाएं देते हैं।”
कीवी हेड कोच को उम्मीद है कि अगर उनकी टीम सेमीफाइनल में जगह बनाती है तो हेनरी वापस आ जाएंगे। उन्होंने कहा,
“अभी बहुत कुछ होना बाकी है, लेकिन हमें उम्मीद है कि टीम और मैट के लिए सब कुछ ठीक हो जाएगा और हम उन्हें प्रतियोगिता के अंतिम चरणों में खेलते हुए देखेंगे।”
बता दें कि मौजूदा टी20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup) में यह पहला मौका नहीं है, जब न्यूजीलैंड का कोई खिलाड़ी पितृत्व अवकाश की वजह से बीच टूर्नामेंट अपने घर गया हो। इससे पहले ग्रुप स्टेज के दौरान तेज गेंदबाज लोकी फर्ग्यूसन भी वापस गए थे, क्योंकि उनके पहले बच्चे का जन्म होने वाला था। इसी वजह से वो कनाडा के खिलाफ मुकाबला नहीं खेल पाए थे लेकिन फिर सुपर-8 राउंड के लिए वापस टीम से जुड़ गए थे।
मैट हेनरी का T20 World Cup 2026 में गेंदबाजी प्रदर्शन
न्यूजीलैंड के गेंदबाजी विभाग में मैट हेनरी बहुत ही अहम खिलाड़ी हैं और वो तीनों ही फॉर्मेट में नियमित रूप से खेलते हैं। हेनरी को T20 World Cup 2026 में बहुत ज्यादा विकेट नहीं मिले लेकिन उन्होंने कसी हुई गेंदबाजी से बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। इस गेंदबाज ने टूर्नामेंट में खेले 7 मैचों में 21.71 की औसत से 7 विकेट अपने नाम किए। वहीं, रन देने के मामले में उनका इकॉनमी रेट 7.41 का रहा है, जो काफी अच्छा कहा जा सकता है।
FAQs
न्यूजीलैंड के किस खिलाड़ी को बच्चे के जन्म के कारण इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबले के बाद घर जाना पड़ा है?
न्यूजीलैंड को सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए किस मुकाबले के नतीजे पर निर्भर रहना है?
यह भी पढ़ें: दिग्गज के बयान ने किया साफ़, टी20 वर्ल्ड कप हारते ही गौतम गंभीर की होगी कोचिंग पद से छुट्टी